धनतेरस पर PM मोदी ने किया मंदसौर, नीमच और सिवनी में मेडिकल कॉलेज का लोकार्पण; अब 65 साल में रिटायर होंगे आयुर्वेदिक डॉक्टर

भोपाल। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को मध्य प्रदेश के नीमच, मंदसौर और सिवनी में मेडिकल कॉलेज का वर्चुअली माध्यम से लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव इस अवसर पर नीमच में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद रहे। पीएम मोदी ने 961 करोड़ रुपए की लागत से नीमच, मंदसौर और सिवनी सरकारी मेडिकल कॉलेजों के लोकार्पण के अलावा विभिन्न सरकारी नर्सिंग महाविद्यालयों का भूमिपूजन किया। वहीं सीएम डॉ. मोहन यादव ने धन्वंतरि जयंती पर आयोजित कार्यक्रम में आयुर्वेदिक डॉक्टरों की रिटायरमेंट उम्र 65 साल करने की घोषणा की।
किसानों के खातों में डाली राशि
पीएम मोदी ने सिंगल क्लिक के जरिए प्रदेश के 81 लाख किसानों के खातों में 1624 करोड़ रुपए की धनराशि भी अंतरित की। वर्चुअली तरीके से जुड़े मोदी ने इस अवसर पर देशवासियों को संबोधित किया। संबंधित कार्यक्रम का प्रसारण विभिन्न सोशल मीडिया साइट्स के जरिए किया गया और राज्य में भी अलग अलग स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम में मंत्रियों, जनप्रतिनिधियों और जनसमुदाय ने मोदी के संबोधन का श्रवण किया।





















