एक iPhone की जिद... मां की आखिरी पुकार भी नहीं रोक पाई बेटे को, उजड़ गया पूरा परिवार

महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर के तिसगांव इलाके में हुए दर्दनाक परिवार मौत मामले में शनिवार को एक नया वीडियो सामने आया है। वीडियो में मां अपने बेटे कुणाल को रोकने के लिए हर संभव कोशिश करती दिखाई दे रही है। वह उसे वापस घर चलने के लिए कहती है और भावुक होकर बार-बार रुकने की अपील करती है। बताया जा रहा है कि कुणाल अपने माता-पिता से iPhone को लेकर हुए विवाद के बाद परेशान होकर खवड्या पहाड़ की ओर चला गया था। उसे समझाने के लिए उसके माता-पिता भी वहां पहुंचे थे। कुछ घंटों के भीतर हुई इस घटना में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई।
बेटे को रोकने के लिए मां करती रही मिन्नत
सामने आए वीडियो में कुणाल पहाड़ पर खड़ा नजर आ रहा है। उसकी मां संगीता उसे लगातार समझाती दिखाई देती हैं। वह रोते हुए बेटे से वापस आने की अपील करती हैं। मां उसे समझाती हैं कि वह ऐसा कदम न उठाए और घर वापस लौट आए। वह बेटे के सामने हाथ जोड़कर भी उसे रोकने की कोशिश करती हैं। आसपास मौजूद लोग भी कुणाल को समझाने में जुटे थे। लेकिन कुणाल उस समय किसी की बात सुनने को तैयार नहीं था।
करीब तीन घंटे तक समझाने की कोशिश
पुलिस के मुताबिक, घटना की शुरुआत शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे हुई। कुणाल की अपने माता-पिता से iPhone दिलाने को लेकर कहासुनी हुई थी। इसके बाद वह परेशान होकर खवड्या पहाड़ की ओर चला गया। जब माता-पिता को इसकी जानकारी मिली तो वे भी उसे समझाने के लिए वहां पहुंच गए। आसपास के गांव के लोग और सरपंच भी मौके पर आ गए। सभी ने मिलकर कुणाल को वापस आने के लिए समझाने की कोशिश की। हालात को देखते हुए पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंच गई। करीब तीन घंटे तक कुणाल को सुरक्षित नीचे लाने और समझाने की कोशिश चलती रही।
बेटे को बचाने पहुंचे पिता
दोपहर करीब 1 बजे कुणाल के पिता मुरलीधर भी उसके पास पहुंचे। उन्होंने बेटे को समझाने के साथ उसे सुरक्षित वापस लाने की कोशिश की। इसी दौरान स्थिति बिगड़ गई और कुणाल ने अपनी जान गंवा दी। उसे बचाने की कोशिश में पिता भी हादसे का शिकार हो गए।
ये भी पढ़ें: जयपुर में NTA सेंटर पर बिजली गुल, आयुष पीजी एंट्रेंस परीक्षा प्रभावित; छात्रों का हंगामा
बेटे और पति को खोने के बाद मां भी नहीं बच सकीं
मां संगीता ने अपनी आंखों के सामने पति और बेटे को खो दिया। पुलिस के मुताबिक, इस सदमे के बाद उन्होंने भी अपनी जान गंवा दी। कुछ ही समय में परिवार के तीनों सदस्यों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर मौजूद गांव के लोगों, पुलिस और फायर ब्रिगेड कर्मचारियों में भी मातम छा गया।
iPhone को लेकर शुरू हुआ था विवाद
वालुज पुलिस इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के मुताबिक, शुरुआती जानकारी में iPhone को लेकर माता-पिता और बेटे के बीच विवाद की बात सामने आई है। बताया गया है कि कुणाल iPhone की मांग कर रहा था। इसी बात को लेकर शुक्रवार सुबह घर में कहासुनी हुई, जिसके बाद वह घर से निकल गया। हालांकि पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना के दौरान मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटाई जा रही है।
ये भी पढ़ें: रायसेन: वॉलीबॉल प्रतियोगिता में बेरशेवा के 11 खिलाड़ी दिखाएंगे दम, बाड़ी ब्लॉक का करेंगे प्रतिनिधित्व
तीनों की हुई मौत, पुलिस जांच में जुटी
मृतकों की पहचान 48 वर्षीय मुरलीधर चांदगुडे, उनकी पत्नी संगीता चांदगुडे और 19 वर्षीय कुणाल चांदगुडे के रूप में हुई है। परिवार शहर के झाल्टा फाटा इलाके का रहने वाला बताया गया है। पुलिस ने तीनों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर रामेश्वर गाड़े के नेतृत्व में मामले की जांच जारी है। एक मोबाइल फोन को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते ऐसी त्रासदी में बदल गया, जिसमें बेटे को बचाने पहुंचे माता-पिता की भी जान चली गई। कुछ ही घंटों में एक पूरा परिवार उजड़ गया।




















