PM मोदी ने की फिल्म 'छावा' की तारीफ, विक्की कौशल ने जताया आभार, कहा- 'शब्दों से परे सम्मान'

नई दिल्ली। हर तरफ विक्की कौशल की फिल्म 'छावा' के नाम का डंका बज रहा है। फिल्म की न सिर्फ तारीफ हो रही है, बल्कि यह बॉक्स ऑफिस पर भी छप्परफाड़ कमाई कर रही है। अब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी 'छावा' की तारीफ की है। इस पर अभिनेता विक्की कौशल ने कहा है कि इतिहास पर आधारित उनकी ‘एक्शन ड्रामा' फिल्म ‘छावा' की प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा की गई प्रशंसा से वह बहुत सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
मोदी ने ‘छावा’ की तारीफ में क्या कहा
पीएम मोदी ने शुक्रवार को 98वें अखिल भारतीय मराठी साहित्य सम्मेलन (एबीएमएसएस) के उद्घाटन समारोह में कहा था कि मुंबई समेत महाराष्ट्र ने मराठी फिल्मों और हिंदी सिनेमा को नयी ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। मोदी ने इस दौरान फिल्म के बारे में आगे कहा, 'और इन दिनों तो 'छावा' की धूम मची हुई है।' संभाजी महाराज के शौर्य से, इस रूप में परिचय, शिवाजी सावंत के मराठी उपन्यास ने ही कराया है।'
विक्की कौशल ने पीएम को ऐसे किया धन्यवाद
फिल्म के बारे में पॉजिटिव रिव्यूज सुनने के बाद विक्की कौशल काफी खुश हैं। एक्टर ने मोदी के वीडियो के साथ सोशल मीडिया मंच ‘इंस्टाग्राम' पर लिखा, ‘शब्दों से परे सम्मान! प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का आभारी हूं।'''छावा' की देश और दुनियाभर में कमाई
फिल्म ने पिछले सप्ताह सिनेमाघरों में रिलीज होने के बाद से विश्व स्तर पर 300 करोड़ रुपए से अधिक की कमाई की है। ‘छावा' में कौशल छत्रपति संभाजी महाराज की भूमिका में हैं जो मराठा साम्राज्य के संस्थापक छत्रपति शिवाजी महाराज के पुत्र थे। वहीं अक्षय खन्ना ने औरंगजेब का किरदार निभाया है। 14 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने अभी तक देशभर में 242.25 करोड़ की कमाई कर ली है।





















