भिंड में जेल से फरार पॉक्सो आरोपी 5 महीने बाद गिरफ्तार, मंदिर के पास छिपा था, पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़ा

भिंड। उप जेल गोहद के प्रहरियों को चकमा देकर फरार हुआ पॉक्सो आरोपी पांच महीने तक पुलिस की पकड़ से बाहर रहा। पुलिस उसकी तलाश में जुटी रही, लेकिन वह लगातार ठिकाने बदलकर बचता रहा।
आखिरकार मुखबिर की सटीक सूचना ने उसकी फरारी पर विराम लगा दिया। गोहद और मौ थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम रतवा स्थित मानसा देवी मंदिर के पास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी यहां छिपा हुआ था और मौका मिलते ही भागने की फिराक में था।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान अनिल गोयल (29) पुत्र स्वर्गीय राम सिंह गोयल, निवासी ग्राम छैराली थाना अमायन, हाल निवासी वार्ड क्रमांक 13 द्वारिकापुरी मौ के रूप में हुई है। वह एक बालिका की आत्महत्या से जुड़े मामले में पॉक्सो एक्ट सहित गंभीर धाराओं में दर्ज प्रकरण के चलते उप जेल गोहद में निरुद्ध था।
बालिका की आत्महत्या के मामले में था बंद
पुलिस के अनुसार, आरोपी अनिल पर एक बालिका से मोबाइल नंबर मांगने, उसके घर के सामने पहुंचकर गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने के आरोप थे। इन घटनाओं से परेशान होकर बालिका ने 29 सितंबर 2025 को अपने घर के कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी।
इस मामले में थाना मौ में अपराध क्रमांक 209/25 के तहत भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 107, 78, 351(3), 296 और पॉक्सो एक्ट की धारा 11/12 के तहत प्रकरण दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उप जेल गोहद में निरुद्ध कराया था।
8 जून को जेल प्रहरियों को दिया था चकमा
जेल में बंद रहने के दौरान 8 जून 2026 को आरोपी ने उप जेल गोहद के प्रहरियों को चकमा दिया और वहां से फरार हो गया। जेल से भागने के बाद उसके खिलाफ थाना गोहद में अपराध क्रमांक 116/26 के तहत बीएनएस की धारा 262 में एक और मामला दर्ज किया गया। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर मंदिर के पास घेराबंदी
पुलिस अधीक्षक सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल के निर्देशन तथा एसडीओपी गोहद महेंद्र कुमार गौतम के मार्गदर्शन में फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीम गठित की गई थी। 7 नवंबर 2026 को पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी मौ थाना क्षेत्र के ग्राम रतवा स्थित मानसा देवी मंदिर के पास छिपा हुआ है और वहां से भागने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही गोहद और मौ थाना पुलिस की संयुक्त टीम मौके पर पहुंची और मंदिर के आसपास घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
कार्रवाई में गोहद थाना प्रभारी निरीक्षक नरेंद्र सिंह कुशवाह, मौ थाना प्रभारी निरीक्षक रघुवीर सिंह मीणा, उपनिरीक्षक प्रवेंद्र सिंह, प्रधान आरक्षक राजेंद्र सिंह, आरक्षक पदम रावत, मोनू किरार, भानू सेंगर, चालक आरक्षक अमृत तोमर, आरक्षक मंगल सिंह, विवेक जाट और जीतू कुशवाह की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















