पुणे के टिंबर मार्केट में भीषण आग, 50 से 60 दुकानें जलकर खाक; 27 दमकल गाड़ियों ने पाया काबू

महाराष्ट्र के पुणे में मंगलवार देर रात लकड़ी के बाजार में भीषण आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि 50 से 60 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की 27 गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। दमकलकर्मियों ने समय रहते आग को पास की रिहायशी कॉलोनी तक फैलने से रोक लिया। फिलहाल इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
रात करीब 2 बजे लगी आग, बाजार में मची अफरा-तफरी
जानकारी के मुताबिक, घटना मंगलवार रात करीब 2 बजे पुणे के टिंबर मार्केट में हुई। यहां लकड़ी का सामान बेचने वाली कई दुकानें हैं। बाजार शहर के घनी आबादी वाले इलाकों में शामिल है। लकड़ी का सामान होने के कारण आग तेजी से फैल गई और देखते ही देखते 50 से 60 दुकानें इसकी चपेट में आ गईं।
27 दमकल गाड़ियों ने दो घंटे तक चलाया अभियान
आग की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंच गईं। दमकलकर्मियों ने चारों तरफ से पानी की बौछार कर आग बुझाने का अभियान शुरू किया। मौके पर 27 दमकल गाड़ियों की मदद ली गई। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग पास की रिहायशी कॉलोनी तक पहुंच सकती थी, लेकिन दमकलकर्मियों ने समय रहते स्थिति संभाल ली। इससे आसपास के घरों को आग की चपेट में आने से बचा लिया गया।
दोबारा आग भड़कने से रोकने के लिए कूलिंग जारी
आग बुझने के बाद मौके पर कूलिंग का काम किया जा रहा है। इसके तहत आग से गर्म हुई जगहों को ठंडा किया जाता है, ताकि दोबारा आग भड़कने का खतरा न रहे। फिलहाल आग लगने की सही वजह सामने नहीं आई है। दमकल विभाग इसकी जानकारी जुटा रहा है। आग से कितनी संपत्ति का नुकसान हुआ है, इसका आकलन भी किया जा रहा है।




















