ऑपरेशन सिंदूर को 1 साल पूरा :पीएम मोदी ने बदली DP, सेना के शौर्य को किया सलाम

नई दिल्ली। आज 7 मई की तारीख देश के लिए बेहद खास मानी जा रही है। ठीक एक साल पहले भारत ने पहलगाम आतंकी हमले का ऐसा जवाब दिया था, जिसकी गूंज पाकिस्तान तक सुनाई दी थी। भारतीय सशस्त्र बलों ने आतंकियों के खिलाफ बड़ी सैन्य कार्रवाई करते हुए पाकिस्तान और पाकिस्तान अधिकृत कश्मीर (PoK) में मौजूद आतंकी ठिकानों को तबाह कर दिया था। इस ऐतिहासिक मिशन को भारत सरकार ने ‘ऑपरेशन सिंदूर’ नाम दिया था।
ऑपरेशन सिंदूर की पहली वर्षगांठ पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी प्रोफाइल फोटो (DP) बदल दी। नई DP में ऑपरेशन सिंदूर का आधिकारिक लोगो और भारतीय तिरंगा दिखाई दे रहा है। पीएम मोदी के इस कदम के बाद कई केंद्रीय मंत्रियों, सरकारी अधिकारियों और विदेशों में मौजूद भारतीय दूतावासों ने भी अपनी DP अपडेट की।
PM मोदी बोले- हमारी सेनाओं ने दिखाया अद्वितीय साहस
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ऑपरेशन सिंदूर को याद करते हुए X पर लिखा कि, एक साल पहले भारतीय सशस्त्र बलों ने अद्वितीय साहस, सटीकता और दृढ़ संकल्प का प्रदर्शन किया था। उन्होंने कहा कि पहलगाम में निर्दोष भारतीयों पर हमला करने वालों को सेना ने मुंहतोड़ जवाब दिया।
पीएम मोदी ने कहा कि, ऑपरेशन सिंदूर आतंकवाद के खिलाफ भारत की कठोर नीति और राष्ट्रीय सुरक्षा की रक्षा के प्रति अटूट प्रतिबद्धता का प्रतीक बना। उन्होंने यह भी कहा कि इस ऑपरेशन ने सेना की पेशेवर क्षमता, तैयारियों और तीनों सेनाओं के बीच मजबूत तालमेल को दुनिया के सामने रखा। प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि, भारत आज भी आतंकवाद और उसके समर्थन तंत्र को खत्म करने के अपने संकल्प पर मजबूती से कायम है।
भारतीय वायुसेना ने जारी किया खास वीडियो
ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय वायुसेना ने भी एक वीडियो जारी किया। इस वीडियो में पहलगाम आतंकी हमले की झलकियां, प्रधानमंत्री मोदी की चेतावनी और भारतीय सेना की कार्रवाई दिखाई गई। वीडियो में यह भी दिखाया गया कि किस तरह भारतीय सेना ने मिशन की तैयारी कर पाकिस्तान में बैठे आतंकियों के ठिकानों को नेस्तनाबूद किया। वीडियो शेयर करते हुए भारतीय वायुसेना ने लिखा, ऑपरेशन सिंदूर… न्याय मिल गया। कार्रवाई सटीक, यादें हमेशा। भारत कुछ नहीं भूलता, भारत कभी नहीं माफ करता।
राजनाथ सिंह ने सेना के शौर्य को किया नमन
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी ऑपरेशन सिंदूर की वर्षगांठ पर भारतीय सेनाओं की वीरता को सलाम किया। उन्होंने कहा कि इस ऑपरेशन के दौरान भारतीय सेनाओं ने अद्वितीय सटीकता, शानदार समन्वय और तीनों सेनाओं के बीच बेहतरीन तालमेल दिखाया, जिसने आधुनिक सैन्य अभियानों के लिए नया मानक स्थापित किया। राजनाथ सिंह ने कहा कि ऑपरेशन सिंदूर भारत के राष्ट्रीय संकल्प और सैन्य तैयारी का सशक्त प्रतीक है। उन्होंने इसे रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर भारत की बढ़ती ताकत का भी उदाहरण बताया।
CM योगी बोले- नए भारत के आत्मविश्वास का प्रतीक
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी ऑपरेशन सिंदूर को नए भारत की ताकत और निर्णायक नेतृत्व का प्रतीक बताया। उन्होंने कहा कि इस अभियान ने दुनिया को साफ संदेश दिया कि भारत अपनी सुरक्षा, संप्रभुता और सम्मान से कोई समझौता नहीं करता। योगी ने भारतीय जवानों के साहस और बलिदान को राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति बताया और कहा कि यह ऑपरेशन आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा है।
9 आतंकी ठिकानों पर हुआ था हमला
ऑपरेशन सिंदूर सिर्फ सीमित कार्रवाई नहीं थी, बल्कि जल, थल और नभ तीनों सेनाओं का संयुक्त मिशन था। भारतीय सेना ने पाकिस्तान और PoK में मौजूद 9 बड़े आतंकी ठिकानों को निशाना बनाया था। पाकिस्तान के बहावलपुर और मुरीदके जैसे शहरों में स्थित आतंकी अड्डों पर सटीक मिसाइल हमले किए गए। वहीं PoK के मुजफ्फराबाद और कोटली में मौजूद आतंकी कमांड सेंटरों को पूरी तरह तबाह कर दिया गया। बताया गया कि ये ठिकाने जैश-ए-मोहम्मद (JeM) और लश्कर-ए-तैयबा (LeT) जैसे आतंकी संगठनों के बड़े केंद्र थे, जिनका नाम पुलवामा हमले और मुंबई हमले जैसी घटनाओं से जुड़ चुका है।
यह भी पढ़ें: पहलगाम हमले का बदला याद है? ऑपरेशन सिंदूर की बरसी पर IAF का VIDEO देख कांपे दुश्मन
क्यों शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर?
यह सैन्य अभियान कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुरू किया गया था। उस हमले में निर्दोष भारतीयों को निशाना बनाया गया था। इसके बाद भारत सरकार ने साफ कर दिया था कि आतंकवाद और उसके समर्थन तंत्र को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
ऑपरेशन सिंदूर को भारत की अब तक की सबसे सटीक और बड़े स्तर की जवाबी कार्रवाई माना गया। इस अभियान ने यह संदेश दिया कि भारत अब आतंकियों के सुरक्षित ठिकानों तक पहुंचकर जवाब देने में सक्षम है।











