Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

Naxal Encounter : कांकेर में फिर मुठभेड़, नक्सलियों के दो बड़े कैडर ढेर, भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद

Follow on Google News
Naxal Encounter : कांकेर में फिर मुठभेड़, नक्सलियों के दो बड़े कैडर ढेर, भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद
कांकेर। छत्तीसगढ़ के बस्तर संभाग के कांकेर जिले के पखांजूर थाना क्षेत्र में रविवार को पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बड़े कैडर के माओवादी मारे गए। यह मुठभेड़ जिले के मुसफर्सी काकुर गांव के नजदीक हुई, जहां दोनों पक्षों के बीच करीब एक घंटे तक गोलीबारी चलती रही। मारे गए नक्सलियों की पहचान रंजीत और संतोष के रूप में हुई है, जो डीवीसीएम (डिप्टी कमांडर) रैंक के थे। इस मुठभेड़ को भी सुरक्षा बलों की एक बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।

जवानों ने दिया मुंहतोड़ जवाब

शनिवार को हुई मुठभेड़ के बाद जवान माड़ इलाके में सर्चिंग कर रहे थे। मुठभेड़ की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा बलों ने तत्काल क्षेत्र में सर्च ऑपरेशन शुरू किया था। जानकारी के मुताबिक, नक्सलियों का एक बड़ा ग्रुप देर रात मुफरसी के जंगल में छिपा हुआ था। मौका देखते हुए नक्सलियों ने जवानों पर हमला कर दिया। पुलिस ने पहले से सतर्क रहते हुए जवाबी कार्रवाई की, जिससे मुठभेड़ में जवानों को बड़ी सफलता मिली। इस मुठभेड़ में रंजीत और संतोष की मौत हो गई, जो लंबे समय से इलाके में सक्रिय थे और कई बड़े नक्सली हमलों में शामिल थे। इन दोनों नक्सलियों के मारे जाने से नक्सली संगठन को एक बड़ा झटका लगा है।

भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद बरामद

पुलिस ने घटनास्थल से भारी मात्रा में हथियार, गोला-बारूद और नक्सली साहित्य भी बरामद किया है। मारे गए नक्सलियों की शिनाख्त के बाद स्पष्ट हो पाया कि उनके खिलाफ विभिन्न संगीन अपराधों के मामले दर्ज थे। गौरतलब है कि शनिवार को छत्तीसगढ़ के कांकेर जिले की सीमा पर अबूझमाड़ इलाके में पुलिस और नक्सलियों के बीच हुई भीषण मुठभेड़ में पांच नक्सली मारे गए थे। जबकि सुरक्षा बलों के दो जवान घायल हुए हैं। सुरक्षा बलों ने घटनास्थल से नक्सलियों के कब्जे से बड़ी मात्रा में हथियार भी बरामद किए।
Mithilesh Yadav
By Mithilesh Yadav

वर्तमान में पीपुल्स समाचार के डिजिटल विंग यानी 'पीपुल्स अपडेट' में बतौर सीनियर सब-एडिटर कार्यरत हूं।...Read More

Latest Posts