BRICS Summit Day 2: आज 7 देशों के नेताओं से मिलेंगे PM मोदी, जानें पूरा शेड्यूल

18वें BRICS सम्मेलन का आज दूसरा और आखिरी दिन है। भारत मंडपम में एक बार फिर BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता जुटेंगे। सम्मेलन के अंतिम दिन कई अहम मुद्दों पर चर्चा होगी। इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें करेंगे।
सुबह से शुरू होगा नेताओं का आगमन
सुबह करीब 9:55 बजे BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के नेता और मंत्री भारत मंडपम पहुंचना शुरू करेंगे। इसके बाद सुबह 10 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। विदेशी मेहमानों के स्वागत के लिए भारत मंडपम को खास तरीके से तैयार किया गया है। सुरक्षा के भी कड़े इंतजाम किए गए हैं।
ग्लोबल ग्रोथ पर होगी चर्चा
सुबह 10:50 बजे सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा। इसमें रेजिलिएंस, इनोवेशन, सहयोग और सस्टेनेबिलिटी के जरिए समावेशी वैश्विक विकास के भविष्य पर चर्चा होगी। इस दौरान दुनिया के सामने मौजूद आर्थिक और विकास से जुड़े मुद्दों पर देशों का रुख सामने आ सकता है।
ये भी पढ़ें: सागर शराब कांड में एक्शन! 30 हजार के इनामी शिवांजय को पुलिस ने पैर में गोली लगने के बाद पकड़ा
PM मोदी की 7 अहम बैठकें
सम्मेलन के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कई देशों के नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठक करेंगे। दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम जोमार्ट तोकायेव से उनकी मुलाकात होगी। इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर और 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी के साथ बैठक होगी। शाम 4:10 बजे पीएम मोदी दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति मातामेला सिरिल रामाफोसा से मिलेंगे। इसके बाद 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये के साथ बैठक होगी। शाम 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ पीएम मोदी की बैठक तय है।
पहले दिन साझा हुआ BRICS घोषणापत्र
सम्मेलन के पहले दिन BRICS देशों ने संयुक्त घोषणापत्र पर सहमति जताई। करीब 45 पन्नों के इस दस्तावेज में 140 बिंदु हैं। इसमें आतंकवाद, वैश्विक व्यापार, पश्चिम एशिया, ऊर्जा, वित्त और संयुक्त राष्ट्र में सुधार जैसे कई अहम मुद्दे शामिल हैं। घोषणापत्र में आतंकवाद के सभी रूपों और तरीकों की कड़ी निंदा की गई है। BRICS देशों ने सीमा पार आतंकवाद, आतंकवाद की फंडिंग और आतंकियों को सुरक्षित पनाह मिलने जैसी चुनौतियों से निपटने की प्रतिबद्धता दोहराई है। अब सम्मेलन के आखिरी दिन होने वाली चर्चाओं और पीएम मोदी की द्विपक्षीय बैठकों पर सभी की नजरें रहेंगी।




















