कन्नौज में पिकनिक से लौट रहे बच्चों की बस को ट्रक ने मारी टक्कर 4 की मौत, 35 घायल

कन्नौज। उत्तर प्रदेश के कन्नौज जिले में मंगलवार सुबह एक हादसे ने कई परिवारों की खुशियां छीन लीं। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर बच्चों से भरी एक स्कूल बस को पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का पिछला हिस्सा बुरी तरह टूट गया। हादसे के समय बस में करीब 50 बच्चे और छह शिक्षक मौजूद थे। सभी बच्चे कौशांबी के एक स्कूल के छात्र थे और मथुरा-वृंदावन से पिकनिक मनाकर घर लौट रहे थे। इस हादसे में चार बच्चों की मौत हो गई, जबकि कई घायल हैं।
टॉयलेट के लिए रुकी थी बस
यह हादसा कन्नौज के ठठिया थाना क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर हुआ। जानकारी के मुताबिक, स्कूल बस माइलस्टोन 209.9 के पास सड़क किनारे रुकी हुई थी। बताया जा रहा है कि बस चालक ने बच्चों और अन्य लोगों के लिए टॉयलेट जाने के लिए बस रोकी थी। इसी दौरान आगरा की तरफ से आलू से भरा एक तेज रफ्तार ट्रक आया और सीधे खड़ी बस में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बस का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। बस में बैठे बच्चों के बीच चीख-पुकार मच गई।
दिल्ली में ठंड के साथ बढ़ा प्रदूषण, कई इलाकों में AQI 300 पार, अगले 6 दिन राहत के आसार नहीं
हादसे में चार बच्चों की मौत
इस भयानक टक्कर में चार छात्रों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, करीब 35 बच्चे घायल बताए जा रहे हैं। हादसे के बाद कई बच्चे बस के अंदर फंस गए थे। उनकी आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग तुरंत मदद के लिए पहुंचे। राहगीरों ने पुलिस को सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस और एंबुलेंस की गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। इसके बाद बस में फंसे बच्चों को बाहर निकालने का काम शुरू किया गया। सभी घायलों को इलाज के लिए राजकीय मेडिकल कॉलेज, तिर्वा भेजा गया।
कौशांबी के स्कूल के बच्चे जा रहे थे पिकनिक पर
जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई बस कौशांबी के ओरिएंट पब्लिक स्कूल की थी। बस में करीब 50 छात्र-छात्राएं और छह शिक्षक सवार थे। सभी बच्चे मथुरा और वृंदावन के शैक्षणिक भ्रमण पर गए थे। पिकनिक खत्म होने के बाद बस से वापस कौशांबी लौट रहे थे। किसी को अंदाजा नहीं था कि घर लौटते समय रास्ते में इतना बड़ा हादसा हो जाएगा। घटना की खबर मिलते ही बच्चों के परिवारों में चिंता और दुख का माहौल बन गया।
DM और SP अस्पताल पहुंचे
हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं। जिलाधिकारी आशुतोष मोहन अग्निहोत्री और पुलिस अधीक्षक विनोद कुमार भी राजकीय मेडिकल कॉलेज पहुंचे। दोनों अधिकारियों ने घायल बच्चों से जुड़ी जानकारी ली और डॉक्टरों से बात की। अधिकारियों ने अस्पताल के डॉक्टरों को सभी बच्चों का अच्छे से इलाज करने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से घायलों को जरूरी इलाज उपलब्ध कराने की व्यवस्था की गई।




















