Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

BJP की नई टीम की पहली बैठक में बड़ा प्रस्ताव, Gen-Z से सीधे संवाद का भी प्लान, वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर निशाना

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक में ‘वंदे मातरम’ को लेकर 10 बिंदुओं वाला प्रस्ताव पारित किया गया। पार्टी ने कांग्रेस के फैसले पर सवाल उठाते हुए राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक विरासत और सम्मान की रक्षा का संकल्प जताया।
Follow on Google News
BJP की नई टीम की पहली बैठक में बड़ा प्रस्ताव, Gen-Z से सीधे संवाद का भी प्लान, वंदे मातरम को लेकर कांग्रेस पर निशाना
भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम की पहली बैठक

भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की नई टीम की पहली बैठक शनिवार, 22 अगस्त 2026 को दिल्ली स्थित भाजपा मुख्यालय में हुई। 65 सदस्यीय राष्ट्रीय टीम की इस पहली बैठक में कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई। बैठक में सबसे ज्यादा जोर ‘वंदे मातरम’ को लेकर पार्टी की रणनीति और युवा पीढ़ी से सीधे जुड़ने की योजना पर रहा। बैठक में भाजपा ने ‘वंदे मातरम’ को लेकर 10 बिंदुओं वाला प्रस्ताव पारित किया। पार्टी ने कांग्रेस वर्किंग कमेटी के उस फैसले का विरोध किया, जिसमें कांग्रेस के कार्यक्रमों में राष्ट्रगीत के केवल शुरुआती दो छंद गाने की बात कही गई थी। भाजपा का कहना है कि ‘वंदे मातरम’ केवल एक गीत नहीं, बल्कि भारत के स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय चेतना और देशभक्ति से जुड़ी ऐतिहासिक विरासत है।

X Post
X Post

‘वंदे मातरम’ पर BJP ने क्या कहा?

भाजपा ने अपने प्रस्ताव में कहा कि पार्टी पूरे ‘वंदे मातरम’ के सम्मान, गरिमा और ऐतिहासिक विरासत की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। पार्टी का कहना है कि राष्ट्रगीत को राजनीतिक सुविधा, सांप्रदायिक दबाव या वोट-बैंक की राजनीति का हिस्सा नहीं बनाया जाना चाहिए। भाजपा ने कांग्रेस के 19 अगस्त 2026 के फैसले की आलोचना करते हुए कहा कि किसी राजनीतिक दल की कार्यसमिति का फैसला संविधान और संसद के कानूनों से ऊपर नहीं हो सकता। पार्टी ने यह भी कहा कि ‘वंदे मातरम’ भारत की राष्ट्रीय चेतना का महत्वपूर्ण प्रतीक है और स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान इस गीत ने लोगों में देशभक्ति और संघर्ष की भावना जगाने का काम किया था।

कांग्रेस के फैसले पर BJP का विरोध

बैठक में भाजपा ने कांग्रेस के उस फैसले पर आपत्ति जताई, जिसमें पार्टी के कार्यक्रमों में ‘वंदे मातरम’ के शुरुआती दो छंदों तक ही सीमित रखने की बात कही गई थी। भाजपा का आरोप है कि राष्ट्रगीत को सीमित करने का फैसला राजनीतिक तुष्टीकरण की सोच से जुड़ा हुआ है। पार्टी ने कहा कि वह राष्ट्रगीत के सम्मान से किसी भी तरह का समझौता स्वीकार नहीं करेगी। भाजपा ने यह भी कहा कि ‘वंदे मातरम’ के इतिहास को सही संदर्भ में नई पीढ़ी तक पहुंचाना जरूरी है, ताकि युवाओं को स्वतंत्रता संग्राम में इसकी भूमिका के बारे में जानकारी मिल सके।

क्या UP में बदलेगा सियासी गेम? अखिलेश के PDA की काट के लिए बीजेपी ने बिछाया नया जाल

देशभर में चलेगा ‘वंदे मातरम’ जागरूकता अभियान

बैठक में पार्टी ने तय किया कि ‘वंदे मातरम’ के इतिहास, अर्थ और राष्ट्रीय महत्व को देश के अलग-अलग हिस्सों तक पहुंचाने के लिए अभियान चलाया जाएगा। भाजपा कार्यकर्ताओं के माध्यम से लोगों को राष्ट्रगीत की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि और स्वतंत्रता आंदोलन से इसके संबंध के बारे में बताया जाएगा। पार्टी का कहना है कि युवा पीढ़ी को भी इस अभियान से जोड़ा जाएगा, ताकि आने वाली पीढ़ियां देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय चेतना से जुड़े इस अध्याय को समझ सकें।

Gen-Z के लिए BJP का ‘युवा संवाद’ 

बैठक में भाजपा ने युवा मतदाताओं से सीधे जुड़ने की योजना पर भी चर्चा की। पार्टी 14 से 25 साल के युवाओं तक पहुंचने के लिए ‘युवा संवाद’ नाम से आउटरीच कार्यक्रम शुरू करेगी। इस अभियान के जरिए भाजपा युवाओं की सोच, जरूरतों, समस्याओं और भविष्य से जुड़े मुद्दों को समझने की कोशिश करेगी। पार्टी नेताओं और युवा वर्ग के बीच सीधे संवाद पर जोर दिया जाएगा। इस पहल में भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन के साथ स्मृति ईरानी, विनोद तावड़े, गुजरात के डिप्टी सीएम हर्ष सांघवी और छत्तीसगढ़ के मंत्री ओपी चौधरी समेत कई नेताओं की भूमिका बताई गई है।

‘Modi@25’ अभियान पर भी चर्चा

बैठक में भाजपा के देशव्यापी ‘Modi@25’ अभियान पर भी चर्चा हुई। यह अभियान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में 25 साल पूरे होने के अवसर पर चलाया जा रहा है। पार्टी इस अभियान के जरिए प्रधानमंत्री मोदी के लंबे सार्वजनिक और राजनीतिक सफर को लोगों तक पहुंचाने की तैयारी कर रही है।

BJP की नई टीम में MP-छत्तीसगढ़ का दबदबा, कई नेताओं को मिली बड़ी जिम्मेदारी

17 अगस्त को घोषित हुई थी नई टीम

भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने 17 अगस्त को अपनी नई राष्ट्रीय टीम की घोषणा की थी। करीब 209 दिन बाद घोषित की गई इस टीम में कुल 65 सदस्य हैं। इनमें 51 नए चेहरे शामिल किए गए हैं, जबकि 14 नेताओं को दोबारा जिम्मेदारी मिली है। नई टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष और 8 राष्ट्रीय महासचिव शामिल हैं। टीम में महिलाओं को भी प्रतिनिधित्व दिया गया है। उपलब्ध जानकारी के मुताबिक, 12 महिला सदस्य यानी करीब 18 फीसदी महिलाएं नई टीम का हिस्सा हैं।

चुनावी राज्यों के नेताओं को भी जगह

भाजपा की नई टीम में अगले साल विधानसभा चुनाव वाले चार राज्यों के 18 नेताओं को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया है। इनमें उत्तर प्रदेश से 8, उत्तराखंड से 4, गुजरात से 4 और पंजाब से 2 नेता शामिल हैं। पार्टी ने क्षेत्रीय और चुनावी समीकरणों को ध्यान में रखते हुए अलग-अलग राज्यों के नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में जिम्मेदारी दी है।

स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी

नई टीम में स्मृति ईरानी और राम माधव की वापसी भी चर्चा में रही। इसके अलावा वसुंधरा राजे, बैजयंत पांडा और तीरथ सिंह रावत जैसे अनुभवी नेताओं को भी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां मिली हैं। पीयूष गोयल को राष्ट्रीय कोषाध्यक्ष और बीएल संतोष को संगठन महामंत्री की जिम्मेदारी पर बरकरार रखा गया है। वहीं, भाजपा के आईटी सेल की जिम्मेदारी अमित मालवीय की जगह दीपक म्हास्के को दी गई है।

सबसे वरिष्ठ से सबसे युवा सदस्य तक

नई टीम में उम्र के लिहाज से भी खास विविधता देखने को मिली है। 73 वर्षीय वसुंधरा राजे को टीम की सबसे वरिष्ठ सदस्यों में बताया गया है, जबकि 35 वर्षीय डॉ. हेमांग जोशी सबसे युवा सदस्यों में हैं। इस तरह भाजपा ने अपनी नई टीम में अनुभवी नेताओं के साथ नए चेहरों को भी जगह दी है।

नितिन नवीन की नई टीम का ऐलान, स्मृति ईरानी को मिली बड़ी जिम्मेदारी, उपाध्यक्ष लाल सिंह आर्य, गजेंद्र पटेल की एंट्री

PM मोदी से भी मुलाकात करेगी नई टीम

भाजपा की नई टीम की पहली बैठक के बाद शनिवार शाम 7 बजे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ भी मुलाकात का कार्यक्रम रखा गया था। इस दौरान पार्टी की नई टीम, संगठन की प्राथमिकताओं और आने वाले अभियानों पर चर्चा होने की संभावना है।

Garima Vishwakarma
By Garima Vishwakarma

गरिमा विश्वकर्मा | People’s Institute of Media Studies से B.Sc. Electronic Media की डिग्री | पत्रकार...Read More

Latest Posts