चित्रकूट के ऐतिहासिक गधा मेले में 72 हजार में बिका 'चंकी पांडे', अमिताभ और शाहरुख नाम के गधे भी बने आकर्षण

दीपावली के पावन पर्व पर धर्मनगरी चित्रकूट में मंदाकिनी नदी के तट पर पारंपरिक गधा मेले की शुरुआत हो गई है। सोमवार सुबह 6 बजे से शुरू हुए इस पांच दिवसीय मेले में पहले ही दिन से खरीदारों और व्यापारियों की भीड़ जुटने लगी है। इस बार मेले में काले रंग का 'चंकी पांडे' नाम का गधा खास आकर्षण रहा, जो भारी गहमागहमी के बीच 72 हजार रुपये में बिका। चित्रकूट का यह मेला अपनी अनोखी परंपरा के लिए देशभर में पहचान रखता है। यहां गधों की पहचान उनके नाम से भी होती है। पशुपालक अपने गधों के नाम बॉलीवुड के मशहूर कलाकारों अमिताभ बच्चन, शाहरुख खान, मिथुन चक्रवर्ती और संजय कपूर के नाम पर रखते हैं। इन नामों की आवाजें पूरे मेला परिसर में सुनाई देती हैं और खरीदारों का ध्यान आकर्षित करती हैं।
नस्ल और कद-काठी के आधार पर तय होती है कीमत
मेले में गधों की कीमत केवल उनके नाम के आधार पर तय नहीं होती। व्यापारी उनकी नस्ल, शारीरिक बनावट, कद-काठी, लंबाई, वजन उठाने की क्षमता और काम करने की ताकत को देखकर सौदा करते हैं। इस पांच दिवसीय मेले में मध्य प्रदेश, छत्तीसगढ़, पंजाब और राजस्थान समेत कई राज्यों से व्यापारी अपने पशुओं के साथ पहुंचे हैं। कई व्यापारी मेले से कुछ दिन पहले ही चित्रकूट आकर डेरा डाल लेते हैं। इस आयोजन में हर साल करोड़ों रुपये का कारोबार होने का अनुमान है।
मुगल काल से जुड़ी है मेले की परंपरा
स्थानीय इतिहासकारों के मुताबिक, चित्रकूट के इस गधा मेले की शुरुआत मुगल शासक औरंगजेब के शासनकाल में हुई थी। सदियों पुरानी यह परंपरा आज भी कायम है। समय के साथ मेले का स्वरूप बदला है, लेकिन पशुओं की खरीद-फरोख्त और ग्रामीणों के बीच इसका आकर्षण बरकरार है।
यूपी और राजस्थान की नस्लों की सबसे ज्यादा मांग
मंदाकिनी नदी के तट पर लगने वाले इस मेले में उत्तर प्रदेश और राजस्थान की नस्लों के गधों की मांग सबसे अधिक रहती है। इनकी मजबूत कद-काठी और अधिक वजन उठाने की क्षमता के कारण व्यापारी इन्हें पसंद करते हैं। ईंट-भट्टों और दुर्गम निर्माण स्थलों पर कठिन परिस्थितियों में काम करने के लिए भी इनकी उपयोगिता बताई जाती है।
Government Scheme : गधे पालने पर सरकार देगी 50 लाख रुपए, जानें किसे और कैसे मिलेंगे ये पैसे?
10 लाख रुपये में बिका था 'शाहरुख' नाम का गधा
चित्रकूट के गधा मेले में पहले भी बड़े सौदे हो चुके हैं। वर्ष 2021 में प्रयागराज के एक व्यापारी का 'शाहरुख' नाम का गधा 10 लाख रुपये में बिका था। वहीं, 'सलमान' नाम के गधे की कीमत 7 लाख रुपये लगी थी। इन रिकॉर्ड सौदों के चलते यह मेला पशुओं के अनोखे नामों के साथ-साथ महंगी खरीद-फरोख्त के लिए भी चर्चा में रहता है।




















