'बाथरूम में बम है...' नासिक के कैम्ब्रिज हाई स्कूल को मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस

'बाथरूम में बम है...' नासिक के कैम्ब्रिज हाई स्कूल को मिली धमकी, जांच में जुटी पुलिस
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नासिक। महाराष्ट्र के नासिक जिले में स्थित कैम्ब्रिज हाई स्कूल को मंगलवार तड़के ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी दी गई। जैसे ही यह जानकारी सामने आई, स्कूल और इलाके में दहशत फैल गई। पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बम निरोधक दस्ते को मौके पर बुलाया और पूरे परिसर की गहन जांच कराई। हालांकि, जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई और मामला फर्जी निकला।

    आधी रात को मिला धमकी भरा ईमेल

    इंदिरानगर पुलिस स्टेशन को मंगलवार तड़के लगभग 2:45 बजे एक ईमेल प्राप्त हुआ। इस मेल में दावा किया गया था कि वडा पथरी रोड पर स्थित कैम्ब्रिज हाई स्कूल के बाथरूम में बम रखा गया है। मेल मिलते ही पुलिस सतर्क हो गई और सूचना स्कूल प्रशासन तक पहुंचाई गई।

    छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप

    सुबह स्कूल खुलते ही जब धमकी की जानकारी मिली, तो छात्रों और अभिभावकों में हड़कंप मच गया। प्रशासन ने सतर्कता बरतते हुए बच्चों को कक्षाओं से बाहर निकाला और उन्हें सुरक्षित स्थान पर इकट्ठा किया। कई अभिभावक घबराहट में अपने बच्चों को तुरंत घर ले गए।

    बम स्क्वॉड की कई घंटों तक चली जांच

    धमकी के बाद बम निरोधक दस्ते (बॉम्ब स्क्वॉड) और पुलिस ने पूरे स्कूल परिसर को घेरकर सर्च ऑपरेशन चलाया। बाथरूम समेत स्कूल के हर हिस्से की तलाशी ली गई। कई घंटों तक चली जांच के बाद पुलिस ने साफ किया कि यह सिर्फ एक झूठी सूचना थी।

    Twitter Post

    पुलिस का बयान- स्कूल सुरक्षित है

    इंस्पेक्टर तृप्ति सोनवणे ने जानकारी दी कि धमकी एक फेक ईमेल आईडी से भेजी गई थी। उन्होंने कहा, "मानक प्रक्रिया के तहत बम स्क्वॉड को बुलाकर पूरे परिसर की तलाशी ली गई। किसी भी तरह की संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। स्कूल पूरी तरह से सुरक्षित है और घबराने की कोई जरूरत नहीं है।"

    साइबर पुलिस कर रही जांच

    पुलिस अब यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह धमकी किसने और किस मकसद से दी। ईमेल को ट्रेस करने के लिए साइबर पुलिस को जांच सौंपी गई है। फिलहाल मामला गंभीरता से लिया जा रहा है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

    लगातार मिल रही झूठी धमकियां

    • गौरतलब है कि हाल के दिनों में देशभर के कई स्कूलों और संस्थानों को फर्जी बम धमकी के ईमेल मिल रहे हैं।
    • कुछ दिन पहले जयपुर के कई स्कूलों को भी ऐसी धमकी मिली थी।
    • बॉम्बे हाई कोर्ट और दिल्ली हाई कोर्ट को भी ईमेल से धमकाया गया था।
    • हाल ही में दिल्ली के ताज पैलेस होटल को भी बम से उड़ाने की धमकी दी गई, लेकिन वहां भी कुछ संदिग्ध नहीं मिला।
    Manisha Dhanwani
    By Manisha Dhanwani

    मनीषा धनवानी | जागरण लेकसिटी यूनिवर्सिटी से BJMC | 6 वर्षों के पत्रकारिता अनुभव में सब-एडिटर, एंकर, ...Read More

    Latest Posts