Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

फाइनल में पाकिस्तान चित! भारत ने जीता गोल्ड,19 रन से दर्ज की शानदार जीत

भारत ने एशियन गेम्स क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया। भारत ने 211 रन बनाए, जिसमें अभिषेक शर्मा के 68 और तिलक वर्मा के 51 रन शामिल रहे। पाकिस्तान के हसन नवाज ने 96 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 19 रन दूर रह गई। भारत का यह 19वां गोल्ड मेडल है।
फाइनल में पाकिस्तान चित! भारत ने जीता गोल्ड,19 रन से दर्ज की शानदार जीत
भारत ने एशियन गेम्स क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल जीत लिया।

भारत ने एशियन गेम्स के क्रिकेट फाइनल में पाकिस्तान को 19 रन से हराकर गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया है। भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पाकिस्तान को सिल्वर मेडल तक सीमित कर दिया। इस जीत के साथ एशियन गेम्स में भारत के गोल्ड मेडल की संख्या 19 हो गई है। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 211 रन बनाए थे। जवाब में पाकिस्तान की टीम 192 रन ही बना सकी। पाकिस्तान की तरफ से हसन नवाज ने शानदार 96 रन बनाए और आखिरी ओवर तक मुकाबले को रोमांचक बनाए रखा, लेकिन उनकी पारी टीम को जीत नहीं दिला सकी।

अभिषेक और तिलक ने मचाया धमाल

भारत की ओर से पहले बल्लेबाजी करते हुए अभिषेक शर्मा ने शानदार 68 रन बनाए। उन्होंने शुरुआत से ही पाकिस्तान के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। इसके बाद तिलक वर्मा ने भी तेजी से रन बनाए और 51 रन की तूफानी पारी खेली। दोनों बल्लेबाजों की शानदार पारियों की बदौलत भारत ने 211 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। पाकिस्तान को जीत के लिए 212 रन का लक्ष्य मिला था। लक्ष्य बड़ा था, लेकिन मैच के बीच में पाकिस्तान ने जोरदार वापसी करते हुए भारतीय टीम की चिंता बढ़ा दी।

39 रन पर गिरे थे 3 विकेट

212 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम ने सिर्फ 39 रन के स्कोर पर 3 विकेट गंवा दिए थे। उस समय ऐसा लग रहा था कि भारतीय टीम आसानी से मुकाबला अपने नाम कर लेगी। लेकिन इसके बाद हसन नवाज और सैम अयूब ने मिलकर पारी संभाल ली। दोनों ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 87 रन की साझेदारी की। इस साझेदारी ने भारतीय टीम और स्टेडियम में मौजूद फैंस की धड़कनें बढ़ा दीं।

हसन नवाज ने बढ़ाई टीम इंडिया की टेंशन

हसन नवाज एक छोर पर लगातार बड़े शॉट लगाते रहे। उनकी बल्लेबाजी की वजह से पाकिस्तान मैच में वापस आ गया। कुछ समय के लिए ऐसा लगने लगा था कि पाकिस्तान भारत से यह मुकाबला छीन सकता है। सैम अयूब के आउट होने के बाद भी हसन नवाज ने हार नहीं मानी। उन्होंने आखिरी ओवर तक बल्लेबाजी की और 96 रन की शानदार पारी खेली। हालांकि, उन्हें दूसरे छोर से पर्याप्त साथ नहीं मिल सका और पाकिस्तान लक्ष्य से 19 रन दूर रह गया।

शिवम दुबे ने दिलाई भारत को बड़ी राहत

मैच का अहम मोड़ 15वां ओवर रहा। शिवम दुबे ने सैम अयूब को आउट कर भारत को बड़ी सफलता दिलाई। इस विकेट के बाद पाकिस्तान की रन बनाने की रफ्तार धीमी पड़ने लगी। सैम अयूब और हसन नवाज की साझेदारी टूटते ही पाकिस्तान पर दबाव बढ़ गया। भारतीय गेंदबाजों ने इसके बाद लगातार अच्छी गेंदबाजी की और पाकिस्तान को लक्ष्य तक नहीं पहुंचने दिया।

ये भी पढ़ें: 17 की उम्र में जीता गोल्ड! शूट-ऑफ में चला कुमकुम का तीर, दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को दी मात, रिकर्व में पहली बार भारत को गोल्ड

बुमराह का 19वां ओवर रहा अहम

मुकाबले में जसप्रीत बुमराह का 19वां ओवर भी काफी अहम रहा। इस ओवर में उन्होंने 11 रन दिए, लेकिन पाकिस्तान को जिस तेजी से रन चाहिए थे, वह दबाव बरकरार रहा। आखिरी ओवरों में भारतीय गेंदबाजों ने संयम बनाए रखा और पाकिस्तान की वापसी की उम्मीदों को खत्म कर दिया। आखिरकार भारत ने मुकाबला 19 रन से जीत लिया और गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

महिलाओं के बाद पुरुष टीम ने भी जीता गोल्ड

एशियन गेम्स में भारत के लिए क्रिकेट में यह दोहरी खुशी है। इससे पहले भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने फाइनल में श्रीलंका को हराकर गोल्ड मेडल जीता था। अब पुरुष टीम ने पाकिस्तान को हराकर स्वर्ण पदक अपने नाम किया है। यानी क्रिकेट के दोनों गोल्ड मेडल भारत की झोली में आए हैं। इस जीत के साथ भारत के एशियन गेम्स में 19 गोल्ड और कुल 81 मेडल हो गए हैं। पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में मिली यह जीत भारतीय क्रिकेट टीम के लिए एक और यादगार मुकाबला बन गई।

Dolly Wasvani
By Dolly Wasvani

डोली वासवानी | People’s Institute of Media Studies से BAMC Student। पत्रकारिता की दुनिया में नई शुरु...Read More

Latest Posts