MP News:पीएम मोदी 17 जुलाई को करेंगे एमपी के 13 अमृत भारत रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन, मध्य प्रदेश को मिलेगी सौगात

मध्य प्रदेश के 13 स्टेशनों को इस चरण में जनता को समर्पित किया जाएगा। कार्यक्रम में राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी अलग-अलग स्टेशनों से शामिल होंगे। रेलवे के अनुसार, प्रदेश में अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत 80 स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है।
एमपी के 13 स्टेशन भी होंगे शामिल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 17 जुलाई को अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत देशभर में पुनर्विकसित 75 रेलवे स्टेशनों का वर्चुअल उद्घाटन करेंगे। मध्य प्रदेश के जिन 13 स्टेशनों का उद्घाटन होगा, उनमें विदिशा, सांची, अशोकनगर, शिवपुरी, ब्योहारी, भिंड, हरपालपुर, छतरपुर, टीकमगढ़, जुन्नारदेव, बालाघाट, छिंदवाड़ा और नैनपुर शामिल हैं। इन स्टेशनों को आधुनिक सुविधाओं के साथ नया स्वरूप दिया गया है।
RJD को बड़ा झटका! बांकीपुर उपचुनाव से पहले पार्टी प्रवक्ता मृत्युंजय तिवारी ने दिया इस्तीफा
भोपाल मंडल के चार स्टेशनों पर रहेगा विशेष फोकस
भोपाल मंडल के सीनियर डिविजनल कमर्शियल मैनेजर (डीसीएम) सौरभ कटारिया के अनुसार, भोपाल डिवीजन के विदिशा, सांची, अशोकनगर और शिवपुरी रेलवे स्टेशनों का उद्घाटन भी इसी कार्यक्रम के तहत होगा। उन्होंने बताया कि यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं। पहले जहां फुट ओवरब्रिज की चौड़ाई लगभग 4.5 मीटर थी, वहीं अब इसे बढ़ाकर 12 मीटर तक कर दिया गया है।
राज्यपाल, मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री भी होंगे शामिल
उद्घाटन कार्यक्रम में मध्य प्रदेश के कई प्रमुख जनप्रतिनिधि भी शामिल होंगे। राज्यपाल मंगूभाई पटेल सांची से कार्यक्रम में जुड़ेंगे, जबकि मुख्यमंत्री टीकमगढ़ से हिस्सा लेंगे। केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान विदिशा में और केंद्रीय संचार मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया अशोकनगर में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इससे कार्यक्रम को प्रदेश स्तर पर भी विशेष महत्व दिया जा रहा है।
प्रदेश में 80 स्टेशनों का हो रहा है पुनर्विकास
रेलवे अधिकारियों के अनुसार, अमृत भारत स्टेशन योजना के तहत मध्य प्रदेश में करीब तीन हजार करोड़ रुपये की अनुमानित लागत से 80 रेलवे स्टेशनों का पुनर्विकास किया जा रहा है। पहले चरण में कुछ स्टेशनों का उद्घाटन किया जा चुका है, जबकि अब 13 और स्टेशन जनता को समर्पित किए जा रहे हैं। बाकी स्टेशनों का कार्य पूरा होने के बाद उनका उद्घाटन भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा।
दिग्विजय सिंह के दान पर नया मोड़: सोनीपत के कारोबारी ने की ब्याज समेत ₹1.31 लाख लौटाने की पेशकश
आधुनिक सुविधाओं से लैस होंगे नए रेलवे स्टेशन
पुनर्विकसित रेलवे स्टेशनों को अगले 40 से 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यहां बड़े वेटिंग हॉल, बेहतर सर्कुलेटिंग एरिया, दिव्यांगजनों के लिए सुविधाएं, आधुनिक ट्रेन इंडिकेटर बोर्ड, कोच गाइडेंस सिस्टम और यात्रियों के लिए कई नई व्यवस्थाएं विकसित की गई हैं। इसके साथ ही स्टेशनों पर कमर्शियल स्पेस भी बनाए गए हैं, ताकि वे शहर के प्रमुख गतिविधि केंद्र के रूप में भी विकसित हो सकें।












