दोस्त के साथ पचमढ़ी घूमने गई 17 वर्षीय छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, दोस्त को बंधक बनाकर जंगल ले गए तीन आरोपी

पचमढ़ी। नर्मदापुरम के पचमढ़ी में 17 वर्षीय नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। घटना 19 अगस्त की दोपहर की है। छात्रा स्कूल फ्रेंड के साथ पचमढ़ी घूममने गई थी। दोपहर करीब 2 बजे बस स्टैंड पर उसकी मुलाकात जिप्सी चालक हरिओम से हुई। उस समय उसके साथ पवन बंसल और अभिषेक वंशकार भी मौजूद थे। इसके बाद तीनों छात्रा और उसके दोस्त को जिप्सी से घुमाने के बहाने अपने साथ ले गए।
विरोध करने पर दोस्त को जिप्सी से बांधने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, तीनों आरोपियों ने छात्रा और उसके दोस्त को दक्षिण स्काउट गाइड के पास स्थित जंगल की ओर ले गए। वहां दोनों को कथित तौर पर डराया-धमकाया गया। विरोध करने पर छात्रा के दोस्त को जिप्सी से बांध दिया गया। इसके बाद आरोपियों ने नाबालिग छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। घटना के बाद दोनों को वापस बस स्टैंड पर छोड़ दिया गया। आरोप है कि आरोपियों ने घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद छात्रा बेहद डरी हुई थी और उसने स्कूल जाना भी बंद कर दिया।
ये भी पढ़ें: हरदा में 57 वर्षीय महिला की गला घोंटकर की हत्या, लूट की आशंका, हिरासत में तीन संदेही
बहन को बताई घटना, थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत
छात्रा के लगातार स्कूल नहीं जाने पर उसकी बड़ी बहन ने उससे कारण पूछा। इसके बाद छात्रा ने बहन को पूरी घटना की जानकारी दी। रविवार रात वह अपने परिजनों के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची और पुलिस को शिकायत दी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पिपरिया से महिला सब-इंस्पेक्टर मोनिका सिंह पचमढ़ी पहुंचीं और नाबालिग के बयान दर्ज किए। पुलिस ने हरिओम, पवन बंसल और अभिषेक वंशकार के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 70(2), 115(2), 351(3), 3(5) और पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। एसपी सांई कृष्णा एस थोटा के मुताबिक कि शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मामले की जांच जारी है।
ये भी पढ़ें: नहाते समय का बनाया वीडियो, फिर किया ब्लैकमेल, युवती ने लगाए पिता के दोस्त पर गंभीर आरोप
छात्रा की रिपोर्ट पर तत्काल कार्रवाई की
रविवार शाम को पीड़ित छात्रा अपनी बहन के साथ पचमढ़ी थाने पहुंची थी। पुलिस ने उसकी रिपोर्ट दर्ज कर तत्काल कार्रवाई शुरू की। तीनों आरोपियों को रात में ही गिरफ्तार कर लिया गया।
सांई कृष्णा एस थोटा, एसपी, नर्मदापुरम




















