Met Gala 2026 :चुपचाप पहुंचे 286 अरब डॉलर के मालिक जेफ बेजोस? रेड कार्पेट से गायब रहे, पत्नी लॉरेन सांचेज का लुक रहा फ्लॉप

दूनिया के सबसे चर्चित फैशन इवेंट मेट गाला 2026 में इस बार जितनी चर्चा सितारों के लुक्स की रही, उतनी ही एक नाम को लेकर भी रही। यह नाम जेफ बेजोस का है। अरबपति बिजनेसमैन और अमेजन के मालिक जेफ बेजोस, पत्नी लॉरेन सांचेज संग इंटरनेशनल फैशन इवेंट मेट गाला 2026 का हिस्सा बने। जेफ बेजोस और सांचेज की फैशन इवेंट में मौजूदगी कई वजहों से चर्चा में बनी हुई है। अरबपति बिजनेसमैन पर कई सवाल भी उठ रहे हैं, क्योंकि जेफ बेजोस ने पत्नी संग रेड कार्पेट पर अपीयरेंस नहीं दी। वो छिपकर इवेंट में शामिल हुए। ऐसे में पत्नी संग उनके रिश्ते को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं कि आखिर बेजोस ने रेड कार्पेट से दूरी क्यों बनाई?
रेड कार्पेट पर अकेले उतरीं लॉरेन सांचेज
न्यूयॉर्क के मेट्रोपॉलिटन म्यूजियम ऑफ आर्ट में आयोजित इस ग्लैमरस इवेंट में लॉरेन सांचेज अकेले ही रेड कार्पेट पर नजर आईं। उन्होंने मीडिया के सामने पोज दिए, इंटरनेशनल सेलेब्रिटीज के साथ तस्वीरें खिंचवाईं, लेकिन उनके साथ जेफ बेजोस कहीं नजर नहीं आए। दिलचस्प बात यह है कि यह कपल सिर्फ मेहमान बनकर नहीं आया था, बल्कि इवेंट के को-चेयर भी थे। उनके साथ बेयोंसे, निकोल किडमैन, वीनस विलियम्स और एना विंटूर जैसे बड़े नाम भी इस भूमिका में शामिल थे। ऐसे में बेजोस का रेड कार्पेट से गायब रहना और भी ज्यादा हैरान करने वाला बन गया।
क्या विवादों से बचने के लिए लिया फैसला?
पिछले कुछ समय से जेफ बेजोस को लेकर कई तरह की आलोचनाएं सामने आ रही थीं। कुछ लोगों का मानना था कि वह इस इवेंट के जरिए अपनी पब्लिक इमेज को और मजबूत करना चाहते हैं। इसी वजह से सोशल मीडिया पर उनके खिलाफ विरोध भी देखने को मिला था। यहां तक कि ऐसी खबरें भी आई थीं कि कुछ सेलेब्रिटीज उनकी मौजूदगी के कारण इवेंट को बायकॉट कर सकते हैं। ऐसे में यह कयास लगाए जा रहे हैं कि बेजोस ने पूरी तरह इवेंट से दूरी बनाने के बजाय सिर्फ रेड कार्पेट से दूर रहने का फैसला किया, ताकि अनावश्यक विवादों से बचा जा सके। हालांकि, इस बारे में उनकी ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है।
लॉरेन सांचेज का लुक क्यों नहीं कर पाया इम्प्रेस?
जहां बेजोस की गैरमौजूदगी चर्चा में रही, वहीं लॉरेन सांचेज का लुक भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सका। उन्होंने इस इवेंट के लिए एक कस्टम शियापरेली गाउन चुना था, जो मशहूर पेंटिंग 'मैडम एक्स' से इंस्पायर्ड बताया गया। गाउन सिंपल और क्लासी जरूर था, लेकिन मेट गाला जैसे हाई-फैशन इवेंट के हिसाब से कई लोगों को यह कम प्रभावी लगा। उनके आउटफिट में मोतियों से बने स्ट्रैप्स ही मुख्य आकर्षण थे, लेकिन कुल मिलाकर लुक उतना ग्रैंड नहीं लगा, जितनी फैंस को उम्मीद थी। सोशल मीडिया पर मिले-जुले रिएक्शन देखने को मिले- कुछ लोगों ने इसे एलिगेंट बताया, तो कईयों ने इसे 'फ्लॉप' तक कह दिया।
पहले साथ दिख चुके हैं बेजोस और सांचेज
यह पहली बार नहीं है जब यह कपल मेट गाला का हिस्सा बना हो। इससे पहले 2024 में दोनों साथ में रेड कार्पेट पर नजर आ चुके हैं। पिछले कुछ सालों में जेफ बेजोस इस इवेंट में अपनी मौजूदगी दर्ज कराते रहे हैं और हर बार उनका स्टाइल और अपीयरेंस चर्चा में रहता है। लेकिन इस बार का सीन पूरी तरह अलग रहा- न साथ में एंट्री, न कोई कपल फोटो और न ही कोई वीडियो सामने आया।
इवेंट के बड़े स्पॉन्सर्स में भी शामिल हैं बेजोस
यह बात भी ध्यान देने वाली है कि जेफ बेजोस और लॉरेन सांचेज सिर्फ मेहमान या को-चेयर ही नहीं, बल्कि इस इवेंट के बड़े स्पॉन्सर्स में भी शामिल हैं। मेट गाला के साथ होने वाली स्प्रिंग कॉस्ट्यूम इंस्टीट्यूट एग्जिबिशन को भी उन्होंने सपोर्ट किया है, जो इसी म्यूजियम में आयोजित होती है। यानी इवेंट में उनकी भूमिका काफी अहम रही, लेकिन फिर भी पब्लिक अपीयरेंस से दूरी बनाए रखना सवाल खड़े करता है।
ये भी पढ़ें: NASA PROJECT: नासा ने बोइंग 777 को बना दिया उड़ती हुई लैब, 34 हजार किलो के उपकरणों से हो सकेगी रिसर्च
286 अरब डॉलर की नेटवर्थ, लेकिन चर्चा लुक और एंट्री की
जेफ बेजोस दुनिया के टॉप अमीरों में शामिल हैं और उनकी नेटवर्थ करीब 286 अरब डॉलर बताई जाती है। इतनी बड़ी हैसियत के बावजूद इस बार चर्चा उनकी संपत्ति की नहीं, बल्कि उनके 'लो प्रोफाइल' रहने और लॉरेन सांचेज के लुक की हो रही है।












