PlayBreaking News

PM मोदी का सीवान में शक्ति प्रदर्शन, बिहार को दी 10 हजार करोड़ की सौगात, वंदे भारत ट्रेन का किया शुभारंभ

Follow on Google News
PM मोदी का सीवान में शक्ति प्रदर्शन, बिहार को दी 10 हजार करोड़ की सौगात, वंदे भारत ट्रेन का किया शुभारंभ

सीवान। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शुक्रवार को अपने पांचवें बिहार दौरे के दौरान राज्य को 10,000 करोड़ रुपए से अधिक की योजनाओं की सौगात दी। सीवान की धरती से उन्होंने बिहार को नई वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन, रेल परियोजनाएं, PM आवास योजना की किस्त और नमामि गंगे प्रोजेक्ट के तहत STP सहित अनेक योजनाएं समर्पित कीं।

पीएम मोदी का यह दौरा चुनावों से पहले राजनीतिक दृष्टि से बेहद अहम माना जा रहा है। लालू प्रसाद यादव का गढ़ माने जाने वाले सीवान में प्रधानमंत्री ने बड़ी सभा को संबोधित करते हुए NDA सरकार की उपलब्धियों को गिनाया और राजनीतिक प्रतिद्वंद्वियों पर तीखे हमले किए।

बिहार को मिलीं ये सौगातें

  • पटना-गोरखपुर वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन की शुरुआत, जो सप्ताह में 6 दिन चलेगी।
  • वैशाली से देवरिया रूट पर नई ट्रेन सेवा का शुभारंभ।
  • PM आवास योजना के तहत 51 हजार लाभार्थियों को पहली किस्त।
  • पटना में STP परियोजना का उद्घाटन।
  • नई रेल लाइन परियोजनाएं, जल और बिजली से जुड़ी योजनाएं।

पंजे-लालटेन के शिकंजे ने बिहार को बनाया पलायन का प्रतीक

सभा को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने कहा- सीवान की धरती देश को ताकत देने वाली भूमि है। यह धरती डॉ. राजेंद्र प्रसाद जैसे राष्ट्रपिता को जन्म देने वाली है। उन्होंने कहा कि जंगलराज और लूटतंत्र की राजनीति करने वालों ने बिहार को वर्षों तक पिछड़ा बनाए रखा। पंजे और लालटेन की जोड़ी ने बिहार के स्वाभिमान को ठेस पहुंचाई है। यहां के हमारे नौजवानों ने तो 20 साल पहले के बिहार की बदहाली सिर्फ किस्सों और कथाओं में ही सुनी है। उन्हें अंदाजा ही नहीं है कि जंगलराज वालों ने बिहार की क्या हालत बना दी थी। वे बिहार को पलायन का प्रतीक बना चुके थे। लेकिन NDA ने बिहार को विकास की पटरी पर लौटाया है।

PM मोदी बोले- शांत बैठने वाला नहीं हूं

अपने जोशीले अंदाज में मोदी ने कहा- मैं शांत बैठने वाला मोदी नहीं हूं। अब बहुत हो गया। मुझे बिहार के गांव-गांव, घर-घर और हर नौजवान के लिए बहुत कुछ करना है। उन्होंने बताया कि पिछले 10 सालों में बिहार में 55 हजार किलोमीटर ग्रामीण सड़कों का निर्माण हुआ। 1.5 करोड़ घरों को बिजली कनेक्शन से जोड़ा गया। 1.5 करोड़ घरों में पानी कनेक्शन पहुंचाया गया। 45 हजार से अधिक CSC केंद्रों की स्थापना की गई।

भारत तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनेगा

प्रधानमंत्री ने बताया कि वे हाल ही में विदेश यात्रा से लौटे हैं, जहां विश्व के शीर्ष नेताओं ने भारत की प्रगति की सराहना की। भारत तेजी से तीसरी सबसे बड़ी आर्थिक शक्ति बनने की ओर बढ़ रहा है। इसमें बिहार की भूमिका बहुत बड़ी होगी।

पीएम मोदी खुली गाड़ी से मंच तक पहुंचे, उनके साथ मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और विजय सिन्हा भी मौजूद थे। जनता ने मोदी-मोदी के नारों और फूलों की वर्षा से प्रधानमंत्री का स्वागत किया।

Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

नई दिल्ली
--°
बारिश: -- mmह्यूमिडिटी: --%हवा: --
Source:AccuWeather
icon

Latest Posts