AIIMS भोपाल में 'ड्रोन' से होगी दवा की सप्लाई, PM मोदी कल करेंगे कौटिल्य भवन और ड्रोन सेवा का उद्घाटन, CM रहेंगे मौजूद

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार (29 अक्टूबर) को अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) भोपाल के नए विस्तारित कौटिल्य भवन का डिजिटल माध्यम से उद्घाटन करेंगे और इसकी ड्रोन सेवा सुविधा का भी आरंभ करेंगे। इस दौरान सीएम डॉ. मोहन यादव, राज्य मंत्री कृष्णा गौर, भोपाल के सांसद आलोक शर्मा, एम्स भोपाल के अध्यक्ष डॉ. सुनील मलिक, एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक और सीईओ डॉ. अजय सिंह समेत अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहेंगे।
6 मंजिला है कौटिल्य भवन
एम्स भोपाल का विस्तारित ‘‘कौटिल्य भवन'' एक आधुनिक 6 मंजिला इमारत है, जो 11,900 वर्ग मीटर के क्षेत्र में फैली हुई है। इसके निर्माण पर 64.44 करोड़ रुपये की लागत आई है। एम्स भोपाल के कार्यकारी निदेशक और सीईओ (मुख्य कार्यकारी अधिकारी) प्रोफेसर अजय सिंह ने कहा कि नया भवन चिकित्सा शिक्षा, अनुसंधान और दैनिक सेवाओं में और प्रगति की सुविधा प्रदान करेगा उन्होंने कहा, ‘‘कौटिल्य भवन का निर्माण न केवल स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार लाने बल्कि क्षेत्रीय स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच बढ़ाने के हमारे निरंतर प्रयासों का परिणाम है। यह भवन सभी को गुणवत्तापूर्ण और किफायती स्वास्थ्य सेवा प्रदान करने की हमारी प्रतिबद्धता को दर्शाता है।''





















