दिल्ली में इंसानियत शर्मसार :महरौली में 11 साल की बच्ची से दरिंदगी, दुष्कर्म के बाद हत्या; 6 घंटे में आरोपी गिरफ्तार

दिल्ली के महरौली इलाके से एक बेहद दर्दनाक और दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। छतरपुर एक्सटेंशन में 11 वर्षीय बच्ची का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में उसकी हत्या कर दी गई। इस घटना से इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है।
फुटपाथ पर सो रही बच्ची का किया अपहरण
पुलिस के अनुसार, सोमवार (22 जून) सुबह करीब 5 बजे बच्ची अपने परिवार के साथ फुटपाथ पर सो रही थी। इसी दौरान एक कैब ड्राइवर ने उसका अपहरण कर लिया। परिवार को जब बच्ची नहीं मिली तो पुलिस को सूचना दी गई।
दुष्कर्म के बाद की हत्या
जांच में सामने आया है कि आरोपी बच्ची को अपने साथ ले गया, जहां उसने उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद आरोपी ने बच्ची की हत्या कर दी। इस जघन्य वारदात ने लोगों को झकझोर कर रख दिया है।
जंगल में फेंका शव
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने बच्ची के शव को फरीदाबाद-गुरुग्राम रोड के पास जंगल में फेंक दिया था। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने शव बरामद कर लिया।
6 घंटे के भीतर आरोपी गिरफ्तार
दिल्ली पुलिस ने मामले में तेजी से कार्रवाई करते हुए घटना के महज 6 घंटे के भीतर मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस का कहना है कि आरोपी एक कैब ड्राइवर है और उससे लगातार पूछताछ की जा रही है।
मासूम बच्ची के साथ हुई इस दर्दनाक घटना के बाद स्थानीय लोगों में भारी गुस्सा है। वहीं, परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस का कहना है कि मामले की गहन जांच की जा रही है और आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।











