Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

बेटे से विवाद का बदला लेने घर पहुंचे हमलावर, मां को गोलियों से किया छलनी, तीन आरोपी गिरफ्तार

भिंड के सनाबई में बेटे से रंजिश के चलते मां पर फायरिंग की गई। पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर कट्टा और दो बाइक बरामद कीं।
बेटे से विवाद का बदला लेने घर पहुंचे हमलावर, मां को गोलियों से किया छलनी, तीन आरोपी गिरफ्तार
फोटो- पकड़े गए तीनों आरोपी

भिंड। रंजिश की आग में अंधे हुए हमलावरों ने बदला लेने के लिए घर को ही निशाना बना लिया। विवाद बेटे से हुआ था, लेकिन उसकी कीमत मां को अपनी जान जोखिम में डालकर चुकानी पड़ी। हथियारों से लैस होकर पहुंचे आरोपियों ने घर पर कट्टों से फायरिंग कर दी। गोलियां मालती दोहरे के कंधे और ठोड़ी में जा धंसीं। गंभीर रूप से घायल महिला को अस्पताल पहुंचाया गया।

ग्राम सनाबई में 17 नवंबर को हुई इस वारदात ने एक बार फिर आपसी विवादों के हिंसक रूप लेने की तस्वीर सामने रख दी है। हालांकि, घटना के बाद फरार हुए आरोपियों को पकड़ना पुलिस के लिए चुनौती था, लेकिन नयागांव पुलिस ने मुखबिर तंत्र और लगातार दबिश के जरिए महज तीन दिन में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। उनके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल 315 बोर का अवैध कट्टा और दो मोटरसाइकिलें भी बरामद की गई हैं। मामले में अभी कुछ आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है।

शराब पीते हुआ विवाद, घर तक पहुंच गई दुश्मनी

पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया कि मालती दोहरे के बेटे पिंटू दोहरे और आरोपियों के बीच शराब पीने के दौरान विवाद हुआ था। यह विवाद धीरे-धीरे रंजिश में बदल गया। आरोप है कि इसी रंजिश के चलते आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ पिंटू दोहरे के घर पहुंचे और कट्टों से फायरिंग शुरू कर दी।

अचानक हुई गोलीबारी में मालती दोहरे को संभलने का मौका तक नहीं मिला। उनके कंधे और ठोड़ी में गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। सूचना मिलते ही नयागांव पुलिस ने तत्काल घटनास्थल और अस्पताल के लिए अलग-अलग टीमें रवाना कीं। पुलिस ने घटनाक्रम की पड़ताल शुरू करते हुए आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए।

भिंड में किरायेदार रहते मकान कब्जाने की रची साजिश, 13 साल से फरार 10 हजार का इनामी गिरफ्तार

एसएसपी ने सौंपी विवेचना, डीएसपी के मार्गदर्शन में घेराबंदी

महिला पर गोली चलाकर हत्या के प्रयास की घटना को गंभीरता से लेते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भिंड सूरज कुमार वर्मा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रदीप पटेल ने आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी के निर्देश दिए।

मामले की विवेचना उप पुलिस अधीक्षक (मुख्यालय) सतीश चौहान को सौंपी गई। उनके मार्गदर्शन में थाना प्रभारी नयागांव उप निरीक्षक वैभव तोमर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने आरोपियों की तलाश शुरू की। पुलिस संभावित ठिकानों पर दबिश देने के साथ ही मुखबिर तंत्र के जरिए उनकी गतिविधियों पर नजर रख रही थी।

 मुखबिर की सूचना पर सनाबई में कार्रवाई, तीन गिरफ्तार

लगातार प्रयासों के बीच 20 नवंबर को पुलिस को मुखबिर से सटीक सूचना मिली। इसके आधार पर पुलिस टीम ने ग्राम सनाबई में कार्रवाई कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में अजय पुत्र राजवीर बघेल (24), निवासी ग्राम सनाबई थाना नयागांव, ध्रुव उर्फ दिग्विजय पुत्र सूरज सिंह बघेल, निवासी ग्राम डुबका थाना रौन और शिवा पुत्र जबर सिंह बघेल (24), निवासी ग्राम बाराकलां थाना देहात शामिल हैं।

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर का एक अवैध कट्टा और दो मोटरसाइकिलें जब्त की हैं। पुलिस अब इस बात की पड़ताल कर रही है कि वारदात में शामिल अन्य आरोपियों की भूमिका क्या थी। शेष फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

भिंड में सिंधिया से मिलने जा रहे हाईवे संघर्ष समिति के दो समाजसेवी गिरफ्तार, संत समाज नाराज; बड़े आंदोलन की चेतावनी

हत्या के प्रयास सहित एससी-एसटी एक्ट में मामला दर्ज

थाना नयागांव में अपराध क्रमांक 73/26 के तहत धारा 109, 296, 3(5) बीएनएस तथा एससी/एसटी एक्ट की धारा 3(1)(द), 3(1)(ध) और 3(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस की कार्रवाई अभी पूरी नहीं हुई है। तीन आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद अब फरार आरोपियों तक पहुंचना और वारदात में शामिल सभी लोगों की भूमिका स्पष्ट करना विवेचना का अगला अहम पड़ाव है।

पुलिस टीम की सराहनीय भूमिका

कार्रवाई में थाना प्रभारी नयागांव उप निरीक्षक वैभव तोमर, उप निरीक्षक कल्याण यादव, सहायक उप निरीक्षक अजय गौतम, प्रधान आरक्षक दिनेश शर्मा, कमल परिहार, दिलीप सविता, मनीष भदौरिया सहित आरक्षक मुकेश कुमार, आशीष तिवारी, राहुल गुर्जर, रोहित यादव, प्रदीप कुमार, महेंद्र यादव, विजय कौरलिया, अमित पाल, सुशील वर्मा, राहुल यादव, आनंद दीक्षित एवं साइबर सेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Asgar Khan
By Asgar Khan

मैं पत्रकार असगर खान, मध्य प्रदेश के भिंड जिले में वर्ष 2014 से सक्रिय पत्रकार हूं। 11 अगस्त 2014 से...

Latest Posts