NEET पेपर लीक केस: चार्ज फ्रेम होने के बाद आरोपी पीवी कुलकर्णी ने मांगी नियमित जमानत, CBI से जवाब तलब

NEET UG 2026 पेपर लीक मामले में आरोपी पीवी कुलकर्णी ने नियमित जमानत के लिए दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में याचिका दायर की है। बुधवार को सुनवाई के दौरान कोर्ट ने केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को नोटिस जारी कर जवाब मांगा। विशेष न्यायाधीश (CBI) अजय गुप्ता ने मामले की अगली सुनवाई 1 दिसंबर को तय की है। कुलकर्णी राष्ट्रीय परीक्षा एजेंसी (NTA) से जुड़े विषय विशेषज्ञों में शामिल थे। इस मामले में उनके साथ 13 अन्य आरोपियों के खिलाफ भी ट्रायल चल रहा है।
लंबे समय से जेल में होने का दिया हवाला
पीवी कुलकर्णी की ओर से अधिवक्ता हेमंत शाह ने जमानत याचिका दायर की। याचिका में दलील दी गई कि आरोपी लंबे समय से हिरासत में है। मामले में आरोप तय हो चुके हैं और जांच भी पूरी हो चुकी है। ऐसे में उसे जेल में रखने का कोई औचित्य नहीं है। CBI की ओर से वरिष्ठ अधिवक्ता वीके पाठक जांच अधिकारी के साथ अदालत में पेश हुए। मामले की नियमित सुनवाई 27 नवंबर को भी सूचीबद्ध है।
कोर्ट ने पेपर लीक को बताया था गंभीर मामला
इससे पहले अदालत ने अपने आदेश में कहा था कि आरोपियों ने कथित तौर पर गोपनीय परीक्षा सामग्री को बड़े पैमाने पर साझा या वितरित किया, जिससे परीक्षा की निर्धारित तारीख से काफी पहले ही पेपर देशभर में प्रसारित हो गया। कोर्ट ने कहा था कि गोपनीय सामग्री के कथित प्रसार के कारण NEET-UG 2026 परीक्षा रद्द करनी पड़ी। इससे सरकारी खजाने को करोड़ों रुपये का नुकसान हुआ और लाखों अभ्यर्थियों को आर्थिक के साथ मानसिक परेशानी का सामना करना पड़ा।
अदालत ने यह भी कहा था कि NTA की ओर से अनुवाद, दोबारा अनुवाद और प्रूफरीडिंग के लिए आरोपियों को दिए गए प्रश्नपत्र सेट एजेंसी की कॉपीराइट से सुरक्षित बौद्धिक संपदा थे।
22 लाख अभ्यर्थियों ने दी थी परीक्षा
NEET-UG 2026 की परीक्षा 3 मई को आयोजित की गई थी, जिसमें करीब 22 लाख अभ्यर्थी शामिल हुए थे। प्रश्नपत्र लीक के आरोपों के बाद NTA ने 12 मई को परीक्षा रद्द कर दी थी। इसके बाद 21 जून को दोबारा परीक्षा आयोजित की गई। CBI ने केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के उच्च शिक्षा विभाग की शिकायत पर 12 मई को मामला दर्ज किया था। एजेंसी ने 13 मई को पहली गिरफ्तारी की थी। जांच का दायरा बाद में महाराष्ट्र, राजस्थान और हरियाणा तक पहुंचा।
14 आरोपियों के खिलाफ दाखिल हुई चार्जशीट
CBI ने 28 जुलाई को 13 आरोपियों के खिलाफ मुख्य चार्जशीट दाखिल की थी। इनमें NTA से जुड़े तीन विषय विशेषज्ञ, कोचिंग संस्थानों से जुड़े दो लोग और कथित बिचौलिए शामिल थे। इसके बाद 14वें आरोपी शेषराव बजरंग सूर्यवंशी उर्फ राज सूर्यवंशी के खिलाफ 14 अक्टूबर को पूरक चार्जशीट दाखिल की गई।
जांच एजेंसी ने अपने आरोपों के समर्थन में 360 गवाहों, 422 दस्तावेजों और 43 भौतिक साक्ष्यों पर भरोसा किया है। मामले में आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी, आपराधिक विश्वासघात और सबूत नष्ट करने से संबंधित धाराओं के साथ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम और सार्वजनिक परीक्षा (अनुचित साधनों की रोकथाम) अधिनियम, 2024 के प्रावधान भी लगाए गए हैं।
CBI की ओर से दाखिल चार्जशीट में किसी सरकारी अधिकारी या NTA पदाधिकारी को आरोपी नहीं बनाया गया है। एजेंसी का मामला विषय विशेषज्ञों और निजी व्यक्तियों के कथित नेटवर्क की भूमिका पर केंद्रित है। आरोपों की जांच अब ट्रायल के दौरान होगी।




















