ग्वालियर: बंधन बचत समिति के भुगतान संकट के बीच एजेंट के पिता की हार्ट अटैक से मौत, शव लेकर थाने पहुंचे परिजन और एजेंट

भितरवार। बंधन बचत साख सहकारी समिति में जमा रकम वापस नहीं मिलने से परेशान खाताधारकों और एजेंटों का आक्रोश अब गहराने लगा है। भुगतान के लिए लंबे समय से परेशान एजेंट प्रकाश कुशवाहा के पिता सीताराम कुशवाहा की गुरुवार रात हार्ट अटैक से मौत हो गई। परिजनों ने आरोप लगाया कि समिति से रकम नहीं मिलने के कारण प्रकाश लगातार मानसिक तनाव में था। इसी परेशानी को लेकर उसके पिता भी चिंतित रहते थे। घटना के बाद परिजन और अन्य एजेंट शव लेकर भितरवार थाने पहुंच गए।
50 से ज्यादा खाताधारकों ने थाने में की शिकायत
इसी संस्था से जुड़े 50 से अधिक खाताधारकों ने भी थाने में लिखित शिकायत दी। ग्रामीणों और व्यापारियों का आरोप है कि बचत खाते, आवर्ती जमा तथा सावधि जमा के माध्यम से वर्षों तक उनकी मेहनत की कमाई जमा कराई गई, लेकिन परिपक्वता अवधि पूरी होने के बावजूद भुगतान नहीं किया जा रहा। शिकायतकर्ताओं ने ब्याज सहित मूलधन वापस दिलाने और जिम्मेदार पदाधिकारियों पर धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज करने की मांग की है।
बेटे के 10 लाख रुपए अटके थे, पिता की बढ़ गई थी चिंता
एजेंट प्रकाश कुशवाहा के मुताबिक ग्राहकों की जमा रकम और उसकी स्वयं की करीब 10 लाख रुपए की राशि संस्था में अटकी हुई है। वह कई दिन से भुगतान के लिए चक्कर काट रहा था, लेकिन हर बार उसे निराश लौटना पड़ता था। प्रकाश ने बताया कि बीती रात उसने पिता सीताराम कुशवाहा को भी अपनी परेशानी बताई थी। इसके कुछ समय बाद उनकी तबीयत बिगड़ी और हार्ट अटैक से मौत हो गई।
एजेंटों के लाखों रुपए फंसे, संचालक सिर्फ आश्वासन दे रहे
एजेंट खेरु जाटव ने बताया कि उनके ग्राहकों की करीब 15 लाख रुपए संस्था में अटके हैं। कई दिन से डबरा जाकर संचालकों से संपर्क करने के बावजूद उन्हें सिर्फ आश्वासन मिल रहे हैं। कलेक्शन का काम करने वाले रवि नामदेव सहित अन्य एजेंटों की भी यही परेशानी है। उनका कहना है कि ग्रामीणों से जमा कराई गई रकम का भुगतान नहीं होने पर खाताधारक अब उनसे जवाब मांग रहे हैं। आरोप है कि करोड़ों रुपए का कारोबार करने वाली संस्था ने अचानक भितरवार स्थित कार्यालय बंद कर दिया और जिम्मेदार लोग यहां से चले गए।
ये भी पढ़ें: इंदौर-मुंबई हाईवे पर 21 घंटे बाद खुला जाम, कंटेनर के बाद उसे हटाने पहुंची क्रेन भी पलटी
पहले था यूनाइटेड क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसाइटी नाम
शिकायतकर्ताओं के अनुसार संस्था पहले यूनाइटेड क्रेडिट को-ऑपरेटिव सोसायटी लिमिटेड के नाम से संचालित होती थी, बाद में इसका नाम बदलकर बंधन बचत साख सहकारी संस्था मर्यादित कर दिया गया। एजेंट नियुक्त कर आसपास के गांवों में बचत खाते, आरडी और एफडी खुलवाकर लोगों से नियमित राशि जमा कराई जाती थी। कुछ समय पहले डबरा निवासी संचालक विपिन कुमार झा ने भितरवार शाखा बंद कर दी। इसके बाद से खाताधारक अपनी जमा पूंजी पाने के लिए भटक रहे हैं।
संस्था अध्यक्ष, उपाध्यक्ष, संचालक और कलेक्शन प्रभारी की शिकायत
पुलिस को सौंपे गए शिकायती आवेदन में संस्था अध्यक्ष सूर्यकांत झा, उपाध्यक्ष आशीष शर्मा, संचालक विपिन कुमार झा, कलेक्शन प्रभारी नीतेश गौड़ सहित शाखा कर्मचारियों और एजेंटों का उल्लेख किया गया है। शिकायतकर्ताओं में लोकेंद्र यादव, मनोज गोयल, सुलभ जैन, आदित्य बंसल, मयंक रूप चंदानी, सुनील मोदी, लखन कुशवाह, हरिओम लाच्यकार, अशोक अग्रवाल, वीरेंद्र बंजारा, ममता प्रजापति, सत्येंद्र सिंह यादव, अंकित पालीवाल, पूजा प्रजापति, गया प्रसाद जाटव आदि खाताधारक शामिल हैं।
ये भी पढ़ें: सिंगरौली में भूपेंद्र सिंह हत्याकांड के 6 आरोपी गिरफ्तार, 24 घंटे में दूसरे राज्यों से पकड़कर लाई पुलिस
शिकायत के आधार पर कर रहे हैं जांच
इस बारे में भितरवार थाना प्रभारी दीपेंद्र सिंह कुशवाहा का कहना है कि समिति से जुड़े खाताधारकों और एजेंटों का आवेदन प्राप्त हुआ है। शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। संस्था की उपाध्यक्ष से पूछताछ की जा रही है तथा संबंधित दस्तावेजों और तथ्यों का परीक्षण किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद मामला दर्ज किया जाएगा।




















