अभिषेक बनर्जी के घर से गिरफ्तार हुए PA सुमित रॉय, SC ने जमानत ठुकराई तो CID ने लिया एक्शन

तृणमूल कांग्रेस (TMC) नेता अभिषेक बनर्जी के पर्सनल सेक्रेटरी सुमित रॉय को CID ने गुरुवार (10 सितंबर) को गिरफ्तार कर लिया। खास बात यह रही कि उनकी गिरफ्तारी उनके घर से नहीं, बल्कि अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास से हुई। यह कार्रवाई सालबोनी जमीन घोटाले से जुड़े मामले में की गई है।
SC से जमानत नहीं मिली, तुरंत हुई गिरफ्तारी
दरअसल, सुमित रॉय ने गिरफ्तारी से बचने के लिए सुप्रीम कोर्ट में अग्रिम जमानत की मांग की थी। इससे पहले कलकत्ता हाईकोर्ट ने 3 अगस्त को उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी थी। इसके बाद सुमित ने हाईकोर्ट के फैसले को सुप्रीम कोर्ट में चुनौती दी। गुरुवार को सुप्रीम कोर्ट ने भी उनकी अग्रिम जमानत याचिका खारिज कर दी। इसके बाद CID ने कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार कर लिया। इससे पहले सुप्रीम कोर्ट ने सुमित की गिरफ्तारी पर रोक लगा रखी थी और उन्हें जांच में पूरा सहयोग करने का निर्देश दिया था।
अब अदालत में पेश किए जाने की तैयारी
गिरफ्तारी के बाद सुमित रॉय को शुक्रवार सुबह मेदिनीपुर अदालत में पेश किए जाने की संभावना है। सालबोनी जमीन मामले में जांच एजेंसी उनसे पूछताछ करना चाहती है।
सरकार ने कोर्ट में क्या कहा?
बुधवार को पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से सुप्रीम कोर्ट में दलील दी गई थी कि सुमित रॉय से हिरासत में पूछताछ जरूरी है। राज्य सरकार का आरोप है कि जांच के दौरान सुमित ने एक बैंक खाते में बड़ी मात्रा में नकदी जमा की थी। राज्य की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने सुप्रीम कोर्ट की पीठ को बताया कि जांच के दौरान सुमित रॉय कई सवालों के जवाब देने से बचते रहे। सरकार का कहना था कि मामले की पूरी जांच के लिए उनसे हिरासत में पूछताछ जरूरी है। अब सुप्रीम कोर्ट से अग्रिम जमानत नहीं मिलने के बाद CID ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया है। ऐसे में आगे की पूछताछ और अदालत की कार्रवाई पर सभी की नजर रहेगी।




















