पंजाब की राजनीति में नया बवाल!CM भगवंत मान के बहिष्कार के पोस्टर्स लगे, अकाल तख्त के आदेश का हवाला

पंजाब में मुख्यमंत्री भगवंत मान को लेकर नया विवाद खड़ा हो गया है। राज्य के कई इलाकों में उनके सामाजिक बहिष्कार के पोस्टर लगाए गए हैं। इन पोस्टरों में सिख समुदाय से मुख्यमंत्री भगवंत मान का सामाजिक बहिष्कार करने की अपील की गई है और इसके लिए श्री अकाल तख्त साहिब के आदेश का हवाला दिया गया है।
कई जिलों में लगाए गए पोस्टर
जानकारी के मुताबिक बठिंडा के तलवंडी साबो, पटियाला के नाभा, मोगा समेत कई अन्य स्थानों पर बुधवार को ये पोस्टर लगाए गए। बताया जा रहा है कि शिरोमणि अकाली दल के कार्यकर्ता इस अभियान को चला रहे हैं।
SGPC ने प्रचार के लिए की बैठक
इससे पहले शिरोमणि गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी (SGPC) ने अमृतसर में ढाढी जत्थों, कविश्रों और विभिन्न धार्मिक संगठनों की बैठक बुलाई थी। बैठक में अकाल तख्त के फैसले को अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने पर चर्चा की गई।
मेरे खिलाफ साजिश रची जा रही है : भगवंत मान
इस पूरे विवाद के केंद्र में एक कथित वीडियो है, जिसे लेकर विवाद लगातार बढ़ रहा है। अकाल तख्त ने वीडियो को सही बताया है, जबकि मुख्यमंत्री भगवंत मान ने इससे साफ इनकार किया है।
बुधवार को जारी एक वीडियो संदेश में भगवंत मान ने कहा कि वायरल वीडियो फर्जी है और उनके राजनीतिक विरोधी उनके खिलाफ साजिश रच रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि वीडियो में दिखाई देने वाला व्यक्ति वह नहीं हैं।
हरियाणा पुलिस ने दो लोगों को किया गिरफ्तार
विवाद के बीच हरियाणा पुलिस ने दो लोगों को गिरफ्तार किया है। उन पर आरोप है कि उन्होंने इस मामले से जुड़ी कथित फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार की थी। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कांग्रेस ने मांगा मुख्यमंत्री का इस्तीफा
इस मुद्दे पर विपक्ष लगातार आम आदमी पार्टी सरकार को घेर रहा है। कांग्रेस ने मुख्यमंत्री भगवंत मान से इस्तीफे की मांग की है। पार्टी का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।
बीजेपी ने साझा किया होटल का CCTV फुटेज
बीजेपी ने गुरुग्राम के एक होटल का कथित CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर साझा किया है। पार्टी का दावा है कि 16 जून को पंजाब पुलिस के कुछ अधिकारी गुरुग्राम पहुंचे थे और एक फॉरेंसिक लैब से जुड़े लोगों से मुलाकात की थी। बीजेपी का आरोप है कि इस मुलाकात का संबंध कथित फर्जी फॉरेंसिक रिपोर्ट तैयार कराने से था। वहीं पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।
मामले को लेकर सियासी घमासान जारी
कथित वीडियो, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अकाल तख्त के फैसले को लेकर पंजाब की राजनीति में घमासान मचा हुआ है। एक तरफ विपक्ष मुख्यमंत्री भगवंत मान पर सवाल उठा रहा है, तो दूसरी ओर मुख्यमंत्री इन आरोपों को राजनीतिक साजिश बता रहे हैं। फिलहाल मामले की जांच जारी है और राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है।











