सागर के चार साल के टाइगर के पैर में था फ्रैक्चर, भोपाल के वन विहार में की पहली हॉक जॉइंट फ्यूजन सर्जरी

भोपाल। मध्यप्रदेश में वन्यजीव चिकित्सा के क्षेत्र में एक नई उपलब्धि दर्ज करते हुए वन विहार राष्ट्रीय उद्यान में गंभीर रूप से घायल नर बाघ की पहली बार हॉक जॉइंट फ्यूजन सर्जरी की गई है। जटिल ऑपरेशन के बाद बाघ की स्थिति संतोषजनक बताई जा रही है और उसने सामान्य रूप से भोजन करना भी शुरू कर दिया है।
सागर में गंभीर हालत में मिला था चार साल का नर बाघ
पार्क प्रबंधन के अनुसार, सागर वनमंडल के ढाना परिक्षेत्र की रानगिर बीट में 3 नवंबर को करीब चार वर्षीय नर बाघ गंभीर घायल अवस्था में मिला था। रेस्क्यू कर उसे वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, भोपाल लाया गया। 7 नवंबर को एक्स-रे में उसके बाएं पिछले पैर में फ्रैक्चर मिला। उपचार के दौरान हड्डी मांसपेशियों और त्वचा को भेदकर बाहर आ गई।
गंभीर चोट लगने से हॉक जॉइंट प्रभावित
बाघ के पैर में गंभीर चोट लगने से उसका हॉक जॉइंट प्रभावित हो गया था। बड़े वन्यजीवों में इस तरह की चोट का उपचार बेहद चुनौतीपूर्ण होता है, क्योंकि केवल घाव भरना ही काफी नहीं होता, बल्कि प्रभावित जोड़ को स्थिर करना, दर्द कम करना और शारीरिक क्षमता बनाए रखना भी आवश्यक है। इसी को ध्यान में रखते हुए विशेषज्ञों ने हॉक जॉइंट फ्यूजन तकनीक अपनाई, ताकि जोड़ को स्थिरता और हड्डियों को मजबूती मिल सके तथा अस्थिरता कम हो। गंभीर स्थिति को देखते हुए 18 नवंबर को विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने जटिल सर्जरी की। मध्यप्रदेश में वन्यजीव उपचार में अपनी तरह की पहली इस सर्जरी में बाघ के बाएं पिछले पैर के हॉक जॉइंट का फ्यूजन किया गया।

विशेषज्ञों की टीम ने की सर्जरी
इस जटिल शल्यक्रिया को वन विहार राष्ट्रीय उद्यान, राज्य पशु चिकित्सालय भोपाल और जबलपुर के पशु चिकित्सा विशेषज्ञों की संयुक्त टीम ने अंजाम दिया। सर्जरी टीम में वन विहार के वरिष्ठ वन्यप्राणी चिकित्सक डॉ. अतुल गुप्ता, राज्य पशु चिकित्सालय भोपाल के वरिष्ठ वेटरनरी सर्जन डॉ. सुनील कुमार तुमड़िया, सेंटर फॉर वाइल्ड लाइफ फॉरेंसिक एंड हेल्थ जबलपुर की सह-प्राध्यापक डॉ. काजल जाधव तथा पशु चिकित्सा एवं पशुपालन महाविद्यालय जबलपुर के प्राध्यापक डॉ. रणधीर सिंह चौहान और डॉ. शोभा जावरे शामिल रहे।
ये भी पढ़ें: बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से भोपाल के वन विहार पहुंची बाघिन, तीन महीने की निगरानी के बाद लिया फैसला
ऑपरेशन रिकॉर्ड समय में पूरा हुआ और सफल रहा
इस संबंध में पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ डॉ. समीता राजौरा ने बताया कि ऑपरेशन सफल रहा और रिकॉर्ड समय में पूरा किया गया। हमारी समर्पित डॉक्टरों की टीम, निदेशक वीवी और स्टाफ ने पूरी योजना, सावधानी और आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारी निभाई। इस कार्य में सभी का महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिसके लिए मैं पूरी टीम का आभार व्यक्त करती हूं। बाघ अभी युवा है और तेजी से स्वस्थ हो रहा है। उसके जल्द पूरी तरह ठीक होने की उम्मीद है।




















