बेगमगंज: किसानों को खाद मिलने में परेशानी, वेयरहाउस में यूरिया वितरण पर उठे सवाल; टोकन व्यवस्था में साठगांठ का आरोप

बेगमगंज। किसानों का आरोप है कि कुछ कथित दलाल सीधे वेयरहाउस के अंदर जाकर टोकन प्राप्त कर खाद ले जा रहे हैं। वहीं दर्जनों किसान सुबह से शाम तक लाइन में लगने के बाद भी टोकन से वंचित रह जाते हैं। मामले में एसडीएम प्रियंका भलावी ने जांच कर दोषियों पर कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
टोकन वितरण प्रणाली पर किसानों ने उठाए सवाल
बेगमगंज स्थित वेयरहाउस में टोकन वितरण प्रणाली को लेकर किसानों ने गंभीर आरोप लगाए हैं। किसानों का कहना है कि टोकन वितरण में साठगांठ और पक्षपात किया जा रहा है। वास्तविक किसानों को घंटों लाइन में खड़ा रहना पड़ता है, जबकि कुछ कथित दलाल सीधे वेयरहाउस के अंदर जाकर टोकन प्राप्त कर लेते हैं। इसके बाद वे तत्काल खाद लेकर बाहर निकल जाते हैं।
एमपी में पटवारियों की हड़ताल खत्म, सीएम मोहन यादव के आश्वासन के बाद काम पर लौटे कर्मचारी
सुबह से लाइन में लगे रहे किसान, फिर भी नहीं मिली खाद
शुक्रवार को बड़ी संख्या में किसान सुबह से ही वेयरहाउस के बाहर टोकन मिलने की उम्मीद में कतार में खड़े रहे। किसानों का कहना है कि दिनभर इंतजार करने के बाद भी उन्हें टोकन नहीं मिल पाता, जबकि कुछ लोग कर्मचारियों से सीधे संपर्क कर अंदर प्रवेश कर लेते हैं। आरोप है कि ये लोग टोकन लेकर सीधे हम्मालों को पर्ची सौंपते हैं और बिना किसी इंतजार के यूरिया और डीएपी खाद प्राप्त कर लेते हैं।
किसानों का फूटा गुस्सा
ग्राम पलोह के किसान संजय सक्सेना, गोकलपुर के मुन्ना, किशन लोधी, जालम सिंह, ग्राम कोलुआ के किसान रामकृष्ण आशिक पटेल और रामकिशन पटेल सहित कई किसानों ने बताया कि दर्जनों किसान सुबह से शाम तक लाइन में लगे रहते हैं, लेकिन उनकी बारी नहीं आती। वहीं कुछ लोगों को विशेष सुविधा मिलने से किसानों में भारी नाराजगी है। किसानों का कहना है कि कई किसानों को खाद के लिए लगातार कई दिनों तक वेयरहाउस के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, जिससे खेती के जरूरी कार्य प्रभावित हो रहे हैं।
पाखंड नहीं, सच्चे भाव से करें शिव की आराधना: कुबेरेश्वरधाम से पंडित प्रदीप मिश्रा का भावपूर्ण संदेश
शिकायत पर एसडीएम ने दिए जांच के निर्देश
किसानों ने यह भी आरोप लगाया कि वेयरहाउस प्रभारी और कर्मचारी उनकी समस्याएं सुनने के बजाय सीधे बातचीत करने से भी बचते हैं। इससे किसानों में असंतोष लगातार बढ़ रहा है। किसानों का कहना है कि अगर टोकन वितरण पूरी तरह पारदर्शी तरीके से किया जाए और सभी को क्रमवार खाद उपलब्ध कराई जाए तो ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होगी। इसको लेकर अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) बेगमगंज प्रियंका भलावी ने कहा कि यदि टोकन और खाद वितरण में किसी प्रकार की अनियमितता या गड़बड़ी की शिकायत मिली है तो पूरे मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।
Edited By: Rohit Sharma












