बिहार में 'गजब' का ऑफर : महिला को प्रेग्नेंट करो और बच्चा होने पर पाओ 13 लाख का इनाम, जानें क्या है पूरा मामला…

बिहार। साइबर फ्रॉड के कई केस आपने सुने होंगे लेकिन ये केस आपको हैरान कर देगा और सोच में डाल देगा कि ऐसा भी कहीं होता है क्या ? युवा लड़कों को फंसाने के लिए साइबर ठगों ने ऐसी चाल चली, जिसमें बहुत सारे लोग आसानी से फंस जाएंगे। यह मामला है बिहार के नवादा का, यहां लड़कों को WhatsApp के जरिए मैसेज भेजे गए कि अगर आप लखपति बनना चाहते हैं तो स्कीम आपके लिए है। इसमें आपको केवल एक महिला को प्रेग्नेंट करना है और जब उसका बच्चा हो जाएगा तो इनाम के तौर पर 13 लाख रुपए आपको दिए जाएंगे। आइए जानते है क्या है पूरा मामला।
लुभावनी स्कीम देकर लड़कों को फंसाने का बिछाया जाल
बिहार में चल रही यह स्कीम चर्चा का विषय बन गई है। यहां कई लड़कों के WhatsApp पर कुछ ऐसे मैसेज आए जिसमें लिखा था- ‘अगर आप पैसे के लिए परेशान हैं, लखपति बनना चाहते हैं, तो ये स्कीम खास आपके लिए है। इस स्कीम में आपको ज्यादा कुछ करने की जरूरत नहीं है। बस एक महिला को प्रेग्नेंट करना है और जब उसका बच्चा हो जाएगा तो इनाम के तौर पर 13 लाख रुपए की धनराशि आपको दी जाएगी। ऐसी लुभावनी स्कीम देकर लड़कों को फंसाया जा रहा था।
स्कीम का लीडर पुलिस की गिरफ्त से बाहर
साइबर ठगों के इस स्कीम के लीडर का नाम मुन्ना कुमार है। फिलहाल वो पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। बिहार पुलिस ने इस स्कीम को चलाने वाले साइबर ठगों के रैकेट का भंडा फोड़ दिया है और 8 लोगों की गिरफ्तारी भी कर ली है। पुलिस मुन्ना कुमार की तलाश में जुटी हुई है।इस तरीके से फंसाते थे युवा लड़कों को
पुलिस को जांच में पता चला कि स्कीम का लाभ उठाने के लिए साइबर ठग, पहले लड़को को मैसेज कर जानकारी देते हैं। इसके बाद वे लड़कों से 799 रुपए का रजिस्ट्रेशन कराते थे। रजिस्ट्रेशन के पैसे भरने के बाद वे उन्हें कई महिलाओं की फोटोज फोन पर भेजते थे। जिसके बाद वे लड़कों से किसी एक महिला की फोटो को सेलेक्ट करने को बोलते थे। जैसे ही कोई लड़का किसी महिला की फोटो सेलेक्ट कर लेता था तो उससे सिक्योरिटी डिपॉजिट मांगा जाता था। सिक्योरिटी डिपॉजिट महिला की खूबसूरती पर डिपेंड करता था। डिपॉजिट की रकम 5 से 20 हजार रुपए के बीच में होती थी। जैसे ही कोई पैसा ट्रांसफर करता था, साइबर ठग रजिस्ट्रेशन फीस और सिक्योरिटी डिपॉजिट लेकर रफूचक्कर हो जाते थे। लड़के से कॉन्टैक्ट खत्म कर देते थे। ये सारा खेल फोन के जरिए ही खेला जा रहा था।
बच्चा नहीं हुआ तो भी मिलेगा 5 लाख का इनाम
साइबर ठग, लड़कों से ये भी कहते थे कि अगर आपके संबंध बनाने के बाद भी बच्चा नहीं होता है तो आपको चिंता करने की जरूरत नहीं है। महिला प्रेग्नेंट होगी तो 13 लाख और अगर महिला प्रेग्नेंट नहीं हुई तो 5 लाख की राशि आपको दी जाएगी।





















