Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

106 एकड़ में बन रहे ‘निधि वन’ में बादाम और हर्बल गार्डन भी होंगे

कलेक्टर का नवाचार: खरगोन से 6 किमी दूर मेहरजा की पर्यटन स्थल के रूप में बनेगी पहचान
Follow on Google News
106 एकड़ में बन रहे ‘निधि वन’ में बादाम और हर्बल गार्डन भी होंगे

भोपाल। बड़वानी के बाद अब खरगोन में कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा ने नवाचार किया है। यहां खाली पड़ी करीब 106 एकड़ जमीन को पर्यटन स्थल के रूप में विकसित किया जा रहा है। निधि वन के नाम से हरे-भरे किए जा रहे इस स्थान के लिए मनरेगा मद और जन सहयोग से राशि जुटाई जा रही है। करीब दो करोड़ रुपए मंजूर भी हो गए हैं। निधि वन में बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों के लिए अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। वहीं नारियल गार्डन, हर्बल, रोज, बादाम और अमरूद सहित अन्य फलों के गार्डन तैयार किए जा रहे हैं। इसके अलावा यहां पर कृष्ण भगवान की 60 फीट की प्रतिमा स्थापित की जा रही है। मूर्ति स्थापना में करीब 60 लाख रुपए खर्च होने का अनुमान है। खरगोन का नवाचार इस समय पूरे प्रदेश के लिए नजीर बनता जा रहा है। बताया जाता है कि कुछ साल पहले खाली पड़ी जमीन के कुछ हिस्से को पर्यावरण की दृष्टि से विकसित किया गया लेकिन काम अधूरा ही रह गया। अब, कलेक्टर ने इसे विकसित करने का काम अपने हाथ में लिया है।

पिकनिक पार्टियां होंगी

निधि वन में बिना जूते-चप्पल के भी भ्रमण किया जा सकेगा। प्राकृतिक पाथ-वे बनाए जा रहे हैं। पथरीली मिट्टी का समुचित उपयोग हो रहा है। हर्बल गार्डन के अलावा गुलाब की विभिन्न प्रजातियों के बगीचे बनाए जा रहे हैं।

अब तक एक करोड़ रुपए हो चुके हैं खर्च

खरगोन जिले में बन रहा निधि वन अपने आपमें पहला बताया गया है। इस पर अब तक एक करोड़ रुपए खर्च हो चुके हैं। यहां तालाब में वोटिंग प्रारंभ हो चुकी है। कृष्ण भगवान की लगभग 25 फीट ऊंचे प्लेटफॉर्म पर 60 फीट की प्रतिमा स्थापना का कार्य चल रहा है। प्रतिमा आ चुकी है। कैफेटेरिया और दुकानें बनाई जा रही हैं। योग करने के साथ ही ओपन जिम भी रहेगी। निधि वन में एक तालाब ऐसा है जो श्रीयंत्र के आकार में पानी के कुंड के रूप में दिखने लगा है। 8 एकड़ भूमि को गायत्री मंदिर परिवार के सहयोग से तैयार किया जा रहा है।

इसलिए लिया निधि वन बनाने का निर्णय

कलेक्टर शिवराज सिंह वर्मा बताते हैं कि खरगोन में ऐसा कोई स्थान नहीं, जहां सैकड़ों की संख्या में लोग आनंद पा सकें। ऐसे में 106 एकड़ इलाके को पर्यटन स्थल के तौर पर विकसित करने का प्लान बनाया। यहां काफी घना जंगल है। रमणीय स्थल है। खरगोन से 6 किमी दूर ग्राम मेहरजा में स्थित इस इलाके को निधि वन के रूप में विकसित किया जा रहा है।

(इनपुट-पुष्पेन्द्र सिंह)
Javedakhtar Ansari
By Javedakhtar Ansari

Latest Posts