मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का बड़ा फेरबदल, सुसी वाइल्स की जगह स्टीफन मिलर को सौंपी कमान

अमेरिकी मिडटर्म चुनाव में हार के बाद डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बदलाव किया। सुसी वाइल्स की जगह स्टीफन मिलर नए चीफ ऑफ स्टाफ होंगे।
मिडटर्म चुनाव में हार के बाद ट्रंप का बड़ा फेरबदल, सुसी वाइल्स की जगह स्टीफन मिलर को सौंपी कमान

वाशिंगटन। अमेरिका में मिडटर्म चुनाव के नतीजों के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने व्हाइट हाउस में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने अपनी करीबी सहयोगी सुसी वाइल्स को चीफ ऑफ स्टाफ के पद से हटाकर उनकी जगह स्टीफन मिलर को नियुक्त करने का ऐलान किया है। मिलर 9 नवंबर से यह जिम्मेदारी संभालेंगे। रिपब्लिकन पार्टी की चुनाव में हार के कुछ दिन बाद हुए इस बदलाव को ट्रंप प्रशासन के लिए अहम माना जा रहा है।

ट्रंप ने सोशल मीडिया पर किया ऐलान

डोनाल्ड ट्रंप ने शुक्रवार को अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रुथ सोशल पर इस बदलाव की जानकारी दी। उन्होंने सुसी वाइल्स के काम की तारीफ करते हुए बताया कि अब वह उनके राजनीतिक संगठन के साथ काम करेंगी। वहीं, स्टीफन मिलर फिलहाल व्हाइट हाउस में डिप्टी चीफ ऑफ स्टाफ की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। अब 9 नवंबर से वह चीफ ऑफ स्टाफ का पद संभालेंगे। यह अमेरिकी राष्ट्रपति के सबसे करीबी और प्रभावशाली पदों में से एक माना जाता है।

कौन हैं स्टीफन मिलर?

स्टीफन मिलर लंबे समय से डोनाल्ड ट्रंप के भरोसेमंद सहयोगियों में शामिल हैं। साल 2016 में ट्रंप के पहले राष्ट्रपति चुनाव अभियान के दौरान वह उनकी टीम से जुड़े थे। शुरुआत में उन्होंने ट्रंप के भाषण लिखने का काम किया था। इसके बाद धीरे-धीरे वह उनके सबसे प्रभावशाली सलाहकारों में शामिल हो गए। मिलर की पहचान खासतौर पर इमिग्रेशन यानी आव्रजन से जुड़ी सख्त नीतियों को लेकर रही है। ट्रंप प्रशासन की सीमा सुरक्षा मजबूत करने और अवैध प्रवासियों को अमेरिका से बाहर भेजने की नीतियों को तैयार करने में उनकी अहम भूमिका रही है। चीफ ऑफ स्टाफ के तौर पर अब वह राष्ट्रपति के रोजमर्रा के कामकाज और प्रशासन के बीच तालमेल बनाने की जिम्मेदारी संभालेंगे।

Breaking News

कौन हैं सुसी वाइल्स?

सुसी वाइल्स भी ट्रंप की पुरानी और भरोसेमंद सहयोगी रही हैं। उन्होंने 2016 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की टीम के साथ काम किया था। साल 2020 में फ्लोरिडा में उनके चुनाव अभियान को संभाला और 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में भी देशभर में अभियान की जिम्मेदारी निभाई। ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में उन्हें व्हाइट हाउस का चीफ ऑफ स्टाफ बनाया गया था। वह इस पद पर नियुक्त होने वाली पहली महिला थीं। ट्रंप ने अपने पहले कार्यकाल के दौरान इस पद पर चार लोगों को बदला था, जबकि सुसी वाइल्स उनके दूसरे कार्यकाल में सबसे लंबे समय तक इस जिम्मेदारी पर रहीं। अब ट्रंप ने उन्हें अपने राजनीतिक संगठन के साथ काम करने की जिम्मेदारी देने की बात कही है। वाइल्स ने भी बयान जारी कर व्हाइट हाउस में काम करने को अपने जीवन का बड़ा सम्मान बताया और ट्रंप के मिशन के प्रति समर्थन जारी रखने की बात कही।

मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेट्स की जीत, ट्रंप के सामने बढ़ेंगी चुनौतियां

अमेरिका में 3 नवंबर को हुए मिडटर्म चुनाव में डेमोक्रेटिक पार्टी ने बड़ी जीत दर्ज की। पार्टी ने प्रतिनिधि सभा और सीनेट, दोनों सदनों में रिपब्लिकन का नियंत्रण खत्म कर दिया। इस नतीजे के बाद ट्रंप के लिए अपने कार्यकाल के बाकी दो साल में नीतियों और फैसलों को लागू करना चुनौतीपूर्ण हो सकता है। डेमोक्रेट्स को अब संसद की समितियों पर नियंत्रण मिलेगा। इससे उन्हें ट्रंप प्रशासन के कामकाज की जांच करने का अधिक मौका भी मिलेगा। चुनाव में रिपब्लिकन पार्टी की हार के पीछे महंगाई, टैरिफ से जुड़ी आर्थिक मुश्किलों और ईरान के साथ युद्ध को लेकर मतदाताओं की नाराजगी को अहम वजहों में गिना गया है। ऐसे राजनीतिक माहौल में ट्रंप ने व्हाइट हाउस के सबसे अहम पदों में से एक पर बदलाव किया है। अब स्टीफन मिलर की नियुक्ति के बाद प्रशासन के कामकाज और ट्रंप की नीतियों में उनकी भूमिका पर नजर रहेगी।

Sona Rajput
By Sona Rajput

माखनलाल चतुर्वेदी राष्ट्रीय पत्रकारिता एवं संचार विश्वविद्यालय से मास कम्युनिकेशन किया है। साल 2022 ...

Latest Posts