Download App
Download on the App StoreGet it on Google Play
Breaking News

नर्मदापुरम-पिपरिया हाईवे पर हादसा :ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की मौत; गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम

नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर माखननगर में ट्रक और बाइक की टक्कर में बुजुर्ग महिला की मौके पर मौत हो गई, जबकि 10 साल की बच्ची गंभीर रूप से घायल हुई है। हादसे के बाद परिजनों ने हाईवे जाम कर दिया। पुलिस ने ट्रक ड्राइवर को हिरासत में लिया है।
Follow on Google News
ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, बुजुर्ग महिला की मौत; गुस्साए लोगों ने किया चक्काजाम
AI जनरेटेड सारांश
    यह सारांश आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस द्वारा तैयार किया गया है और हमारी टीम द्वारा रिव्यू की गई है।

    नर्मदापुरम-पिपरिया स्टेट हाईवे पर माखननगर में सोमवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। सरकारी कॉलेज के सामने एक ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक पर पीछे बैठी बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई।

    हादसे के दौरान टक्कर लगते ही बाइक चला रहा युवक एक तरफ गिर गया, जबकि पीछे बैठी महिला सड़क पर गिर पड़ीं। इसी दौरान ट्रक का पिछला पहिया उनके ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

    10 साल की बच्ची गंभीर घायल

    इस हादसे में बाइक पर बैठी 10 साल की बच्ची भी गंभीर रूप से घायल हो गई। उसका पैर बुरी तरह कुचल गया। परिजन उसे तुरंत एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे भोपाल रेफर कर दिया।

    पुलिस के अनुसार, मृत महिला की पहचान कृपा बाई पति ओमकार अहिरवार के रूप में हुई है। घायल बच्ची उनकी पोती प्रियांशी अहिरवार है। हादसे में बच्ची का एक पैर गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हुआ है।

    ओवरटेक के दौरान हुआ हादसा

    जानकारी के मुताबिक, सोमवार सुबह करीब 10:45 बजे कृपा बाई बाइक से नर्मदापुरम से बज्जरवाडा की ओर जा रही थीं। उसी दिशा में ट्रक भी जा रहा था। माखननगर सरकारी कॉलेज के पास ओवरटेक करते समय ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।

    हाईवे पर चक्काजाम, लोगों में आक्रोश

    हादसे के बाद गुस्साए परिजनों और स्थानीय लोगों ने स्टेट हाईवे पर चक्काजाम कर दिया। सुबह 11:30 बजे से सड़क पर लोग बैठे हुए हैं। उनकी मांग है कि आरोपी ट्रक ड्राइवर को उनके सामने पेश किया जाए। इससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं।

    पुलिस-प्रशासन मौके पर पहुंचा

    स्थिति को संभालने के लिए माखननगर, सोहागपुर और नर्मदापुरम से पुलिस बल मौके पर पहुंचा। पुलिस ने ट्रक और उसके ड्राइवर को हिरासत में ले लिया है।

    एसडीओपी ने बताया कि ट्रक की टक्कर से बुजुर्ग महिला की मौत हुई है और एक बच्ची घायल है। ड्राइवर को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई की जा रही है। मामले की जांच जारी है।

    Shivani Gupta
    By Shivani Gupta

    शिवानी गुप्ता | MCU, भोपाल से इलेक्ट्रॉनिक मीडिया में ग्रेजुएशन | 9 वर्षों की टीवी और डिजिटल तक की य...Read More

    Latest Posts