हरदा में 20 लाख की एमडी ड्रग्स का मुख्य सप्लायर गिरफ्तार, राजस्थान से पकड़कर लाई पुलिस

हरदा। एक दिन पहले सिराली थाना क्षेत्र के विक्रमपुर जोड़ से राजस्थान के दो ड्रग्स तस्करों को पकड़ा था। उनके पास से 20 लाख रुपए की 99 ग्राम एमडी ड्रग्स मिली थी। अब पुलिस ने मामले की अहम कड़ी मुख्य सप्लायर को राजस्थान से गिरफ्तार किया है।
पुलिस के मुताबिक, पकड़ा गया तीसरा आरोपी अवैध मादक पदार्थों की खरीद-बिक्री के साथ अवैध शराब के कारोबार में भी शामिल रहा है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच कर रही है। इसके लिए अलग-अलग टीमें मामले की अन्य परतें खोलने में जुटी हैं।
मुख्य सप्लायर का नाम पूछताछ में आया सामने
सिराली थाना प्रभारी उपनिरीक्षक सीताराम पटेल ने बताया कि पकड़े गए दोनों आरोपियों से पुलिस रिमांड के दौरान पूछताछ की गई। इस दौरान उन्होंने देवीसिंह पिता कुशाल सिंह निवासी रोझाना, थाना गंगधार, जिला झालावाड़ का नाम बताया। आरोपियों ने उससे एमडी ड्रग्स खरीदने की बात कही।
राजस्थान से आरोपी को पकड़ा
थाना प्रभारी के मुताबिक, जानकारी की पुष्टि के लिए विशेष टीम गठित की गई। टीम दोनों आरोपियों को साथ लेकर झालावाड़ पहुंची। वहां आरोपियों की बताई जगह से देवीसिंह परिहार राजपूत को हिरासत में लिया गया।
पूछताछ में उसने आरोपियों को एमडी ड्रग्स बेचना स्वीकार किया। पुलिस के अनुसार, उसने शराब बेचने का कारोबार करने की बात भी बताई। इसके बाद पुलिस टीम उसे गिरफ्तार कर सिराली थाना ले आई।
पुलिस रिमांड लेने की तैयारी
पुलिस आरोपी को न्यायालय में पेश कर रिमांड लेने का अनुरोध कर रही है। रिमांड के दौरान उससे अवैध मादक पदार्थों के अन्य स्रोतों के बारे में पूछताछ की जाएगी। पुलिस पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाकर कार्रवाई आगे बढ़ाना चाहती है।
99 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की थी
पुलिस अधीक्षक अंकित जायसवाल के निर्देशन में कार्रवाई हुई थी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमित कुमार मिश्रा के मार्गदर्शन में टीम ने काम किया। एसडीओपी खिरकिया अश्वनी कुमार के नेतृत्व में सिराली पुलिस ने कार्रवाई की थी।
पुलिस ने ग्राम रहटाकलां बस स्टैंड के पास दो आरोपियों को पकड़ा था। दोनों राजस्थान के निवासी हैं। उनके कब्जे से 99 ग्राम एमडी ड्रग्स जब्त की गई थी। इसकी अनुमानित कीमत 20 लाख रुपए बताई गई थी।
हरदा में 20 लाख की एमडी ड्रग्स जब्त, राजस्थान के दो तस्कर गिरफ्तार
एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज
इस मामले में अपराध क्रमांक 380/26 दर्ज किया गया है। पुलिस ने एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/22 के तहत मामला दर्ज किया है। फिलहाल मामले की विवेचना जारी है। पुलिस अब ड्रग्स के स्रोत और नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।




















