तोते ने बचाई पूरे परिवार की जान, कोबरा के हमले में गंवाई अपनी जिंदगी
सिवनी जिले के छपारा विकासखंड के देवरी कला गांव में एक पालतू तोते की सतर्कता ने पूरे परिवार को मौत के खतरे से बचा लिया। आधी रात घर में घुसे जहरीले इंडियन कोबरा की मौजूदगी को भांपते ही तोते ने जोर-जोर से आवाज लगाना शुरू कर दिया। उसकी आवाज सुनकर परिवार की नींद खुली और एक बड़ा हादसा टल गया। हालांकि परिवार को बचाने वाला यह वफादार पक्षी खुद को नहीं बचा सका। कोबरा के हमले में तोते की मौत हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों ने उसकी सतर्कता को सलाम करते हुए उसे परिवार का जीवन रक्षक बताया।
पिंजरे में घुस गया था जहरीला कोबरा
जानकारी के मुताबिक, छपारा नगर से करीब तीन किलोमीटर दूर स्थित ग्राम देवरी कला में देवी मंदिर के सामने रहने वाले सुभाष पंचेश्वर का परिवार रात में अपने घर में सो रहा था। इसी दौरान एक इंडियन कोबरा घर के अंदर पहुंच गया और सीधे उस जगह पहुंचा जहां तोता पिंजरे में बंद था। खतरे को महसूस करते ही तोते ने लगातार शोर मचाना शुरू कर दिया। तोते की आवाज सुनकर परिवार के सदस्यों की नींद खुल गई। जब उन्होंने आसपास देखा तो पिंजरे के अंदर कोबरा मौजूद था। परिवार ने तुरंत स्थिति को समझा और खुद को सुरक्षित किया।
सर्प मित्र ने किया कोबरा का रेस्क्यू
घटना की सूचना मिलने के बाद क्षेत्र में नि:शुल्क सर्प मित्र के रूप में सेवा देने वाले शिवम मुड़िया मौके पर पहुंचे। उन्होंने सावधानी के साथ रेस्क्यू अभियान चलाया और जहरीले कोबरा को पकड़कर सुरक्षित जंगल में छोड़ दिया। घटना की जानकारी मिलने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने तोते की बहादुरी की प्रशंसा करते हुए कहा कि उसकी वजह से परिवार की जान बच सकी।
ये भी पढ़ें: बेगमगंज: किसानों को खाद मिलने में परेशानी, वेयरहाउस में यूरिया वितरण पर उठे सवाल; टोकन व्यवस्था में साठगांठ का आरोप
बरसात में घरों तक पहुंच जाते हैं सांप
विशेषज्ञों के अनुसार, इंडियन कोबरा भारत के खतरनाक जहरीले सांपों में शामिल है। इसका जहर शरीर के तंत्रिका तंत्र पर तेजी से असर करता है और समय पर इलाज नहीं मिलने पर यह जानलेवा हो सकता है। बरसात के मौसम में सांप अक्सर अपने बिलों में पानी भर जाने के कारण सुरक्षित जगह की तलाश में घरों, आंगनों और अन्य स्थानों तक पहुंच जाते हैं। ऐसे में घर के आसपास साफ-सफाई रखना, लकड़ी-कबाड़ जैसी चीजें जमा नहीं होने देना और रात के समय दरवाजे-खिड़कियां बंद रखना जरूरी है।
सांप दिखे तो न करें हमला
विशेषज्ञों का कहना है कि घर में सांप दिखाई देने पर उसे मारने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। इसकी जगह तुरंत प्रशिक्षित सर्प मित्र या वन विभाग को सूचना देनी चाहिए ताकि सांप को सुरक्षित तरीके से रेस्क्यू किया जा सके।
ये भी पढ़ें: लखनादौन में सहकारी बैंक पर ठगी का आरोप, गरीबों की मेहनत की कमाई लेकर संचालक फरार
तोते की कुर्बानी ने पेश की मिसाल
देवरी कला की यह घटना परिवार के लिए खुशी और दुख दोनों लेकर आई। एक ओर जहां परिवार के लोग सुरक्षित बच गए, वहीं दूसरी ओर उन्हें अपने प्यारे तोते को खोने का दुख है। लेकिन इस छोटे से पक्षी की सतर्कता ने इंसान और पशु-पक्षियों के बीच के अनोखे रिश्ते की मिसाल पेश कर दी। उसकी आवाज ने न सिर्फ खतरे का संकेत दिया बल्कि पूरे परिवार को एक बड़े हादसे से बचा लिया।
Edited By: Sumit Shrivastava















