युवा देश का भविष्य उनकी मांग...राहुल गांधी का झारखंड के CM हेमंत सोरेन को पत्र, छात्रों की मांगों पर गौर करने की अपील

लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष और कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को पत्र लिखकर राज्य में चल रहे छात्र आंदोलन का मुद्दा उठाया है। राहुल गांधी ने सीएम से प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों पर गंभीरता से विचार करने और उनकी समस्याओं का उचित समाधान निकालने की अपील की है।
'शांतिपूर्ण प्रदर्शन लोकतंत्र का अहम हिस्सा'
हेमंत सोरेन को लिखे पत्र में राहुल गांधी ने कहा कि कांग्रेस का मानना है कि संविधान ने लोगों को शांतिपूर्ण तरीके से विरोध करने का अधिकार दिया है। यह अधिकार लोकतंत्र के मजबूत स्तंभों में से एक है। उन्होंने कहा कि पिछले कुछ महीनों से पेपर लीक और शिक्षा व्यवस्था में गड़बड़ियों के खिलाफ आंदोलन कर रहे छात्रों को कांग्रेस ने अपना समर्थन दिया है।

'छात्रों की कई मांगों पर बनी सहमति'
राहुल गांधी ने कहा कि उन्हें लगता है कि छात्रों की कई मांगों पर सरकार और प्रदर्शनकारियों के बीच सहमति भी बनी है। इसके बावजूद आंदोलन जारी है और कुछ छात्र अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल पर बैठे हैं। उन्होंने हेमंत सोरेन से अपील की कि वह खुद आंदोलन कर रहे छात्रों के प्रतिनिधियों से मुलाकात करें। राहुल के मुताबिक, इससे छात्रों की बाकी चिंताओं को दूर करने को लेकर सरकार की गंभीरता और प्रतिबद्धता का संदेश जाएगा।
फुकेट-दिल्ली फ्लाइट के बाद 2 और पायलटों का ड्रग टेस्ट फेल, ड्यूटी से हटाए गए
भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ी का भी मुद्दा
राहुल गांधी ने पत्र में झारखंड की सरकारी भर्ती परीक्षाओं का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने कहा कि राज्य के छात्र भर्ती परीक्षाओं में कथित गड़बड़ियों को लेकर भी प्रदर्शन कर रहे हैं। राहुल ने कहा कि छात्रों का आंदोलन शांतिपूर्ण है और उनकी मांगें जायज हैं। उन्होंने यह भी कहा कि झारखंड सरकार ने एक कमेटी के जरिए छात्रों से बातचीत शुरू की है और इसके लिए उन्होंने सरकार की सराहना की।
'देश का भविष्य हैं युवा'
राहुल गांधी ने कहा कि भारत के युवा देश का भविष्य हैं। ऐसे समय में जब छात्र अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं, हमें उनके साथ खड़ा होना चाहिए और उनकी आवाज सुननी चाहिए। उन्होंने सीएम हेमंत सोरेन से छात्रों की बात सुनने और इस पूरे मामले का समाधान निकालने के लिए जरूरी कदम उठाने की अपील की।
स्मृति ईरानी-अनुराग ठाकुर की वापसी, राघव चड्ढा को लेकर भी बड़ा अपडेट... नितिन नबीन ने खोले पत्ते
पुतला दहन के बाद फिर बातचीत की पहल
16 अगस्त को प्रदर्शनकारी छात्रों ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के पुतले जलाए थे। इसके बाद झारखंड सरकार ने छात्रों को एक बार फिर बातचीत के लिए बुलाया है। सरकार और छात्रों के बीच पहले भी कई दौर की बातचीत हो चुकी है, लेकिन अभी तक कोई ठोस समाधान नहीं निकल पाया है। ऐसे में 17 अगस्त की बैठक को आंदोलन के लिहाज से काफी अहम माना जा रहा है। सरकार की ओर से छात्रों को आज दोपहर 2 बजे बातचीत के लिए बुलाया गया है। इस प्रस्ताव की जानकारी अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) और एडीएम, लॉ एंड ऑर्डर की ओर से छात्रों को दी गई है।












