Death Ball Sponge:समंदर की गहराई से निकला मौत का गोला, एक ऐसा पौधा जो शिकार को जिंदा खा जाता है

वैज्ञानिकों की एक टीम ने धरती के सबसे दूर और ठंडे इलाकों में से एक दक्षिण महासागर की गहराइयों में 30 नई समुद्री जीव प्रजातियाँ खोजी हैं। इन जीवों को इससे पहले कभी नहीं देखा गया। यह खोज समुद्र के ज्वालामुखीय इलाकों, साउथ सैंडविच ट्रेंच और मॉन्टागु व सॉन्डर्स द्वीपों के पास की गई। इन सभी में सबसे अनोखी खोज डेथ बॉल स्पंज रही, यह एक मांसाहारी स्पंज है जो अपने शिकार को पकड़कर खा जाता है, और इसने वैज्ञानिकों को हैरान कर दिया।
डेथ बॉल स्पंज
वैज्ञानिकों के अनुसार, डेथ बॉल स्पंज गोल आकार का होता है और इसकी सतह पर छोटे-छोटे कांटे जैसे हुक होते हैं। ये हुक किसी भी छोटे जीव को अपने अंदर फँसाकर खत्म कर देते हैं। आमतौर पर स्पंज बहुत शांत स्वभाव के होते हैं और पानी से भोजन छानकर खाते है, लेकिन ये स्पंज उनसे बिल्कुल अलग है, ये एक खतरनाक शिकारी की तरह काम करता है। ये खोज दिखाती है कि समुद्र की गहराइयों में अभी भी जीवन की कितनी अद्भुत और रहस्यमयी विविधता छिपी हुई है।
जॉम्बी वर्म क्या है
खोज के दौरान वैज्ञानिकों को जॉम्बी वर्म भी मिले, एक ऐसी प्रजाति जिनके पास न तो मुंह है और न ही पेट। ये जीव व्हेल जैसी बड़ी मछलियों की हड्डियों में मौजूद वसा को विशेष बैक्टीरिया की मदद से तोड़कर खाते हैं। ऐसी खोज दिखाती है कि समुद्र के नीचे जीवन के तरीके धरती के किसी भी हिस्से से कितने अलग हैं।

दक्षिण महासागर की जैव विविधता
ओशन सेंसस की प्रमुख वैज्ञानिक डॉ. मिशेल टेलर ने बताया- हमने अब तक इस अभियान से एकत्र किए गए नमूनों का केवल 30% ही जांचा है। इसके बावजूद 30 नई प्रजातियों की पुष्टि होना बताता है कि समुद्र में अभी भी कितनी अनदेखी जैव विविधता छिपी है। उन्होंने बताया कि अब वैज्ञानिक एक दशक का काम कुछ महीनों में पूरा करने की कोशिश कर रहे हैं ताकि खोज को तेज़ किया जा सके।
यह रोमांचक अभियान श्मिट ओशन इंस्टीट्यूट के रिसर्च जहाज पर किया गया। वैज्ञानिकों ने साउथ सैंडविच द्वीप समूह के आसपास ज्वालामुखीय कैल्डेरा और समुद्र के तल का विस्तार से सर्वे किया। इस मिशन में लगभग 2,000 समुद्री नमूने इकट्ठा किए गए और हजारों तस्वीरें और वीडियो बनाए गए। सबसे रोमांचक खोजों में शामिल हैं 700 मीटर की गहराई पर हाइड्रोथर्मल वेंट्स, रंग-बिरंगे कोरल गार्डन और समुद्री ज्वालामुखी विस्फोट के सबूत भी शामिल हैं।




















