Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

कटिहार में पप्पू यादव के काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार, गड्ढे में गिरी पुलिस एस्कॉर्ट; 5 घायल, सांसद बाल-बाल बचे

बिहार के कटिहार में पूर्णिया सांसद पप्पू यादव के काफिले की पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी सड़क किनारे गड्ढे में जा गिरी। हादसे में 5 लोग घायल हुए, जबकि पप्पू यादव बाल-बाल बच गए। सांसद ने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार कंपनी और PWD अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की है।
कटिहार में पप्पू यादव के काफिले की गाड़ी हादसे का शिकार, गड्ढे में गिरी पुलिस एस्कॉर्ट; 5 घायल, सांसद बाल-बाल बचे
कटिहार में सांसद पप्पू यादव के काफिले की पुलिस एस्कॉर्ट गाड़ी गड्ढे में गिर गई।

बिहार के पूर्णिया से निर्दलीय सांसद और कांग्रेस नेता पप्पू यादव के काफिले की गाड़ी कटिहार में सड़क हादसे का शिकार हो गई। उनकी सुरक्षा में चल रही पुलिस की एस्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। इस दुर्घटना में पांच लोग घायल हो गए। हालांकि, पप्पू यादव इस हादसे में बाल-बाल बच गए। घटना के बाद सांसद ने अपना कार्यक्रम बीच में ही छोड़ दिया और पूर्णिया लौट गए। हादसे के बाद पप्पू यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने सड़क निर्माण में लापरवाही का आरोप लगाते हुए ठेकेदार कंपनी और PWD अधिकारियों पर सवाल उठाए हैं।

कैसे हुआ पप्पू यादव के काफिले का एक्सीडेंट?

जानकारी के मुताबिक, पप्पू यादव कटिहार जिले के सालमारी में आयोजित एक निजी कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान कदवा थाना क्षेत्र के कुम्हरी पेट्रोल पंप के पास उनके काफिले के साथ चल रही पुलिस की स्कॉर्ट गाड़ी अचानक अनियंत्रित हो गई। बताया जा रहा है कि गाड़ी सड़क किनारे बने गड्ढे में जा गिरी। हादसा इतना अचानक हुआ कि काफिले में मौजूद लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में पुलिस स्कॉर्ट गाड़ी में सवार पांच लोगों को चोटें आई हैं। घटना की जानकारी मिलते ही घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया। वहीं, सांसद पप्पू यादव सुरक्षित रहे। हादसे के बाद उन्होंने अपना निर्धारित कार्यक्रम बीच में ही समाप्त कर दिया और पूर्णिया के लिए रवाना हो गए।

/img/99/1795408984348

बताई हादसे की पूरी कहानी

सड़क हादसे के बाद पप्पू यादव ने अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट साझा कर घटना की जानकारी दी। उन्होंने अपनी पोस्ट में लिखा, 'जाको राखे साइयां, मार सके ना कोई...' सांसद ने बताया कि कटिहार से सन्हौली जाने के दौरान उनकी स्कॉर्ट गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर गड्ढे में गिर गई। उन्होंने ईश्वर की कृपा और लोगों की दुआओं का जिक्र करते हुए कहा कि उनके सभी लोग सुरक्षित हैं। हालांकि, हादसे में पांच लोगों को चोटें आई हैं। किसी के गर्दन, किसी के माथे तो किसी की पीठ में चोट लगी है। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए भेजा गया है।

लापरवाही को बताया हादसे की वजह

पप्पू यादव ने इस दुर्घटना के लिए सड़क निर्माण में बरती जा रही लापरवाही को जिम्मेदार ठहराया है। उनका कहना है कि बेलोरी-सन्हौली-सालमारी मुख्य सड़क लंबे समय से खराब हालत में है। सांसद के मुताबिक, बाढ़ के समय से ही इस सड़क को नुकसान पहुंचा है, लेकिन इसके बावजूद अब तक इसका ठीक से निर्माण नहीं कराया गया। सड़क की खराब स्थिति और निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा इंतजामों की कमी के कारण लोगों की जान जोखिम में पड़ रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सड़क निर्माण का काम कर रही ठेकेदार कंपनी और PWD के अधिकारियों की उदासीनता के चलते यह हादसा हुआ। पप्पू यादव ने यह भी कहा कि दुर्घटनास्थल पर सुरक्षा से जुड़े जरूरी इंतजाम मौजूद नहीं थे। वहां न तो कोई चेतावनी बोर्ड लगाया गया था और न ही वाहन चालकों को सुरक्षित रास्ता दिखाने के लिए डायवर्जन बनाया गया था। इसके अलावा बैरिकेडिंग की भी व्यवस्था नहीं थी।

ठेकेदार कंपनी और PWD अधिकारियों पर उठाए सवाल

हादसे के बाद पप्पू यादव ने सड़क निर्माण से जुड़े जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदार कंपनी पर कार्रवाई की मांग उठाई है। उन्होंने ठेकेदार, एग्जीक्यूटिव इंजीनियर और एसडीओ को इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार बताया। सांसद का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का ध्यान नहीं रखा गया। अगर सड़क पर चेतावनी बोर्ड और बैरिकेडिंग होती तो इस तरह की दुर्घटना को टाला जा सकता था। उन्होंने बारिश और गीली मिट्टी का जिक्र करते हुए कहा कि यदि हालात कुछ अलग होते तो हादसा और भी गंभीर हो सकता था। इस घटना में पांच लोग घायल हुए हैं, लेकिन भविष्य में ऐसी लापरवाही किसी बड़े हादसे की वजह बन सकती है।

पप्पू यादव ने पूछा- बड़े हादसे के बाद ही क्यों जागते हैं अधिकारी?

सांसद ने सड़क निर्माण में लापरवाही को लेकर प्रशासनिक व्यवस्था पर भी सवाल उठाए। उन्होंने पूछा कि आखिर किसी बड़े हादसे के बाद ही जिम्मेदार अधिकारियों की नींद क्यों टूटती है? उनका कहना है कि सड़कों का निर्माण केवल काम पूरा करने तक सीमित नहीं होना चाहिए, बल्कि निर्माण के दौरान आम लोगों और वाहनों की सुरक्षा भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। सड़क निर्माण वाली जगहों पर चेतावनी बोर्ड, बैरिकेडिंग और वैकल्पिक रास्ते की व्यवस्था बेहद जरूरी है। खासकर बारिश और बाढ़ के बाद क्षतिग्रस्त सड़कों पर अतिरिक्त सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

निर्माण कार्यों की निगरानी पर फिर उठे सवाल

कटिहार में पप्पू यादव के काफिले की पुलिस गाड़ी का गड्ढे में गिरना सड़क सुरक्षा और निर्माण कार्यों की निगरानी को लेकर कई सवाल खड़े करता है। अक्सर सड़क निर्माण या मरम्मत के दौरान पर्याप्त सुरक्षा इंतजाम नहीं किए जाते। ऐसे में वाहन चालकों को अचानक गड्ढे, मिट्टी या अधूरे निर्माण का सामना करना पड़ता है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts