हरदा में 57 वर्षीय महिला की गला घोंटकर की हत्या, लूट की आशंका, हिरासत में तीन संदेही

हरदा। मध्य प्रदेश के हरदा के टिमरनी में सोमवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक घर में 57 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में मिला। घटना टिमरनी के वार्ड नंबर 7 स्थित ठाकुर बाबा मोहल्ले की है। मृतका की पहचान पुष्पा गौर के रूप में हुई है। पुलिस को शुरुआती जांच में मामला हत्या और लूट से जुड़ा हुआ लग रहा है।
बिलपत्र लेने पहुंची पड़ोसी महिला, तब हुआ खुलासा
जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 8 बजे पड़ोस में रहने वाली एक महिला बेलपत्र लेने पुष्पा गौर के घर पहुंची थी। वहां उसने पुष्पा को पलंग पर अचेत अवस्था में देखा। महिला ने तुरंत इसकी जानकारी उनके भाई अनुराग गौर को दी। अनुराग ने मामले की सूचना पुलिस को दी। खबर मिलते ही एएसपी अमित कुमार मिश्रा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया।
बिजली के तार से गला घोंटने का शक
पुलिस की शुरुआती जांच में आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या बिजली के तार से गला घोंटकर की गई। पुलिस को शक है कि वारदात के पीछे लूट की नीयत हो सकती है। जांच में सामने आया कि पुष्पा गौर के गले से सोने की माला और कान के कुंडल गायब थे। वहीं, पलंग के पास सोने का एक मोती भी टूटा हुआ मिला। इससे पुलिस को आशंका है कि महिला के गले से माला जबरन खींची गई होगी।
तीन साल से घर में अकेली रह रही थीं पुष्पा
पुष्पा गौर पिछले करीब तीन साल से अकेले अपने घर में रह रही थीं। उनके पति अशोक गौर का करीब 19 साल पहले निधन हो गया था। उनका इकलौता बेटा नवीन गौर भी तीन साल पहले एक सड़क हादसे में जान गंवा चुका था। इसके बाद पुष्पा घर में अकेली रहती थीं। उनके भाई और दूसरे रिश्तेदार समय-समय पर उनकी देखभाल करते थे। पुलिस अब यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि घटना से पहले उनके घर के आसपास कौन-कौन लोग दिखाई दिए थे।
ये भी पढ़ें: जन्माष्टमी पर सिद्धपुर बनेगा मिनी वृंदावन, 5 सितंबर को प्रदेशभर की टीमें मटकी फोड़ में दिखाएंगी दमखम
फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड ने शुरू की जांच
मामले की गंभीरता को देखते हुए नर्मदापुरम से फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड को मौके पर बुलाया गया है। टीम घटनास्थल से सबूत जुटाने और वारदात से जुड़े सुराग तलाशने में लगी है। पुलिस ने हत्या और लूट की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घटनास्थल और आसपास के इलाकों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
तीन संदिग्ध हिरासत में, पूछताछ जारी
पुलिस ने मामले में फिलहाल तीन संदिग्धों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि वारदात के पीछे कौन लोग शामिल हैं और महिला के घर से गायब हुए गहने कहां हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है। अधिकारियों को उम्मीद है कि जल्द ही घटना का खुलासा कर आरोपियों तक पहुंचा जाएगा।





















