पहलगाम आतंकी हमले के हमलावर की पहली तस्वीर आई सामने, हाथ में एके-47 लिए नजर आया आतंकी, NIA और सेना का सर्च ऑपरेशन तेज

श्रीनगर। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में मंगलवार को हुए आतंकी हमले ने देश को झकझोर कर रख दिया। हमले में 28 लोगों की मौत और 17 लोग घायल हुए। अब इस हमले से जुड़ी एक हमलावर की पहली तस्वीर सामने आई है, जिसमें वह हाथ में बंदूक थामे नजर आ रहा है। हालांकि उसका चेहरा साफ नहीं दिख रहा।
बैसारन घाटी में चुन-चुनकर लोगों को बनाया निशाना
यह हमला पहलगाम की बैसारन घाटी में उस वक्त हुआ, जब दर्जनों पर्यटक घुड़सवारी करते हुए घाटी में घूम रहे थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हमलावरों ने धार्मिक पहचान पूछकर टारगेट किया। हमले की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि कई पर्यटक मौके पर ही खून से लथपथ होकर गिर पड़े।
सुरक्षाबलों का व्यापक ऑपरेशन, NIA की एंट्री
हमले के बाद से सेना, सीआरपीएफ, एसओजी और जम्मू पुलिस ने पूरे इलाके को घेर लिया है। हेलीकॉप्टर और ड्रोन से निगरानी की जा रही है। एनआईए की टीम भी मौके पर पहुंच चुकी है और फॉरेंसिक एक्सपर्ट घटनास्थल से सुराग जुटा रहे हैं। पहलगाम में सुरक्षाबलों का पहला ऑपरेशन खत्म होते ही एनआईए ने घटनास्थल को टेकओवर कर लिया।





















