Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

दलाई लामा को दिल्ली में सरकारी बंगला आवंटित, विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने लिया फैसला

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय गादेन फोडरंग ट्रस्ट को लुटियंस दिल्ली में सरकारी बंगला आवंटित किया है। पंडित रविशंकर शुक्ला लेन स्थित इस बंगले का आवंटन विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर किया गया है। जानिए क्या है गादेन फोडरंग ट्रस्ट, कितने समय के लिए मिलता है सरकारी आवास और दलाई लामा का भारत से क्या है संबंध।
दलाई लामा को दिल्ली में सरकारी बंगला आवंटित, विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर केंद्र सरकार ने लिया फैसला
दलाई लामा को दिल्ली में सरकारी बंगला आवंटित किया गया है। यह आवंटन विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर किया गया है।

केंद्र सरकार ने तिब्बती आध्यात्मिक गुरु दलाई लामा के कार्यालय गादेन फोडरंग ट्रस्ट को लुटियंस दिल्ली में एक सरकारी बंगला आवंटित किया है। यह बंगला नई दिल्ली की पंडित रविशंकर शुक्ला लेन पर स्थित है। सूत्रों के मुताबिक, विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर यह आवंटन किया गया है। हालांकि, आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय ने अभी तक इस संबंध में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है। दलाई लामा को आवंटित इस सरकारी बंगले की चर्चा इसलिए भी हो रही है, क्योंकि वे लंबे समय से हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में रहते हैं। नई दिल्ली में उनका कार्यालय पहले से मौजूद है। ऐसे में राजधानी में सरकारी आवास मिलने से उनके कार्यालय से जुड़े कामकाज को लेकर नई चर्चा शुरू हो गई है।

विदेश मंत्रालय के अनुरोध पर गादेन फोडरंग ट्रस्ट को मिला बंगला

सूत्रों के अनुसार, केंद्र सरकार ने दलाई लामा के कार्यालय गादेन फोडरंग ट्रस्ट को यह सरकारी बंगला आवंटित किया है। इसके लिए विदेश मंत्रालय की ओर से अनुरोध किया गया था। यह बंगला लुटियंस दिल्ली के प्रमुख इलाके में स्थित है। हालांकि, बंगले के इस्तेमाल, वहां कार्यालय की गतिविधियों और आवंटन से जुड़ी अन्य शर्तों के बारे में अभी विस्तृत आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दलाई लामा के अगले उत्तराधिकारी पर चीन : यह हमारा आंतरिक मामला; भारत न करें दखलअंदाजी

कितने साल के लिए मिलता है सरकारी बंगला?

सरकारी आवास के आवंटन को लेकर आमतौर पर एक तय अवधि होती है। इस तरह के आवास सामान्य तौर पर तीन साल के लिए दिए जाते हैं। जरूरत और संबंधित नियमों के आधार पर आवंटन की अवधि बढ़ाई भी जा सकती है। हालांकि, दलाई लामा के कार्यालय को आवंटित बंगले की अवधि कितनी होगी, इस बारे में फिलहाल कोई आधिकारिक जानकारी नहीं दी गई है। आवास एवं शहरी कार्य मंत्रालय की ओर से औपचारिक जानकारी आने के बाद ही इस संबंध में स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

क्या है गादेन फोडरंग ट्रस्ट?

गादेन फोडरंग ट्रस्ट दलाई लामा से जुड़ी संस्था है। ट्रस्ट की वेबसाइट के मुताबिक, इसका उद्देश्य दलाई लामा के आध्यात्मिक और मानवीय कार्यों को आगे बढ़ाना है। यह संस्था उनके विचारों, शिक्षाओं और उनसे जुड़ी गतिविधियों के संरक्षण और प्रचार-प्रसार के लिए काम करती है। ट्रस्ट केवल धार्मिक गतिविधियों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसके कार्यों में कई सामाजिक और सांस्कृतिक पहल भी शामिल हैं।

मानव मूल्यों से लेकर तिब्बती संस्कृति के संरक्षण तक काम

गादेन फोडरंग ट्रस्ट जिन प्रमुख उद्देश्यों के लिए काम करता है, उनमें शामिल हैं-

  • मानव मूल्यों को बढ़ावा देना: करुणा, दया, शांति और भाईचारे जैसे मूल्यों का प्रचार करना।
  • धार्मिक सद्भाव: अलग-अलग धर्मों और समुदायों के बीच आपसी समझ और सम्मान को बढ़ावा देना।
  • तिब्बती संस्कृति का संरक्षण: तिब्बती परंपराओं, भाषा और सांस्कृतिक पहचान को सुरक्षित रखने के प्रयास करना।
  • पर्यावरण संरक्षण: प्रकृति और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने वाली गतिविधियों को सहयोग देना।
  • प्राचीन भारतीय ज्ञान: भारत की पारंपरिक ज्ञान परंपराओं को समझने और आगे बढ़ाने के प्रयासों में मदद करना।

1959 में तिब्बत छोड़कर भारत आए थे दलाई लामा

दलाई लामा का भारत से गहरा ऐतिहासिक और आध्यात्मिक संबंध रहा है। साल 1959 में तिब्बत में चीनी शासन के खिलाफ विद्रोह के बाद हालात बिगड़ गए थे। इसी दौरान दलाई लामा को तिब्बत छोड़कर भारत आना पड़ा। भारत सरकार ने उन्हें शरण दी। इसके बाद से दलाई लामा हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित मैक्लॉडगंज में रहते हैं। इस इलाके को अक्सर 'छोटा ल्हासा' भी कहा जाता है, क्योंकि यहां बड़ी संख्या में तिब्बती समुदाय के लोग रहते हैं। धर्मशाला में तिब्बती निर्वासित समुदाय से जुड़ी कई संस्थाएं भी काम करती हैं।

1989 में मिला था नोबेल शांति पुरस्कार

दलाई लामा को अहिंसा और विश्व शांति के लिए किए गए प्रयासों के चलते साल 1989 में नोबेल शांति पुरस्कार से सम्मानित किया गया था। वे लंबे समय से करुणा, अहिंसा, धार्मिक सद्भाव और मानवता का संदेश देते रहे हैं। साल 2011 में उन्होंने तिब्बत की निर्वासित सरकार को अपनी राजनीतिक शक्तियां सौंप दी थीं। इसके बाद उनकी भूमिका मुख्य रूप से आध्यात्मिक और मानवीय कार्यों पर केंद्रित रही है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...

Latest Posts