तमिलनाडु में TVK गठबंधन को मिला नया नाम, 'सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस' पर सहमति

तमिलनाडु। अभिनेता से नेता बने विजय की पार्टी तमिलगा वेत्री कषगम (TVK) के नेतृतव वाले गछबंधन को आखिरकार नया नाम मिल गया है। चेन्नई में बुधवार को हुई अहम बैठक के बाद गठबंधन का नाम ‘सेक्युलर सोशल जस्टिस विक्ट्री अलायंस’ तय किया गया। इस गठबंधन में TVK के साथ कांग्रेस, विदुथलाई चिरुथैगल काची (VCK), मरुमलार्ची द्रविड़ मुनेत्र कषगम (MDMK) और इंडियन यूनियन मुस्लिम लीग (IUML) शामिल हैं। गठबंधन के नए नाम के साथ अब तमिलनाडु की राजनीति में TVK की चुनावी रणनीति को लेकर चर्चा तेज हो गई है। बैठक में गठबंधन की आगे की रणनीति और चुनावी तालमेल को लेकर भी चर्चा हुई।
TVK मुख्यालय में हुई बैठक
गठबंधन का नाम तय करने के लिए बुधवार को चेन्नई के पनायुर स्थित TVK मुख्यालय में बैठक बुलाई गई थी। इसमें गठबंधन में शामिल दलों के प्रमुख नेता पहुंचे। बैठक में सिर्फ गठबंधन के नाम पर ही चर्चा नहीं हुई, बल्कि आगे की राजनीतिक रणनीति और चुनावी तालमेल से जुड़े मुद्दों पर भी विचार किया गया। कांग्रेस की ओर से मणिकम टैगोर, थारागाई कथबर्ट और प्रवीण चक्रवर्ती बैठक में शामिल हुए। वहीं VCK की ओर से पार्टी प्रमुख थोल थिरुमावलवन के साथ वन्नी अरसु, रवि कुमार और सिंथनई सेलवन मौजूद रहे। MDMK की तरफ से पार्टी प्रमुख वाइको और दुरई वाइको ने बैठक में हिस्सा लिया। IUML की ओर से के.एम. कादर मोइदीन और शाहजहाँ बैठक में शामिल हुए।
नाम में 'सेक्युलर' और 'सोशल जस्टिस' पर जोर
गठबंधन के नाम में ‘सेक्युलर’ और ‘सोशल जस्टिस’ जैसे शब्द शामिल किए गए हैं। इससे गठबंधन के राजनीतिक एजेंडे का संकेत मिलता है। वहीं ‘विक्ट्री अलायंस’ नाम के जरिए TVK प्रमुख विजय के नेतृत्व और चुनावी जीत के लक्ष्य को सामने रखा गया है। TVK के नेतृत्व में कांग्रेस, VCK, MDMK और IUML के साथ गठबंधन को तमिलनाडु की राजनीति में अहम माना जा रहा है। इन दलों के साथ गठबंधन बनने से TVK राज्य की सियासत में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश कर रही है।
CPM और CPI बैठक से रहे दूर
हालांकि गठबंधन की इस अहम बैठक में मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (CPM) और भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी (CPI) शामिल नहीं हुईं। दोनों दलों ने TVK मुख्यालय में हुई बैठक में शामिल नहीं होने का फैसला किया था। माकपा पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि TVK सरकार को उसका समर्थन मुद्दा-आधारित और बाहर से दिया जाने वाला समर्थन है। पार्टी का राज्य के मंत्रिमंडल में कोई प्रतिनिधित्व नहीं है।
साझा न्यूनतम कार्यक्रम पर भी चर्चा
बैठक में गठबंधन की संरचना को नया नाम देने के साथ-साथ साझा न्यूनतम कार्यक्रम तैयार करने और संयुक्त संचालन समिति गठित करने पर भी चर्चा हुई। कांग्रेस, VCK, IUML और MDMK के वरिष्ठ नेताओं ने इन मुद्दों पर विचार-विमर्श किया। यानी गठबंधन अब सिर्फ नाम तक सीमित नहीं रहना चाहता, बल्कि आगे की राजनीतिक गतिविधियों और चुनावी तालमेल को लेकर एक साझा ढांचा तैयार करने की दिशा में भी आगे बढ़ रहा है।
विजय सरकार की योजनाओं का भी जिक्र
इस बीच, पिछले महीने तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने महिलाओं के लिए फ्री बस यात्रा योजना के विस्तार की घोषणा की थी। विधानसभा में की गई घोषणा के मुताबिक महिला लाभार्थी अब डीलक्स और एक्सप्रेस बसों में भी मुफ्त यात्रा कर सकेंगी। इसके अलावा विजय ने अन्य घोषणाओं के साथ तीन मुफ्त रसोई गैस सिलेंडर देने का भी ऐलान किया था। इसे TVK के प्रमुख चुनावी वादों को पूरा करने की दिशा में उठाया गया कदम बताया गया है। अब गठबंधन को नया नाम मिलने के बाद आने वाले समय में इसकी साझा रणनीति और चुनावी तालमेल किस रूप में सामने आता है, इस पर तमिलनाडु की राजनीति की नजर रहेगी।




















