IIT दिल्ली में M.Sc छात्र की मौत, लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से गिरा

दिल्ली के IIT कैंपस में शनिवार सुबह M.Sc फिजिक्स के 31 वर्षीय छात्र की मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक छात्र लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स की छठी मंजिल से नीचे गिरा था। घटना की सूचना सुबह करीब 8:33 बजे पुलिस कंट्रोल रूम के जरिए किशनगढ़ थाना पुलिस को मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंची और छात्र को IIT दिल्ली कैंपस स्थित अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह करीब 8 बजे कैंपस में दाखिल हुआ था छात्र
शुरुआती जांच के अनुसार, छात्र सुबह करीब 8 बजे IIT दिल्ली के मुख्य गेट से कैंपस में दाखिल हुआ था। इसके बाद वह लेक्चर हॉल कॉम्प्लेक्स पहुंचा और लिफ्ट के जरिए छठी मंजिल पर गया। कुछ देर बाद वह इमारत से नीचे गिर गया। घटना की जानकारी मिलते ही कैंपस में हड़कंप मच गया और पुलिस को सूचना दी गई।
क्राइम टीम और FSL ने मौके से जुटाए सबूत
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने क्राइम टीम और FSL को घटनास्थल पर बुलाया। दोनों टीमों ने मौके का निरीक्षण किया और जरूरी साक्ष्य जुटाए। पुलिस की शुरुआती जांच में फिलहाल गिरने से लगी चोटों के अलावा किसी अन्य तरह की चोट के निशान सामने नहीं आए हैं।
ये भी पढ़ें: बेंगलुरु में कार से निकला 9 करोड़ का कैश, 500-500 के नोटों से भरा था सूटकेस; दो युवक हिरासत में
मौके से नहीं मिला कोई सुसाइड नोट
पुलिस को घटनास्थल से अभी तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। छात्र की जेब से मोबाइल फोन बरामद किया गया है। पुलिस मोबाइल की जांच कर रही है और कानूनी प्रक्रिया के तहत उसमें मौजूद डेटा और दूसरी जानकारी को खंगाला जाएगा। जांच के जरिए यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि घटना से पहले छात्र की किन लोगों से बातचीत हुई थी और हाल के दिनों में उसके जीवन में क्या घटनाक्रम चल रहे थे।
काउंसलिंग रिकॉर्ड की भी जांच
पुलिस IIT प्रशासन से छात्र से जुड़े काउंसलिंग रिकॉर्ड और दूसरी जरूरी जानकारी भी हासिल कर रही है। इन रिकॉर्ड्स के अलावा पुलिस अन्य उपलब्ध तथ्यों की भी जांच कर रही है। फिलहाल छात्र की मौत के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं है।
ये भी पढ़ें: Raipur: PRA ग्रुप के हीरा कारोबारी पर फायरिंग मामले में बड़ा फैसला,अमन साहू समेत सभी 7 आरोपी हुए दोषमुक्त
पोस्टमार्टम के बाद आगे की जांच
पुलिस के अनुसार अभी तक जांच में किसी दूसरे व्यक्ति की भूमिका सामने नहीं आई है। हालांकि, मामले से जुड़े सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम और अन्य कानूनी प्रक्रियाएं पूरी होने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।





















