🌤️
--Bhopal, India

PlayBreaking News

लखनादौन में सहकारी बैंक पर ठगी का आरोप, गरीबों की मेहनत की कमाई लेकर संचालक फरार

लखनादौन में एक सहकारी बैंक पर गरीबों की मेहनत की कमाई ठगने का गंभीर आरोप लगा है। बैंक संचालक उनकी गाढ़ी कमाई लेकर फरार हो गया है, जिससे इलाके में हड़कंप और पीड़ितों में गहरा आक्रोश है।
Follow on Google News
लखनादौन में सहकारी बैंक पर ठगी का आरोप

सिवनी जिले के लखनादौन में गरीब और मेहनतकश लोगों के साथ कथित वित्तीय ठगी का मामला सामने आया है। राना क्रेडिट कोऑपरेटिव सहकारी समिति मर्यादित के नाम से संचालित संस्था पर सैकड़ों खाताधारकों की जमा पूंजी लेकर फरार होने के आरोप लगे हैं। बैंक कार्यालय पर ताला लगने के बाद बड़ी संख्या में पीड़ित लोग लखनादौन थाने पहुंचे और संचालकों के खिलाफ शिकायत दर्ज कर कार्रवाई की मांग की। पीड़ितों का कहना है कि उन्होंने अपनी मेहनत की कमाई सुरक्षित भविष्य की उम्मीद में जमा कराई थी लेकिन अब उन्हें अपना पैसा वापस मिलने की चिंता सता रही है।

रोजाना किस्तों और एफडी के जरिए जमा कराई गई रकम

जानकारी के मुताबिक, वर्ष 2019 से इस संस्था के माध्यम से क्षेत्र के सब्जी विक्रेताओं, हाथ ठेला लगाने वालों और अन्य छोटे कारोबारियों से रोजाना किस्तों के रूप में पैसे जमा कराए जा रहे थे। इसके अलावा लोगों को अधिक ब्याज देने का भरोसा दिलाकर फिक्स्ड डिपॉजिट (FD) भी कराई गई। कई खाताधारकों ने अपनी बचत और जरूरत का पैसा संस्था में जमा किया था। लेकिन जब एफडी की अवधि पूरी होने के बाद लोगों ने भुगतान की मांग की, तो कथित तौर पर बैंक के अध्यक्ष, सदस्य और कर्मचारी कार्यालय बंद कर गायब हो गए।

ये भी पढ़ें: बेगमगंज: किसानों को खाद मिलने में परेशानी, वेयरहाउस में यूरिया वितरण पर उठे सवाल; टोकन व्यवस्था में साठगांठ का आरोप

करीब 80 लाख रुपए के लेनदेन की जानकारी

लखनादौन थाना प्रभारी के अनुसार, मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। शुरुआती जांच में करीब 80 लाख रुपए के लेनदेन की जानकारी सामने आई है। पुलिस ने बताया कि मामले की पूरी जानकारी के लिए कार्यालय उपायुक्त सहकारिता, जिला सिवनी से जांच रिपोर्ट मांगी गई है। रिपोर्ट मिलने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

विधायक दिनेश राय मुनमुन ने दिया कार्रवाई का भरोसा

मामले को लेकर क्षेत्रीय विधायक दिनेश राय मुनमुन ने गरीब लोगों के साथ हुई इस कथित ठगी को गंभीर बताया है। उन्होंने कहा कि लखनादौन क्षेत्र में गरीब लोगों को लालच देकर फर्जी कंपनियों और संस्थाओं के माध्यम से ठगी की घटनाएं सामने आ रही हैं। इस मामले को जिला प्रशासन से लेकर भोपाल स्तर तक उठाया जाएगा। विधायक ने कहा कि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए और जिन लोगों की मेहनत की कमाई फंसी है, उन्हें न्याय दिलाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएंगे।

ये भी पढ़ें: छिंदवाड़ा में 3 शावकों के साथ दिखी मादा तेंदुआ, गांव में दहशत; वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

जांच में जुटी पुलिस और सहकारिता विभाग

फिलहाल पुलिस और सहकारिता विभाग पूरे मामले की जांच कर रहे हैं। अधिकारियों की रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई तय होगी। वहीं दूसरी ओर अपनी जीवनभर की जमा पूंजी गंवाने वाले सैकड़ों खाताधारक अब प्रशासन से मदद की उम्मीद लगाए बैठे हैं। पीड़ितों की मांग है कि दोषियों के खिलाफ जल्द कार्रवाई कर उनकी जमा राशि वापस दिलाई जाए।

Edited By: Sumit Shrivastava

Thakur Singh
By Thakur Singh
icon

Latest Posts