जबलपुरताजा खबरमध्य प्रदेश

PM मोदी का MP दौरा : जबलपुर में रानी दुर्गावती स्मारक का करेंगे शिलान्यास, जनसभा को करेंगे संबोधित; 11 दिन में तीसरी बार मप्र आ रहे पीएम

जबलपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 11 दिनों में तीसरी बार मध्य प्रदेश आ रहे हैं। वे आज गुरुवार (5 अक्टूबर) को जबलपुर के दौरे पर रहेंगे। पीएम यहां रानी दुर्गावती की 500वीं जयंती के मौके पर आयोजित कार्यक्रम में स्मारक व संग्रहालय का शिलान्यास करेंगे। पीएम सदर स्थित आर्मी के गैरिसन ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करने के साथ ही 12 हजार 600 करोड़ रुपए के डेवलपमेंट प्रोजेक्ट का भूमिपूजन और लोकार्पण करेंगे।

पीएम मोदी का कार्यक्रम

  • दोपहर 1:10 बजे : जयपुर से जबलपुर के लिए उड़ान भरेंगे।
  • दोपहर 2:50 बजे : जबलपुर के डूमना एयरपोर्ट पर आगमन होगा।
  • दोपहर 3:10 बजे :  सभा स्थल के लिए सड़क मार्ग से रवाना होंगे।
  • दोपहर 3:20 बजे : पीएम मोदी सभा स्थल गैरिसन ग्राउंड पहुंचेंगे।
  • शाम 4 बजे : जनसभा को संबोधित करेंगे।
  • शाम 5:10 बजे : जबलपुर से दिल्ली रवाना होंगे।

पीएम मोदी सभास्थल पर करेंगे रोड शो

सभास्थल पर पीएम मोदी रोड शो भी करेंगे। इसके लिए सभास्थल पर डोम के बीच रोड शो के लिए अलग से अस्थाई सड़क बनाई गई है। रथ में सवार होकर पीएम कार्यक्रम में शामिल होने आए कार्यकर्ताओं का अभिवादन करेंगे। वे जबलपुर स्थित डुमना एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का लोकार्पण भी कर सकते हैं।

कार्यक्रम में राज्यपाल मंगू भाई पटेल, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव, केंद्रीय मंत्री प्रह्लाद पटेल, केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते, गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीडी शर्मा,  प्रभारी मंत्री गोपाल भार्गव और जबलपुर सांसद राकेश सिंह मंच पर मौजूद रहेंगे।

प्रधानमंत्री मोदी इन परियोजनाओं की देंगे सौगात-

  • वीरांगना रानी दुर्गावती स्मारक का भूमिपूजन।
  • बालाघाट-गोंदिया खंड को चार लेन की आधारशिला।
  • झरखेड़ा-बैरसिया-ढोलखेड़ी को जोड़ने वाली सड़क आधारशिला।
  • देशगांव से रूढ़ी चार लेन सड़क की आधारशिला।
  • टेमागांव से चिचोली खंड को चार लेन की आधारशिला।
  • बोरेगांव को शाहपुर से जोड़ने वाली सड़क को चार लेन की आधारशिला।
  • शाहपुर को मुक्ताईनगर से जोड़ने वाली सड़क को चार लेन की आधारशिला।
  • नागपुर-जबलपुर खंड (317 किमी) की मुंबई नागपुर झारसुगुड़ा पाइपलाइन परियोजना की आधारशिला।
  • मंडला, जबलपुर और डिंडोरी जिलों में 2350 करोड़ रुपए से अधिक की कई जल जीवन  मिशन परियोजनाओं की आधारशिला।
  • जबलपुर में करीब 147 करोड़ रुपए की लागत से बने नये बॉटलिंग प्लांट का शुभारंभ।
  • विजयपुर-औरैया-फूलपुर पाइपलाइन परियोजना का शुभारंभ।
  • एनएच 347सी के खलघाट से सरवरदेवला को जोड़ने वाली सड़क के उन्नयन कार्य का शुभारंभ।
  • इंदौर में लाइट हाउस प्रोजेक्ट का उद्घाटन।
  • जल जीवन मिशन के तहत सिवनी में परियोजनों की सौगात देंगे।
  • कटनी-विजयसोटा (102 किलोमीटर) और मारवासग्राम-सिंगरौली (78.50 किलोमीटर) को जोड़ने वाली रेल लाइन का दोहरीकरण को राष्ट्र को समर्पित करेंगे।
  • वीरांगना रानी दुर्गावती पर स्मारक सिक्के और डाक टिकट जारी करेंगे।

रानी दुर्गावती स्मारक के बारे में जानें

स्मारक एवं संग्रहालय में वीरांगना रानी दुर्गावती की अष्टधातु से बनी प्रतिमा लगाई जाएगी, जो 52 फीट ऊंची होगी। जानकारी के मुताबिक, स्मारक एवं संग्रहालय में स्वतंत्रता संग्राम की लड़ाई लड़ने वाले आदिवासी योद्धाओं की शौर्य गाथा को भी चित्रित किया जाएगा। इसमें आदिवासी जीवन और उसकी संस्कृति की झलक मिलेगी। संग्रहालय में ओपन थिएटर भी बनाया जाएगा। साथ ही, रानी दुर्गावती की जीवन गाथा को बताने के लिए शाम को लाइट एंड साउंड शो होगा। प्रवेश के लिए केंद्रीय मार्ग होगा। दोनों ओर प्रकृति और पौराणिक महत्व को देखा जा सकेगा। मुख्य प्रवेश द्वार स्थानीय कला से प्रेरित होगा। साथ ही वनस्पतियों और जीवों का डिस्प्ले भी दिखेगा।

2023 में अब तक 8 बार मप्र आ चुकें हैं पीएम

  • 1 जुलाई 2023, शहडोल- सिकल सेल अनीमिया मिशन की शुरुआत की। ट्राइबल समाज के लोगों के बीच आयुष्मान कार्ड वितरित किये. सेल्फ हेल्प ग्रुप और पेसा समुदाय के लोगों से संवाद किया।
  • 27 जून 2023, भोपाल- दो नई वन्दे भारत ट्रेनों का शुभारंभ।
  • 24 अप्रैल 2023, रीवा- ई-ग्राम स्वराज जेम पोर्टल का शुभारंभ किया। 35 लाख स्वामित्व कार्ड दिए. प्रधानमंत्री आवास योजना के 4 लाख लोगों को उनके घर की चाबी सौपी और गृहप्रवेश हुआ।
  • 1 अप्रैल 2023, भोपाल- भोपाल-दिल्ली वन्दे भारत एक्सप्रेस।
  • 9 जनवरी, इंदौर- पोस्टल स्टैम्प जारी किया. प्रवासी भारतीय दिवस कार्यक्रम में सम्मलित हुए।
  • 14 सितंबर 2023, बीना- पीएम छठी बार मध्य प्रदेश पहुंचे। इस दौरान उन्होंने सागर जिले के बीना में 50 हजार करोड़ से ज्यादा के प्रोजेक्ट का शिलान्यास किया।
  • 25 सितंबर 2023- पीएम सातवीं बार मध्य प्रदेश पहुंचे। इस दौरान उन्होंने भोपाल के जंबूरी मैदान में भाजपा कार्यकर्ता महाकुंभ को संबोधित किया। प्रधानमंत्री का मध्य प्रदेश में 6 महीने में यह 7वां दौरा था।
  • 2 अक्टूबर 2023- पीएम आठवीं बार मध्य प्रदेश पहुंचे। इस दौरान उन्होंने ग्वालियर के मेला मैदान में सभा को संबोधित किया। पीएम मोदी ने 19 हजार करोड़ से अधिक के निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं शिलान्यास किया।पीएम का यह 8 दिन में दूसरा और 7 महीने में 8वां मध्य प्रदेश दौरा था।
  • 5 अक्टूबर 2023- पीएम नौवीं बार मध्य प्रदेश आ रहे हैं। पीएम का यह 11 दिन में तीसरा और 7 महीने में 9वां मध्य प्रदेश दौरा है। वे गैरिसन ग्राउंड में जनसभा को संबोधित करेंगे।

ये भी पढ़ें- PM IN MP : ग्वालियर में बोले पीएम – जिनको किसी ने नहीं पूछा उनको मोदी पूछता भी है और पूजता भी है

संबंधित खबरें...

Back to top button