पथरिया में लूट का आरोपी पुलिस को चकमा देकर फरार, बाइक सवार से लूटपाट

पथरिया। केरबना रोड स्थित डायमंड-सतपारा तिराहे के पास हुई लूट की घटना में पथरिया पुलिस ने महज 24 घंटे के अंदर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था। फरियादी बिहारी सेन उम्र 23 वर्ष निवासी ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि रात करीब 10.30 बजे बाइक से पथरिया से अपने गांव मेहलवारा जा रहा था।
बाइक रोककर मोबाइल और रुपए लूटे
डायमंड चौराहे के पासल पीछे से एमपी-15 एनएम-4566 बाइक पर सवार तीन युवक आए और उसकी बाइक को ओवरटेक कर आगे आकर रोक लिया। बाइक चालक ने उसकी गर्दन पकड़ ली और बीच में बैठे युवक ने उसकी पैंट की जेब से करीब 20 हजार रुपए कीमत का मोबाइल और शर्ट की जेब से दो हजार रुपए नगद निकाल लिए।
ये भी पढ़ें: तमिलनाडु में TVK गठबंधन को मिला नया नाम, 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' पर सहमति
जान से मारने की धमकी दी
विरोध करने पर पीछे बैठे युवक ने उसके गाल पर चाटा मारा और तीनों ने धमकी दी कि अगर किसी को बताया तो जान से मार देंगे। इसके बाद तीनों सतपारा की ओर भाग गए, जिसके बाद फरियादी की रिपोर्ट के आधार पर पथरिया पुलिस ने तीनों आरोपियों को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस को गुमराह करने के लिए बताई दूसरी घटना
जानकारी के मुताबिक साक्ष्य जुटाने के लिए आरोपियों ने चतुराई देखते हुए पुलिस को गुमराह करने के लिए बोला कि विद्युत विभाग में आउट सोर्स कर्मचारी लल्लू पटेल के साथ बैक स्नेचिंग की थी और मुझे मॉडल स्कूल के पास ले चलो, मैंने जहां बैग छुपाया है वो लेने चलना है। थाने में पदस्थ उप निरीक्षक संजू संयम के साथ अन्य बल ने पुलिस वाहन में तीनों आरोपियों को बिठाकर मॉडल स्कूल के सामने पहुंचे।
पुलिस को चकमा देकर भागा आरोपी
मुख्य आरोपी भोला आदिवासी को पुलिस ने वाहन से जैसे ही नीचे उतारा, आरोपी मौका देखकर पुलिस को चकमा देते हुए भाग गया। मौजूद पुलिस आरोपी को पकड़ने में असफल रही, जिसके बाद आरोपी के फरार होने की जानकारी थाना प्रभारी नेहा गोस्वामी को दी गई।
ये भी पढ़ें: ग्वालियर: आवारा कुत्तों का आतंक, 8 महीने में 8 हजार से ज्यादा लोग डॉग बाइट के शिकार
पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी
पुलिस हिरासत से फरार आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए पथरिया पुलिस ने लगातार ढूंढने का प्रयास किया। पथरिया एसडीओपी प्रिया सिंधी भी मौका स्थल पर पहुंचीं और आरोपी को पकड़ने के लिए ड्रोन कैमरे से कई किलोमीटर तक नजर बनाई गई, लेकिन आरोपी को पकड़ने में पुलिस असफल रही। एसडीओपी प्रिया सिंधी ने पुलिस को आरोपी की तलाश कर गिरफ्तार करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस लगातार आरोपी की तलाश कर रही है, लेकिन खबर लिखने तक मुख्य आरोपी भोला आदिवासी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है।




















