🌤️
--Bhopal, India

प्रधानमंत्री मोदी का नॉर्थ-ईस्ट दौरा : मिजोरम को मिली रेलवे कनेक्टिविटी की सौगात, PM ने 3 ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी

Follow on Google News
प्रधानमंत्री मोदी का नॉर्थ-ईस्ट दौरा : मिजोरम को मिली रेलवे कनेक्टिविटी की सौगात, PM ने 3 ट्रेनों को दिखाई हरी झंडी
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    आइजोल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिन के नॉर्थ ईस्ट दौरे पर हैं। इस दौरान उन्होंने मिजोरम, मणिपुर, असम, पश्चिम बंगाल और बिहार में विकास की बड़ी सौगात देने का ऐलान किया। पीएम मोदी ने मिजोरम की राजधानी आइजोल को पहली बार भारतीय रेलवे नेटवर्क से जोड़ा। बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन का उद्घाटन करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि, यह ऐतिहासिक दिन न केवल मिजोरम बल्कि पूरे राष्ट्र के लिए खास है।

    एयरपोर्ट से ही दिखाई हरी झंडी

    शनिवार (13 सितंबर) सुबह 9:10 बजे पीएम मोदी मिजोरम के लेंगपुई एयरपोर्ट पहुंचे। हालांकि, खराब मौसम की वजह से वे हेलिकॉप्टर से आइजोल शहर तक नहीं जा सके। लेकिन उन्होंने एयरपोर्ट से ही बैराबी-सैरांग रेलवे लाइन और करीब 9,000 करोड़ रुपए की लागत वाले अन्य प्रोजेक्ट्स का शिलान्यास और उद्घाटन किया।

    रेलवे कनेक्टिविटी से मिजोरम को बड़ा लाभ

    आजादी के सात दशक बाद मिजोरम की राजधानी आइजोल को भारतीय रेलवे मानचित्र पर शामिल किया गया। बैराबी से सैरांग तक 51 किलोमीटर लंबी इस लाइन में 45 सुरंगें और 55 बड़े पुल बनाए गए हैं। इनमें से एक पुल तो दिल्ली के कुतुब मीनार से भी ऊंचा है। इस रेलवे कनेक्टिविटी से मिजोरम अब दिल्ली, कोलकाता और गुवाहाटी जैसे प्रमुख शहरों से सीधे जुड़ जाएगा। इससे न सिर्फ लोगों की यात्रा आसान होगी बल्कि पर्यटन, व्यापार और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

    Twitter Post

    तीन नई ट्रेनों को हरी झंडी

    प्रधानमंत्री मोदी ने मिजोरम से तीन नई ट्रेनों को भी हरी झंडी दिखाई। इनमें शामिल हैं –

    • सैरांग-नई दिल्ली (आनंद विहार टर्मिनल) राजधानी एक्सप्रेस
    • सैरांग-गुवाहाटी एक्सप्रेस
    • सैरांग-कोलकाता एक्सप्रेस

    केंद्रीय मंत्री अश्विनी वैष्णव के अनुसार, यह कनेक्टिविटी मिजोरम को पर्यटन और कारोबार के नए अवसरों से जोड़ेगी।

    अन्य विकास परियोजनाओं का शिलान्यास

    पीएम मोदी ने 500 करोड़ रुपए से ज्यादा की लागत वाली आइजोल बाईपास, थेनजोल-सियालसुक रोड, खानकाउन-रोंगूरा रोड की आधारशिला भी रखी। इसके साथ ही उन्होंने छिमटुईपुई नदी पर बनने वाले पुल का शिलान्यास किया, जिससे यात्रा का समय दो घंटे कम होगा। यह पुल अंतरराष्ट्रीय व्यापार को भी बढ़ावा देगा।

    इसके अलावा-

    • खेलो इंडिया बहुउद्देशीय इंडोर हॉल, तुइकुआल
    • 30 हजार मीट्रिक टन क्षमता वाला एलपीजी बॉटलिंग प्लांट, मुआलखांग
    • एकलव्य मॉडल और आवासीय विद्यालय (PMJVK योजना के तहत)

    इन सभी परियोजनाओं का शिलान्यास किया गया। ये प्रोजेक्ट्स मिजोरम में शिक्षा, खेल और ऊर्जा क्षेत्र को मजबूती देंगे।

    राज्यपाल और राजनीतिक दलों ने जताई खुशी

    मिजोरम के राज्यपाल वी.के. सिंह (सेवानिवृत्त) ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने देश के सबसे कठिन और सीमावर्ती इलाकों तक विकास पहुंचाने का संकल्प लिया है। वहीं मिजो नेशनल फ्रंट (MNF) और जोरम पीपल्स मूवमेंट (ZPM) जैसी स्थानीय पार्टियों ने भी इन परियोजनाओं का स्वागत किया और कहा कि इससे रोजगार, व्यापार और पर्यटन में तेजी आएगी।

    मिजोरम के बाद मणिपुर जाएंगे पीएम

    प्रधानमंत्री मोदी 13 से 15 सितंबर तक नॉर्थ ईस्ट और बिहार के दौरे पर रहेंगे। मिजोरम के बाद वे मणिपुर जाएंगे जहां 8,500 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली परियोजनाओं का शिलान्यास और उद्घाटन करेंगे।

    15 सितंबर को पीएम बिहार के पूर्णिया पहुंचेंगे और यहां लगभग 36,000 करोड़ रुपए की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे।

    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    icon

    Latest Posts