Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

पीएम मोदी के विदेश दौरे पर आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र का तंज,बोले- बाल न बच्चा, नींद पड़े अच्छा

पीएम नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे पर आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने बड़ा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि जनता जानना चाहती है कि विदेश जाकर पीएम देश के लिए क्या लेकर आते हैं। बयान के बाद बिहार की राजनीति में हलचल तेज हो गई है।
Follow on Google News
बोले- बाल न बच्चा, नींद पड़े अच्छा
फाइल फोटो

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरे को लेकर बिहार में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है। राष्ट्रीय जनता दल यानी RJD के विधायक भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री के विदेशी दौरों पर सवाल उठाते हुए कहा कि देश की जनता यह जानना चाहती है कि विदेश जाकर आखिर देश के लिए क्या लेकर आते हैं। उन्होंने पीएम मोदी की कथनी और करनी पर भी सवाल खड़े किए। पटना में मीडिया से बातचीत के दौरान भाई वीरेंद्र ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में महंगाई और कई दूसरी समस्याएं बढ़ रही हैं, लेकिन प्रधानमंत्री लगातार विदेश यात्राओं में व्यस्त हैं। उनके बयान के बाद बिहार की राजनीति में एक बार फिर केंद्र सरकार और विपक्ष आमने-सामने दिखाई दे रहे हैं।

भाई वीरेंद्र बोले- कथनी और करनी में फर्क नहीं होना चाहिए

आरजेडी विधायक भाई वीरेंद्र ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कुछ दिन पहले देशहित में कई बातें कही थीं, लेकिन उसके अगले ही दिन विदेश यात्रा पर निकल गए। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि कथनी और करनी में सामंजस्य होना चाहिए। आपने देश की जनता को संबोधित किया और दूसरे ही दिन प्लेन से उड़ गए। जनता जानना चाहती है कि जब आप दूसरे देशों में जाते हैं तो देश के लिए क्या लेकर आते हैं। भाई वीरेंद्र ने आगे कहा कि आप अडानी और अंबानी को मालामाल करने के लिए विदेश दौरे करते हैं। गांव-देहात में एक कहावत है कि 'बाल न बच्चा, नींद पड़े अच्छा'। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।

ये भी पढ़ें: PM Modi: विदेश दौरे से लौटे पीएम मोदी, आज मंत्रिपरिषद की अहम बैठक; कैबिनेट में फेरबदल की अटकलें तेज

देश के साथ फिरंगी जैसा काम न करें

प्रधानमंत्री मोदी पर हमला बोलते हुए भाई वीरेंद्र ने अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि ट्रंप ने दुनिया के साथ धोखा किया और रंगदारी दिखाई, लेकिन आप उनके साथ खड़े दिखाई देते हैं। देश की जनता सब देख रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री से अपील करते हुए कहा कि देश के प्रधानमंत्री से कहना चाहूंगा कि फिरंगी जैसा काम मत कीजिए। भारत माता का सम्मान कीजिए और देशहित में काम कीजिए। देश किस दिशा में जा रहा है, महंगाई बढ़ रही है और आप विदेश यात्रा कर रहे हैं।

Breaking News

बीजेपी ने किया पलटवार, कहा- कोई दौरा बेकार नहीं

आरजेडी के आरोपों पर बीजेपी ने भी जवाब दिया है। बीजेपी नेता मनन कुमार मिश्रा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विदेश दौरों का बचाव करते हुए कहा कि पीएम मोदी बिना वजह किसी देश की यात्रा नहीं करते। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जहां भी जाते हैं, वहां से देश के लिए कुछ न कुछ लेकर आते हैं। उनका एक भी दौरा बेकार नहीं होता। प्रधानमंत्री घूमने-फिरने के लिए विदेश नहीं जाते, बल्कि हर यात्रा का मकसद देशहित और विकास से जुड़ा होता है। बीजेपी का कहना है कि प्रधानमंत्री के विदेश दौरों से भारत की वैश्विक स्थिति मजबूत हुई है और कई देशों के साथ व्यापार, निवेश और रणनीतिक रिश्ते बेहतर हुए हैं।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...Read More

Latest Posts