'राहुल गांधी का रवैया भाजपा के लिए फायदेमंद'...आखिर पी. विजयन ने क्यों दिया ये बयान?

केरल विधानसभा में विपक्ष के नेता और पूर्व मुख्यमंत्री पी. विजयन ने कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का राजनीतिक रवैया विपक्षी इंडी गठबंधन को मजबूत करने के बजाय कई बार भाजपा को फायदा पहुंचाता है।
हाल ही में इंडी गठबंधन की एक बैठक में राहुल गांधी ने कहा था कि राजनीतिक प्रतिद्वंद्वी होने की वजह से वह पी. विजयन को गले नहीं लगाएंगे। राहुल के इसी बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए विजयन ने कहा कि उन्हें इससे कोई फर्क नहीं पड़ता कि कौन किसे गले लगाता है।
कांग्रेस के रवैये पर उठाए सवाल
पी. विजयन ने दावा किया कि इंडी गठबंधन की बैठकों में केवल वामपंथी दलों ने ही नहीं, बल्कि समाजवादी पार्टी के नेता अखिलेश यादव और आरजेडी नेता तेजस्वी यादव समेत कई गैर-कांग्रेसी नेताओं ने भी कांग्रेस के रवैये पर आपत्ति जताई थी।
'राहुल का रवैया गठबंधन को कमजोर करता है'
विजयन ने कहा कि मौजूदा राजनीतिक स्थिति के लिए कांग्रेस और खासकर राहुल गांधी का रवैया जिम्मेदार है। उनके मुताबिक राहुल गांधी का व्यवहार विपक्षी एकता को मजबूत करने में मदद नहीं करता, बल्कि इससे गठबंधन कमजोर होता है।
'भाजपा को मिलता है फायदा'
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि वह पहले भी यह बात कह चुके हैं कि राहुल गांधी के कुछ कदमों का फायदा भाजपा को मिलता है। विजयन का आरोप है कि राहुल गांधी अनजाने में ऐसे कदम उठाते हैं, जो भाजपा के हितों को आगे बढ़ाने का काम करते हैं।
विजयन के इस बयान के बाद विपक्षी दलों के बीच एकता और इंडी गठबंधन की रणनीति को लेकर बहस तेज हो सकती है। उनके बयान को विपक्षी राजनीति में बढ़ते मतभेदों के संकेत के तौर पर भी देखा जा रहा है।











