National Dengue Day : जानें डेंगू के लक्षण, बचाव के लिए कर लें ये काम, हर साल 400 मिलियन लोग होते हैं संक्रमित

जान लें इसके लक्षण
डेंगू का वायरस मच्छर के काटने के 4 से 7 दिनों के भीतर शरीर में असर दिखाता है। तेज बुखार, सिरदर्द, मांसपेशियों और जोड़ों में दर्द, आंखों के पीछे दर्द, त्वचा पर चकत्ते और कमजोरी इसके आम लक्षण हैं। यदि समय रहते इलाज न हो तो प्लेटलेट्स की संख्या तेजी से घट सकती है, जिससे मरीज को खून बहने जैसी गंभीर स्थिति का सामना करना पड़ सकता है।
हर साल 400 मिलियन लोग प्रभावित
क्लीवलैंड क्लीनिक की रिपोर्ट के अनुसार, हर साल दुनियाभर में लगभग 400 मिलियन लोग डेंगू से संक्रमित होते हैं, हालांकि इनमें से अधिकांश को लक्षण नहीं दिखते। ऐसे में सतर्कता और शुरुआती लक्षणों को पहचानकर तुरंत चिकित्सा सहायता लेना बेहद जरूरी है।
डेंगू से बचाव है जरूरी
डेंगू का मच्छर दिन के समय काटता है और साफ पानी में पनपता है, जैसे कि कूलर, टंकी, फूलदान, बाल्टी आदि। इससे बचाव के लिए कुछ महत्वपूर्ण उपाय अपनाना जरूरी हैं:
- घर और आसपास पानी जमा न होने दें
- कूलर, गमले, टंकी और अन्य बर्तनों को सप्ताह में एक बार साफ करें
- पूरी आस्तीन के कपड़े पहनें और मच्छरदानी का इस्तेमाल करें
- मच्छर भगाने वाली क्रीम, कॉइल और इलेक्ट्रिक वेपराइज़र का प्रयोग करें
- खिड़कियों पर जाली लगवाएं ताकि मच्छर घर में न घुसे
डेंगू हो जाए तो क्या करें?
यदि किसी को डेंगू हो जाए, तो उसे ज्यादा से ज्यादा तरल पदार्थ देने चाहिए, जैसे कि नारियल पानी, नींबू पानी, जूस, सूप आदि। पैरासिटामॉल से बुखार और दर्द में राहत मिल सकती है, लेकिन कोई भी दवा डॉक्टर की सलाह के बिना न लें। कुछ घरेलू उपाय जैसे पपीते के पत्तों का रस और गिलोय का काढ़ा लोग उपयोग में लाते हैं, लेकिन इनके प्रभाव को लेकर वैज्ञानिक प्रमाण नहीं हैं, इसलिए इनका उपयोग भी डॉक्टर की सलाह से ही करें।
बच्चों और बुजुर्गों का रखें विशेष ध्यान
डेंगू छोटे बच्चों और बुजुर्गों में गंभीर रूप ले सकता है, इसलिए उनकी अतिरिक्त देखभाल और सुरक्षा जरूरी है। यदि बुखार के साथ शरीर पर चकत्ते, लगातार कमजोरी या प्लेटलेट्स में गिरावट दिखे, तो तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।
ये भी पढ़ें- शिवपुरी : चलती बाइक में लगी आग, युवक ने कूदकर बचाई जान, गर्मी को माना जा रहा कारण





















