President's MP Visit :पांच दिन के मप्र दौरे पर कल आएंगी राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और कूनो में कार्यक्रम

इंदौर। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू गुरुवार से पांच दिवसीय मध्यप्रदेश प्रवास पर रहेंगी। अपने दौरे की शुरुआत वे इंदौर से करेंगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राष्ट्रपति 18 जून को सुबह 9.25 बजे इंदौर एयरपोर्ट पहुंचेंगी और यहां से हेलिकॉप्टर द्वारा बैतूल के लिए रवाना होंगी।
बैतूल में ब्रह्माकुमारी संस्थान में कार्यक्रम
बैतूल में राष्ट्रपति ब्रह्माकुमारी संस्थान के कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे ओंकारेश्वर पहुंचेंगी, जहां विभिन्न कार्यक्रमों में भाग लेने के साथ शाम को श्री ओंकारेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर में दर्शन एवं आरती करेंगी। उनका रात्रि विश्राम एनएचडीसी गेस्ट हाउस, ओंकारेश्वर में रहेगा।
19 जून को सिकल सेल एनीमिया दिवस पर कार्यक्रम
19 जून को राष्ट्रपति अंतरराष्ट्रीय सिकल सेल एनीमिया दिवस पर आयोजित कार्यक्रम में शामिल होंगी। इसके बाद वे इंदौर लौटकर पश्चिम बंगाल के कलाईकुण्डा एयरपोर्ट के लिए रवाना हो जाएंगी।
ये भी पढ़ें: ट्रम्प बोले- मोदी शांत और जबरदस्त नेता... लेकिन मैं बिल्कुल अलग, मोदी ने होर्मुज को लेकर कहा- इसका खुलना बेहद जरूरी
दौरे का दूसरा चरण 20 जून से
दौरे के दूसरे चरण में राष्ट्रपति 20 जून को जबलपुर पहुंचेंगी। 21 जून को वे अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल होने के साथ रानी दुर्गावती विश्वविद्यालय, जबलपुर के 36वें दीक्षांत समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी।
कूनो नेशनल पार्क भी जाएंगी
इसके बाद राष्ट्रपति ग्वालियर होते हुए कूनो नेशनल पार्क पहुंचेंगी और वहां रात्रि विश्राम करेंगी। 22 जून की सुबह वे कूनो राष्ट्रीय उद्यान का भ्रमण करेंगी। इसके बाद ग्वालियर से दिल्ली के लिए रवाना होकर उनका मध्यप्रदेश दौरा संपन्न होगा। राष्ट्रपति के दौरे को देखते हुए इंदौर, बैतूल, ओंकारेश्वर, जबलपुर, ग्वालियर और कूनो में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन और पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
ये भी पढ़ें: सीएम डॉ. मोहन यादव बोले- मानसून सत्र में लाएंगे यूसीसी विधेयक, दिवाली से लागू करेंगे












