Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नदी साफ करने की मुहिम में जुटे बिट्टू की बिगड़ी तबीयत, गंदगी ने बिगाड़ी सेहत

मध्य प्रदेश के राजगढ़ में अजनार नदी की सफाई करने वाले 21 वर्षीय बिट्टू तवास उर्फ बिट्टू तबाही खुद बीमार पड़ गए हैं। 26 जनवरी 2026 से वह अकेले नदी की सफाई कर रहे हैं। प्रदूषित पानी के संपर्क में आने से उनके हाथ-पैरों में संक्रमण हो गया है। इसके बावजूद उनकी मुहिम जारी है।
नदी साफ करने की मुहिम में जुटे बिट्टू की बिगड़ी तबीयत, गंदगी ने बिगाड़ी सेहत
नदी साफ करने की मुहिम में जुटे बिट्टू की बिगड़ी तबीयत, लोग अब भी डाल रहे कचरा

मध्य प्रदेश के राजगढ़ जिले में एक युवक ने नदी को साफ करने का जिम्मा उठाया, लेकिन अब उसकी अपनी सेहत बिगड़ने लगी है। ब्यावरा के रहने वाले 21 साल के बिट्टू तवास, जिन्हें सोशल मीडिया पर 'बिट्टू तबाही' के नाम से जाना जाता है, अजनार नदी की सफाई में जुटे हुए हैं। कभी लोगों की जिंदगी का अहम हिस्सा रही यह नदी आज कचरे और गंदगी की वजह से नाले जैसी बन गई है। बिट्टू ने अकेले ही इसे साफ करने की मुहिम शुरू की, लेकिन लगातार गंदे पानी के संपर्क में रहने से वह खुद बीमार पड़ गए हैं। इसके बावजूद उन्होंने सफाई का काम नहीं छोड़ा है।

26 जनवरी से शुरू की नदी साफ करने की मुहिम

जानकारी के मुताबिक, बिट्टू तवास ने 26 जनवरी 2026 से अजनार नदी की सफाई शुरू की थी। मालवा के पठार से निकलने वाली यह नदी कभी इलाके के लोगों के लिए जीवन का बड़ा सहारा मानी जाती थी। लेकिन समय के साथ इसमें कचरा और गंदगी बढ़ती चली गई। धीरे-धीरे नदी की हालत इतनी खराब हो गई कि इसका पानी भी प्रदूषित हो गया। नदी की इस हालत को देखकर बिट्टू ने इसे साफ करने का फैसला किया। उनके पास कोई बड़ी मशीन या सरकारी मदद नहीं थी। वह दस्ताने, जूते, डंडे और दूसरे जरूरी औजारों की मदद से अकेले ही सफाई करने लगे। उनकी लगातार मेहनत से नदी की हालत में कुछ सुधार भी देखने को मिला।

गंदे पानी के संपर्क में आने से बिगड़ी तबीयत

लगातार प्रदूषित पानी और सड़े हुए कचरे के संपर्क में रहने का असर अब बिट्टू की सेहत पर पड़ने लगा है। उनके हाथों और पैरों में संक्रमण की शिकायत हो गई है। सोशल मीडिया पर शेयर किए गए उनके वीडियो में भी त्वचा से जुड़ी परेशानी दिखाई दे रही है। बिट्टू को लगातार खुजली और दर्द की समस्या हो रही है। इसके लिए वह दवाइयां भी ले रहे हैं। हालांकि, उनकी तबीयत खराब होने के बावजूद नदी की सफाई का काम जारी है। उनकी यह कोशिश दिखाती है कि वह अजनार नदी को पहले जैसी साफ-सुथरी देखना चाहते हैं।

लोगों की लापरवाही से बेकार हो रही मेहनत

बिट्टू ने सोशल मीडिया पर अपना वीडियो शेयर करते हुए बताया कि उनकी मेहनत पर पानी फिरता नजर आ रहा है। इसकी सबसे बड़ी वजह नदी में लगातार कचरा फेंकना है। वह एक तरफ नदी से गंदगी निकालते हैं, तो दूसरी तरफ लोग फिर से उसमें कचरा डाल देते हैं। ऐसे में नदी की सफाई करना उनके लिए लगातार मुश्किल होता जा रहा है। बिट्टू का कहना है कि जब तक लोग अपनी आदत नहीं बदलेंगे और नदी में कचरा डालना बंद नहीं करेंगे, तब तक सफाई की कोशिशों का पूरा फायदा नहीं मिलेगा।

ये भी पढ़ें: Bittu Tabahi: ‘अकेला इंसान क्या कर लेगा?’ एक फावड़ा लेकर नदी में उतरा MP का युवक, बदल दी अजनार नदी की तस्वीर

सोशल मीडिया पर लोगों ने जताई चिंता

बिट्टू का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद कई लोग उनकी मेहनत की तारीफ कर रहे हैं। वहीं, उनकी बिगड़ती सेहत को लेकर भी लोगों ने चिंता जताई है। कुछ यूजर्स ने उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखने और इलाज कराने की सलाह दी है। कई लोगों ने नदी में कचरा फेंकने वालों की लापरवाही पर नाराजगी भी जताई है। कुछ जानकारों ने उन्हें प्रदूषित पानी में उतरने से बचने और सफाई के दौरान जरूरी सुरक्षा इंतजाम करने की सलाह दी है। उनका मानना है कि नदी की सफाई जरूरी है, लेकिन इसके लिए सुरक्षित तरीके और जरूरी संसाधन भी होने चाहिए। अजनार नदी को साफ करने की बिट्टू की कोशिश सराहनीय है, लेकिन नदी को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी सिर्फ एक व्यक्ति की नहीं है। इसके लिए स्थानीय लोगों और प्रशासन को भी आगे आना होगा। अगर लोग नदी में कचरा डालना बंद नहीं करेंगे, तो बिट्टू जैसे लोगों की मेहनत अधूरी रह जाएगी।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...

Latest Posts