पूरी जिंदगी भीख मांगती रही महिला, मौत के बाद घर खुला तो उड़ गए सबके होश; 30 से ज्यादा बोरियों में मिला लाखों का कैश

कर्नाटक के मांड्या जिले से एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को हैरान कर दिया है। यहां एक बुजुर्ग महिला लंबे समय से भीख मांगकर अपना जीवन चला रही थी। आसपास के लोग उसे बेहद गरीब महिला समझते थे। लेकिन उसकी मौत के बाद जब घर की तलाशी ली गई तो वहां जो मिला, उसे देखकर हर कोई चौंक गया। महिला के घर से नोटों से भरी 30 से ज्यादा प्लास्टिक की बोरियां मिली हैं। इन बोरियों में 10, 20 और 50 रुपये के हजारों नोट रखे हुए थे। इतनी बड़ी संख्या में नोट देखकर लोगों को समझ नहीं आया कि आखिर एक महिला, जो सालों से भीख मांगकर गुजारा कर रही थी, उसके पास इतना पैसा कहां से आया। हालात ऐसे थे कि नोटों की गिनती के लिए मशीन तक मंगानी पड़ी। शुरुआती गिनती में ही लाखों रुपये सामने आ चुके हैं, जबकि बड़ी संख्या में बोरियों की गिनती अभी बाकी है।
कौन थी हूर उन्निसा?
जानकारी के मुताबिक, यह मामला कर्नाटक के मांड्या जिले के गुथालू इलाके का है। यहां हूर उन्निसा नाम की बुजुर्ग महिला अपनी बहन के साथ रहती थी। दोनों बहनों ने शादी नहीं की थी और लंबे समय तक साथ रहकर अपना जीवन बिताया। बताया जा रहा है कि दोनों बहनें भीख मांगकर अपना गुजारा करती थीं। इलाके में लोग उन्हें अक्सर भीख मांगते हुए देखते थे। इसी वजह से सभी की नजर में दोनों बेहद गरीब महिलाएं थीं। करीब दो साल पहले हूर उन्निसा की बहन की मौत हो गई। इसके बाद उन्निसा अकेली रह गईं। वह लंबे समय से बीमार भी चल रही थीं। रविवार को बीमारी के चलते उनकी मौत हो गई।
इंदौर का करोड़पति भिखारी? 3 मकान, 2 ऑटो और कार का मालिक, संपति देख प्रशासन दंग
मौत के बाद खुला पैसों का राज
हूर उन्निसा की मौत के बाद आसपास के लोगों ने उनके घर की तलाशी ली। इसी दौरान घर के अंदर रखी प्लास्टिक की बोरियों पर लोगों की नजर पड़ी। जब बोरियों को खोला गया तो अंदर नोटों की गड्डियां और बड़ी संख्या में छोटे नोट देखकर लोग हैरान रह गए। एक-दो नहीं, बल्कि 30 से ज्यादा बोरियों में नकदी रखी हुई थी। बोरियों में मुख्य रूप से 10, 20 और 50 रुपये के नोट बताए जा रहे हैं। नोटों की संख्या इतनी ज्यादा थी कि उन्हें हाथ से गिनना मुश्किल हो गया। इसके बाद नोटों की गिनती के लिए मशीन मंगाई गई। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें बड़ी संख्या में नोट और उन्हें गिनने की प्रक्रिया दिखाई दे रही है।
अब तक लाखों रुपये की गिनती
हूर उन्निसा के घर से मिले पैसों की गिनती अभी पूरी नहीं हुई है। जानकारी के अनुसार, अब तक करीब 8 से 9 लाख रुपये गिने जा चुके हैं। लेकिन यह सिर्फ शुरुआती रकम है। घर से मिली करीब 20 बोरियों की गिनती अभी बाकी बताई जा रही है। ऐसे में कुल रकम कितनी होगी, इसका सही पता पूरी गिनती के बाद ही चल पाएगा। छोटे नोटों की संख्या बहुत ज्यादा होने के कारण पूरी प्रक्रिया में समय लग रहा है। परिवार के लोगों की मौजूदगी में बाकी नकदी की गिनती किए जाने की बात सामने आई है।
हिमंता के बयान पर ओवैसी का पलटवार ; कहा- तुम 2 रुपए के भिखारी, कहो तो अकाउंट में पैसे भेज दू
मस्जिद की कस्टडी में रखा गया कैश
महिला की मौत के बाद घर से बरामद हुई नकदी को फिलहाल गुथालू इलाके की एक मस्जिद की कस्टडी में रखा गया है। बताया जा रहा है कि पैसे को सुरक्षित रखने के लिए यह कदम उठाया गया है। हूर उन्निसा के रिश्तेदारों को भी घर से इतनी बड़ी रकम मिलने की जानकारी दे दी गई है। अब बाकी बोरियों की गिनती रिश्तेदारों की मौजूदगी में कराई जाएगी।
सवालों के घेरे में आई इतनी बड़ी जमा-पूंजी
इस घटना ने लोगों के मन में कई सवाल खड़े कर दिए हैं। आखिर भीख मांगकर जीवन गुजारने वाली महिला ने इतने वर्षों में इतनी बड़ी रकम कैसे जमा की? क्या वह अपनी कमाई का अधिकांश हिस्सा खर्च नहीं करती थीं? और उन्होंने इस पैसे को घर में बोरियों के अंदर ही क्यों संभालकर रखा? फिलहाल इन सवालों के जवाब सामने नहीं आए हैं। पूरी रकम की गिनती और आगे की प्रक्रिया के बाद ही तस्वीर साफ हो सकेगी।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ मामला
हूर उन्निसा के घर से नोटों की बोरियां मिलने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से फैल रहा है। वीडियो देखने वाले लोग भी हैरानी जता रहे हैं। फिलहाल सबसे ज्यादा ध्यान बाकी बोरियों में मौजूद नकदी की गिनती पर है।




















